Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    कौन है जसपाल सिंह? जिसने सुखबीर पर कृपाण से किया हमला; पुणे तक पहुंची जांच

    Updated: Fri, 14 Aug 2026 12:13 AM (IST)

    नांदेड़ में तख्त सचखंड श्री हजूर साहिब परिसर के पास शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल पर कृपाण से जानलेवा हमला हुआ, जिसमें उनके दाहिने हाथ ...और पढ़ें

    सुखबीर सिंह बादल पर महाराष्ट्र के नांदेड़ में जानलेवा हमला (सोशल मीडिया)

    सुखबीर सिंह बादल पर महाराष्ट्र के नांदेड़ में जानलेवा हमला (सोशल मीडिया)

    HighLights

    1. नांदेड़ में सुखबीर बादल पर कृपाण से जानलेवा हमला।

    2. हमले में दाहिने हाथ में गंभीर चोट, सर्जरी हुई।

    3. हमलावर गिरफ्तार, पंजाब ड्रग्स मुद्दे पर नाराज था।

    राज्य ब्यूरो, मुंबई। शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष और पंजाब के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल पर गुरुवार को महाराष्ट्र के नांदेड़ स्थित तख्त सचखंड श्री हजूर साहिब परिसर के निकट जानलेवा हमला हुआ। एक निहंग वेषधारी व्यक्ति ने कृपाण से उन पर यह जानलेवा हमला किया। उनके सुरक्षाकर्मियों की सतर्कता के कारण हालांकि बड़ा हादसा टल गया।

    हमले में बादल के दाहिने हाथ में गंभीर चोट आई है। उन्हें बचाने के दौरान एक पुलिस अधिकारी भी घायल हुआ है। सुखबीर की पत्नी एवं लोकसभा सदस्य हरसिमरत कौर बादल पूरी तरह सुरक्षित हैं।

    पीएम मोदी ने हरसमिरन कौर से की बातचीत

    प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बाद में हरसिमरत से फोन पर बात की और सुखबीर के स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली। हरसिमरत कौर के भाई विक्रम सिंह मजीठिया ने इसे खुफिया विफलता बताते हुए घटना की सीबीआइ से या हाई कोर्ट की निगरानी में जांच की मांग की है।

    पुलिस विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, दोपहर करीब 1:45 बजे सुखबीर सिंह बादल अपनी पत्नी एवं बठिंडा से सांसद हरसिमरत कौर बादल के साथ हजूर साहिब क्षेत्र में गुरुद्वारा माता साहिब दीवान जी मुगत परिसर में माथा टेकने के बाद बाहर निकल रहे थे। इसी दौरान निहंग के वेष में मौजूद एक व्यक्ति अचानक उनकी ओर बढ़ा और कृपाण से उन पर हमला करने की कोशिश की।

    प्रत्यक्षदर्शियों ने क्या कहा?

    प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हमलावर ने सीधे बादल के पेट को निशाना बनाया था, लेकिन उनके सतर्क सुरक्षाकर्मियों ने तत्काल हस्तक्षेप करते हुए हमले को विफल कर दिया। हाथापाई के दौरान कृपाण का वार बादल के दाहिने हाथ पर लगा, जिससे उन्हें गहरी चोट आई। मौके पर मौजूद विशेष सुरक्षा ड्यूटी पर तैनात पुलिस इंस्पेक्टर संतोष केंद्रे ने हमलावर को पकड़ने का प्रयास किया। इस प्रयास में उनके हाथ में भी चोटें आई हैं।

    खबरें और भी

    सुखबीर सिंह बादल के हाथों की सर्जरी हुई

    घटना के तुरंत बाद सुखबीर सिंह बादल को नांदेड़ के यशोसाईं अस्पताल ले जाया गया। वहां उनके हाथ की सर्जरी की गई और टांके लगाए गए। अस्पताल के चिकित्सकों ने बताया कि उनकी हालत स्थिर है और वह खतरे से बाहर हैं। पुलिस ने हमलावर को मौके पर ही हिरासत में ले लिया।

