Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    'बंगाल में परिवर्तन हो गया, अब हिंसा के अंतहीन चक्र को हमेशा के लिए खत्म करें', BJP की जीत पर बोले पीएम मोदी

    Updated: Mon, 04 May 2026 11:31 PM (IST)

    प्रधानमंत्री मोदी ने पश्चिम बंगाल में भाजपा की जीत के बाद सभी दलों से हिंसा समाप्त करने की अपील की। उन्होंने महिला आरक्षण के विरोध और विभाजनकारी राजनी ...और पढ़ें

    बंगाल-असम-पुडुचेरी में बीजेपी की जीत (फोटो-X/@BJP4India)

    बंगाल-असम-पुडुचेरी में बीजेपी की जीत (फोटो-X/@BJP4India)

    timer icon

    समय कम है?

    जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

    संक्षेप में पढ़ें

    जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली। पश्चिम बंगाल में भाजपा की प्रचंड जीत के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सभी दलों से हिंसा के अंतहीन चक्र को हमेशा के लिए खत्म करने की अपील की।

    पश्चिम बंगाल में टीएमसी, तमिलनाडु में डीएमके और केरलम में एलडीएफ की हार के लिए उनके महिला आरक्षण के विरोध को जिम्मेदार ठहराते हुए उन्होंने कहा कि आने वाले चुनावों में कांग्रेस और समाजवादी पार्टी को भी माताओं और बेटियों के आक्रोश का सामना करना पड़ेगा। साथ ही उन्होंने पूरे देश से नकारी जा चुके वामपंथियों को अपनाने को लेकर कांग्रेस को आड़े हाथों भी लिया।

    पीएम मोदी ने BJP कार्यकर्ताओं को किया संबोधित

    पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव परिणामों के बाद भाजपा मुख्यालय में पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने पश्चिम बंगाल की जनता को हिंसा मुक्त राजनीति का बड़ा संदेश दिया। उन्होंने साफ किया कि प्रचंड जीत के बावजूद भाजपा बदले की कार्रवाई के बजाय बदलाव और राज्य के विकास को तरजीह दी।

    पीएम ने तृणमूल कांग्रेस और सीपीएम का नाम लिए बगैर सभी दलों से इसमें सहयोग की अपील की। उन्होंने कहा कि किसने किसको वोट दिया है, यह देखने के बजाय सभी को मिलकर बंगाल की सेवा के लिए काम करना चाहिए।

    प्रधानमंत्री ने कहा कि पश्चिम बंगाल में भय मुक्त वातावरण मोदी की गारंटी है। उन्होंने हिंसा, डर और निर्दोष लोगों की मौत से रहित चुनाव को अहम बताते हुए कहा कि पहली बार डर नहीं, लोकतंत्र जीता है।

    2021 के विधानसभा चुनावों के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ हुई हिंसा और अत्याचार को देखते हुए प्रधानमंत्री की इस अपील को अहम माना जा रहा है।

    प्रधानमंत्री ने विपक्ष पर साधा निशाना

    प्रधानमंत्री मोदी के अनुसार जनता ने इन चुनावों में महिला विरोधी, विभाजनकारी और टकराव की राजनीति को नकार दिया है। इससे उन्होंने टीएमसी, डीएमके और सीपीएम का जिक्र किया। उनकी हार के लिए महिला आरक्षण के विरोध के साथ ही जानबूझ कर केंद्रीय योजनाओं का लाभ जनता तक नहीं पहुंचने देने को जिम्मेदार ठहराया।

    खबरें और भी

    विभाजन और विवाद के बजाय विश्वास और विकास के लिए जनता के जनादेश बताते हुए उन्होंने कहा कि भाषा, खाने-पीने की आदल और अपने ही देश के लोगों को बाहरी बताने वालों को जनता ने जवाब दिया है।

    पीएम ने कहा कि पश्चिम बंगाल में नई सरकार की पहली बैठक में ही आयुष्मान योजना को लागू करने का फैसला लिया जाएगा। इसके साथ ही उन्होंने तमिलनाडु की विजय सरकार और केरलम की यूडीएफ सरकार के सहयोग के साथ जनता के हित में काम करने का भरोसा भी दिया।

    प्रधानमंत्री मोदी ने पश्चिम बंगाल में प्रचंड जीत को डर, तुष्टिकरण, हिंसा की राजनीति को उखाड़ फेंकने के लिए जनता का हुंकार बताया। उनके अनुसार आज से पश्चिम बंगाल की ऐसी यात्रा शुरू हो रही है, जिसमें विकास, अटूट विश्वास और नई उम्मीदें कदम से कदम मिलाकर चलेंगी। उन्होंने महिलाओं को सुरक्षा और युवाओं के रोजगार देने का साथ पलायन रोकने का भी भरोसा दिया।

    केरल में BJP की हार पर बोले पीएम मोदी

    एलडीएफ की केरलम में हार के बाद एक भी राज्य में कम्युनिस्ट पार्टी की सरकार नहीं होने को बड़ा बदलाव बताते हुए पीएम मोदी ने कहा कि यह सिर्फ सियासत का बदलाव नहीं, बल्कि सोच का बदलाव है। यह दिखाता है कि विकसित होता भारत किस दिशा में आगे बढ़ना चाहता है। देश के बदलते सोच के बावजूद कांग्रेस में वामपंथियों के बढ़ते प्रभाव को उन्होंने दुर्भाग्यपूर्ण बताया।

    पीएम मोदी ने कहा कि जो माओवाद जंगलों में भी समाप्त हो रहा है, उसे कांग्रेस अपना रही है, अर्बन नक्सलियों का घर बनती जा रही है।

    प्रधानमंत्री मोदी ने उत्तराखंड के गंगोत्री से लेकर पश्चिम बंगाल के गंगासागर यानी गंगा के उद्गम से लेकर समुद्र में मिलने तक सभी राज्यों में भाजपा व राजग सरकार बनने को मां गंगा का आशीर्वाद बताया।

    पीएम ने असम में भाजपा की तीसरी बार और पुडुचेरी में राजग की दूसरी बार सरकार बनने के पीछे सुशासन की नीति को श्रेय दिया। उन्होंने कहा कि इसी के कारण भाजपा को स्थानीय निकाय चुनावों से लेकर विधानसभा चुनावों तक में भाजपा को बार-बार जनता का आशीर्वाद मिलता है।

    यह भी पढ़ें- विधानसभा चुनाव नतीजे: बंगाल-असम-पुडुचेरी में भाजपा ने खिलाया कमल, केरल में कांग्रेस और तमिलनाडु में विजय की आंधी