Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 10, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

    Ratan Tata Death: नहीं रहे पद्म विभूषण रतन टाटा, पीएम मोदी बोले- दयालु आत्मा और असाधारण इंसान थे

    Updated: Thu, 10 Oct 2024 12:24 AM (IST)

    Ratan Tata News दिग्गज उद्योगपति और टाटा संस के मानद प्रमुख पद्म विभूषण रतन टाटा नहीं रहे। उन्होंने मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में अंतिम सांस ली। पी ...और पढ़ें

    उद्योगपति रतन टाटा का निधन (फाइल फोटो)
    उद्योगपति रतन टाटा का निधन (फाइल फोटो)

    डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। देश के मशहूर उद्योगपति पद्म विभूषण रतन टाटा का स्‍वर्गवास हो गया है। वह पिछले कुछ समय से बीमार चल रहे थे। रतन टाटा के निधन की खबर के बाद देशभर में शोक की लहर दौड़ गई है। पीएम मोदी, राजनाथ सिंह समेत तमाम नेताओं ने उनके निधन पर शोक जताया है।

    पीएम मोदी ने किया ट्वीट

    पीएम मोदी ने अपनी पोस्ट में लिखा, 'श्री रतन टाटा जी एक दूरदर्शी बिजनेस लीडर, दयालु आत्मा और एक असाधारण इंसान थे। उन्होंने भारत के सबसे पुराने और सबसे प्रतिष्ठित व्यापारिक घरानों में से एक को स्थिर नेतृत्व प्रदान किया। साथ ही, उनका योगदान बोर्ड रूम से कहीं आगे तक गया।'

    अपनी विनम्रता, दयालुता और हमारे समाज को बेहतर बनाने के प्रति अटूट प्रतिबद्धता के कारण वह कई लोगों के प्रिय बन गए। श्री रतन टाटा जी के सबसे अनूठे पहलुओं में से एक बड़े सपने देखना और उन्हें समाज को देने का जुनून था। वह शिक्षा, स्वास्थ्य देखभाल, स्वच्छता, पशु कल्याण जैसे कुछ मुद्दों का समर्थन करने में सबसे आगे थे।

    मेरा मन श्री रतन टाटा जी के साथ अनगिनत संवादों से भरा हुआ है। जब मैं गुजरात का मुख्यमंत्री था तो मैं उनसे अक्सर मिलता था। हम विभिन्न मुद्दों पर विचारों का आदान-प्रदान करते। मुझे उनका दृष्टिकोण बहुत समृद्ध लगा। जब मैं दिल्ली आया तो ये बातचीत जारी रही। उनके निधन से बेहद दुख हुआ। इस दुख की घड़ी में मेरी संवेदनाएं उनके परिवार, दोस्तों और प्रशंसकों के साथ हैं।

    क्या बोले राजनाथ सिंह?

    केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने एक्स पर अपनी पोस्ट में कहा कि श्री रतन टाटा के निधन से दुखी हूं। वे भारतीय उद्योग जगत के एक ऐसे दिग्गज थे जिन्हें देश की अर्थव्यवस्था, व्यापार और उद्योग में महत्वपूर्ण योगदान के लिए जाना जाता है। उनके परिवार, मित्रों और प्रशंसकों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं।

    खबरें और भी

    केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने एक्स पर पोस्ट कर कहा कि दिग्गज उद्योगपति और सच्चे राष्ट्रवादी, रतन टाटा के निधन से बहुत दुख हुआ। उन्होंने निस्वार्थ भाव से अपना जीवन हमारे राष्ट्र के विकास के लिए समर्पित कर दिया।

    जब भी मैं उनसे मिला, भारत और उसके लोगों की बेहतरी के लिए उनके उत्साह और प्रतिबद्धता ने मुझे चकित कर दिया। हमारे देश और उसके लोगों के कल्याण के लिए उनकी प्रतिबद्धता ने लाखों सपनों को जन्म दिया। टाटा समूह और उनके अनगिनत प्रशंसकों के प्रति मेरी संवेदनाएं. ओम शांति।

    केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने एक्स पर पोस्ट कर कहा कि देश के गौरवशाली सपूत रतन टाटा जी के निधन की खबर सुनकर मैं स्तब्ध हूं। तीन दशकों से अधिक समय तक मुझे उनके साथ एक गहरा व्यक्तिगत और करीबी पारिवारिक संबंध रखने का सौभाग्य मिला। उनके जीवन में ईमानदारी और करुणा के मूल्य समाहित थे, जो कई लोगों के लिए प्रेरणा का स्त्रोत रहे।

    लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने कहा कि वह एक दूरदर्शी व्यक्ति थे, जिन्होंने व्यापार और परोपकार दोनों पर अमिट छाप छोड़ी है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने भी टाटा के निधन पर दुख व्यक्त करते हुए कहा कि उनके निधन से हमने भारत का एक अमूल्य पुत्र खो दिया है।

    आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने कहा कि रतन टाटा की तरह बहुत कम लोगों ने अपनी दूरदर्शिता और ईमानदारी से इस दुनिया पर ऐसी अमिट छाप छोड़ी है। आज, हमने न केवल एक व्यवसायी दिग्गज को खो दिया है, बल्कि एक सच्चे मानवतावादी को भी खो दिया है, जिनकी विरासत औद्योगिक परि²श्य से आगे बढ़कर हर उस दिल में बसी है, जिसे उन्होंने छुआ था।

    ये भी पढ़ें:

    भारत पर अपनी छाप छोड़ गए रतन टाटा, पढ़ें सूरत के लाल का बड़ा उद्योगपति बनने का सफर