    सीएम फडणवीस ने जताई चिंता

    महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने घटना पर चिंता व्यक्त करते हुए सुखबीर सिंह बादल से फोन पर बात की और उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने नांदेड़ के पुलिस अधीक्षक को मामले की उच्चस्तरीय और निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। राज्य सरकार ने हमले की विस्तृत रिपोर्ट भी तलब की है। इस घटना ने सिख समुदाय और अकाली दल के कार्यकर्ताओं में चिंता पैदा कर दी है।

    जांच में जुटी जांच एजेंसियां

    जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि हमला किसी व्यक्तिगत रंजिश का परिणाम था या इसके पीछे कोई संगठित साजिश थी। पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है। आरोपित से गहन पूछताछ की जा रही है तथा उसके संपर्कों और पिछले रिकार्ड की भी जांच की जा रही है। घटना के बाद पूरे परिसर की सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है।

    पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि हमलावर ने बादल पर हमले की योजना कब और कैसे बनाई। नांदेड़ के एसपी नीलाभ रोहन ने बताया कि हमलावर ने शुरुआती पूछता में बताया है कि वह पंजाब में ड्रग्स के मुद्दे से नाराज था। किसी गैंग से उसका संबंध अभी स्थापित नहीं हुआ है, न ही उसकी कोई आपराधिक पृष्ठभूमि है।

    नादेड़ के कलेक्टर ने क्या कहा?

    नांदेड़ के कलेक्टर राहुल करदेले ने बताया कि सुखबीर बादल के हाथ में चार-पांच सेंटीमीटर का घाव हुआ है। उन्होंने कहा कि बादल का यह दौरा निजी था और कलेक्टर आफिस को इसकी कोई आधिकारिक सूचना नहीं दी गई थी। हालांकि, उनकी जेड-प्लस सुरक्षा को देखते हुए उन्हें पूरी पुलिस सुरक्षा दी गई थी।

    कौन है हमलावर?

    हमलावर की पहचान पुणे निवासी 62 वर्षीय जसपाल सिंह के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि उसने निहंग सिख का वेष धारण कर रखा था और पिछले लगभग दो वर्षों से गुरुद्वारा परिसर में सेवादार के रूप में रह रहा था। इस कारण उसे परिसर और वहां की गतिविधियों की अच्छी जानकारी थी। एसपी नीलाभ रोहन ने बताया कि जसपाल सिंह के पास कामर्स और ला की डिग्रियां हैं। वह नांदेड़ में अकेले रह रहा था।

    2024 में भी हुआ था हमला

    पंजाब राज्य ब्यूरो के अनुसार, सुखबीर सिंह बादल पर इससे पहले चार दिसंबर, 2024 को भी उस समय हमला हुआ था, जब वह श्री अकाल तख्त की ओर से लगाई गई धार्मिक सजा के तहत श्री हरिमंदिर साहिब (स्वर्ण मंदिर) के मुख्य द्वार पर सेवादार के रूप में सजा भुगत रहे थे। इस दौरान पूर्व आतंकी नारायण सिंह चौड़ा ने पिस्तौल से उन पर गोली चलाने का प्रयास किया था, लेकिन निशाना चूक गया।

    वहां सुखबीर की सुरक्षा में तैनात कर्मियों ने चौड़ा को वहीं दबोच लिया था। बादल की शिकायत पर अमृतसर की कोतवाली थाने की पुलिस ने नारायण सिंह चौड़ा के विरुद्ध हत्या के प्रयास के आरोप में केस दर्ज किया था। नारायण सिंह मार्च, 2025 में जमानत मिल गई थी।

    यह केस अभी अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश की कोर्ट में लंबित है और इस मामले में अभी गवाहियां होना बाकी हैं। उक्त घटना को लेकर बादल ने पंजाब एवं हरियाणा हाई कोर्ट में याचिका दायर कर रखी है कि पुलिस द्वारा मामले को वैसा नहीं दिखाया गया, जिस तरह यह प्रकरण हुआ था। याचिका में कहा गया है कि यह केस किसी और जांच एजेंसी को ट्रांसफर किया जाए। यह याचिका अभी विचाराधीन है।