135वें डूरंड कप का 25 जुलाई से होगा आगाज, कोलकाता में ट्रॉफियों का हुआ अनावरण
भारतीय सेना के पूर्वी कमान के तत्वावधान में आयोजित होने वाले इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट का उद्घाटन और फाइनल मुकाबला इस बार भी कोलकाता के सॉल्टलेक स्थित ...और पढ़ें

135वें डूरंड कप का 25 जुलाई से होगा आगाज, कोलकाता में ट्रॉफियों का हुआ अनावरण
HighLights
इस बार भी कोलकाता में ही होंगे उद्घाटन व फाइनल मुकाबला सहित कुल 16 मैच
कोलकाता, रांची, इम्फाल, शिलांग और गुवाहाटी में खेले जाएंगे डूरंड कप के मुकाबले
जागरण संवाददाता, कोलकाता। एशिया के सबसे पुराने फुटबॉल टूर्नामेंट 135वें इंडियन आयल डूरंड कप का आगाज 25 जुलाई से होगा।
भारतीय सेना के पूर्वी कमान के तत्वावधान में आयोजित होने वाले इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट का उद्घाटन और फाइनल मुकाबला इस बार भी कोलकाता के सॉल्टलेक स्थित विवेकानंद युवा भारती स्टेडियम में खेला जाएगा।
बुधवार को कोलकाता के विजय दुर्ग स्थित पूर्वी सेना कमान मुख्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में पूर्वी कमान के चीफ ऑफ स्टाफ (सीओएस) एवं डूरंड कप आयोजन समिति के अध्यक्ष लेफ्टिनेंट जनरल गंभीर सिंह ने इसकी जानकारी दी।
डूरंड कप के शुभारंभ से पहले इसकी तीनों प्रतिष्ठित ट्रॉफियां बुधवार को रांची से कोलकाता पहुंचीं, जहां पूर्वी सेना कमान मुख्यालय में आयोजित समारोह और प्रेस वार्ता के दौरान इसका प्रदर्शन व अनावरण किया गया।
इसके साथ ही पांचों मेजबान राज्यों का ट्राफी दौरा पूरा हो गया और 25 जुलाई से शुरू होने वाले टूर्नामेंट की उलटी गिनती भी शुरू हो गई।
अनावरण समारोह में बंगाल के युवा एवं खेल मंत्री डॉ. इंद्रनील खान मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उनके अलावा डूरंड कप आयोजन समिति के अध्यक्ष लेफ्टिनेंट जनरल गंभीर सिंह, राज्य के अतिरिक्त मुख्य सचिव राजेश पांडेय और बंगाल सब एरिया के जनरल आफिसर कमांडिंग (जीओसी) मेजर जनरल दिनेश कुमार सिंह सहित सेना और राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।
मंत्री डॉ. इंद्रनील खान ने कहा कि इस बार डूरंड कप के उद्घाटन मैच और फाइनल सहित कुल 16 मुकाबलों की मेजबानी कोलकाता करेगा, जो पूरे राज्य के लिए गर्व की बात है।
प्रतियोगिता 23 अगस्त तक चलेगी। इसमें कुल 24 टीमें 43 मुकाबले खेलेंगी। उन्होंने फुटबाल प्रेमियों से अपील की कि वे उद्घाटन मुकाबले से लेकर फाइनल तक स्टेडियम पहुंचकर भारतीय खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाएं।
लेफ्टिनेंट जनरल गंभीर सिंह ने कहा कि भारतीय सेना के लिए डूरंड कप केवल एक खेल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि सेना और नागरिक समाज के मजबूत सहयोग का प्रतीक है। वर्ष 2019 से कोलकाता इस प्रतियोगिता का प्रमुख मेजबान शहर बना हुआ है और यहां फुटबॉल केवल खेल नहीं, बल्कि लोगों की जीवनशैली का हिस्सा है।
उद्घाटन मुकाबला 25 जुलाई को कोलकाता के विवेकानंद युवा भारती क्रीड़ांगन में रिकॉर्ड 17 बार की चैंपियन मोहन बागान सुपर जायंट और 16 बार की विजेता ईस्ट बंगाल एफसी के बीच खेला जाएगा।
बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी इस प्रतियोगिता का उद्घाटन कर सकते हैं। इस बार प्रतियोगिता में 24 टीमें छह ग्रुप में विभाजित होकर कोलकाता, रांची, इम्फाल, शिलांग और गुवाहाटी में मुकाबले खेलेंगी।
कोलकाता में ग्रुप ए और बी के मुकाबलों के अलावा एक क्वॉर्टर फाइनल, एक सेमीफाइनल और फाइनल भी खेला जाएगा। श्रीलंका सशस्त्र बलों की टीम भी इस बार प्रतियोगिता में हिस्सा लेगी।
1888 में शुरू हुआ डूरंड कप दुनिया की तीसरी सबसे पुरानी फुटबॉल प्रतियोगिता है। भारतीय सेना की ओर से आयोजित यह प्रतियोगिता भारतीय फुटबाल की सबसे प्रतिष्ठित प्रतियोगिताओं में गिनी जाती है।