विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हैदराबाद में बनेंगे ट्रंप के ट्विन टावर, 65 मंजिला इमारत में होंगे 450 लग्जरी घर

Updated: Wed, 12 Aug 2026 06:02 PM (IST)

हैदराबाद में ट्रिबेका डेवलपर्स और इरा रियल्टी ने दो 65 मंजिला ट्रंप टावर्स बनाने की घोषणा की है, जो दक्षिण भारत में ट्रंप ब्रांड की पहली लग्जरी रियल एस्टेट परियोजना होगी।

हैदराबाद में ट्रंप ट्विन टावर्स (AI जेनरेटेड फोटो)

हैदराबाद में ट्रंप ट्विन टावर्स (AI जेनरेटेड फोटो)

HighLights

  1. हैदराबाद में दो 65 मंजिला ट्रंप टावर्स की घोषणा।

  2. दक्षिण भारत में ट्रंप ब्रांड की पहली लग्जरी परियोजना।

  3. परियोजना में 2,000 करोड़ रुपये का निवेश, 450 लग्जरी घर।

डिजिटल डेस्क, हैदराबाद। ट्रंप ब्रांड अब दक्षिण भारत के लग्जरी रियल एस्टेट बाजार में दस्तक देने जा रहा है। ट्रिबेका डेवलपर्स और इरा रियल्टी ने सोमवार को हैदराबाद के कोकापेट स्थित गोल्डन माइल रोड पर दो 65 मंजिला Trump Towers बनाने की घोषणा की।

इस परियोजना में करीब 2,000 करोड़ रुपये का निवेश किया जाएगा। यह भारत में घोषित ट्रंप ब्रांड की आठवीं परियोजना और दक्षिण भारत की पहली परियोजना होगी।

परियोजना में करीब 450 लग्जरी आवास होंगे। दोनों टावर लगभग 800 फीट ऊंचे होंगे और 28वीं मंजिल पर एक सस्पेंडेड स्काई ब्रिज के जरिए आपस में जुड़े रहेंगे।

इस ब्रिज में दोनों टावरों को जोड़ता हुआ लैंडस्केप्ड क्लब फ्लोर और Trump Club विकसित किया जाएगा। परियोजना को करीब चार वर्ष में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

62 करोड़ रुपये का पेंटहाउस

डेवलपर्स के मुताबिक परियोजना में आठ पेंटहाउस के सौदे करीब 250 करोड़ रुपये में हो चुके हैं। इनमें एक पेंटहाउस की कीमत करीब 62 करोड़ रुपये बताई गई है। कुल परियोजना में लगभग 22 लाख वर्ग फुट का डेवलपमेंट एरिया होगा।

यहां 3.5 बीएचके और 4 बीएचके घरों के साथ डबल-हाइट सिंप्लेक्स रेजिडेंस और 16 पेंटहाउस बनाए जाएंगे। अपार्टमेंट की कीमत करीब 5 करोड़ से 10 करोड़ रुपये के बीच होगी।

4,200 करोड़ रुपये तक हो सकती है बिक्री

ट्रिबेका डेवलपर्स के संस्थापक कल्पेश मेहता ने बताया कि कंपनी जमीन की कीमत को छोड़कर परियोजना में करीब 1,700-1,800 करोड़ रुपये निवेश करेगी। जमीन की अनुमानित कीमत करीब 250 करोड़ रुपये है। उन्होंने परियोजना से संभावित बिक्री प्राप्ति 3,500 से 4,200 करोड़ रुपये तक रहने का अनुमान जताया।

ट्रिबेका भारत में ट्रंप ब्रांड की आधिकारिक प्रतिनिधि कंपनी है। कंपनी मुंबई, पुणे, गुरुग्राम, नोएडा और कोलकाता में ट्रंप ब्रांडेड परियोजनाएं विकसित कर चुकी है। भारत में घोषित आठ परियोजनाओं में से तीन पूरी हो चुकी हैं, जबकि कोलकाता की परियोजना अंतिम चरण में है।

अगले चार साल में चार और परियोजनाएं

कल्पेश मेहता ने कहा कि भारत और अमेरिका के संबंधों में मौजूदा परिस्थितियों का कंपनी की बिक्री पर कोई खास असर नहीं पड़ा है। उनके मुताबिक भारत में ट्रंप ब्रांड मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों से काफी पहले से मौजूद है।

इरा रियल्टी के संस्थापक एवं प्रबंध निदेशक नरसी रेड्डी ने कहा कि कंपनी ने कई वर्षों में इस परियोजना के लिए जमीन जुटाई है। उनका कहना है कि कंपनी ऐसे ब्रांड के साथ काम करना चाहती थी जिसे किसी परिचय की जरूरत न हो और ऐसा डेवलपर हो, जिसके पास परियोजनाओं को पूरा करने का साबित अनुभव हो।

कंपनियां अगले चार वर्षों में भारत में चार और ट्रंप ब्रांडेड परियोजनाएं लाने की तैयारी कर रही हैं। इनमें बेंगलुरु और चेन्नई की परियोजनाएं भी शामिल हैं। इसके अलावा होटल और गोल्फ कोर्स विकसित करने की संभावनाओं पर भी विचार किया जा रहा है।

ट्रंप ऑर्गनाइजेशन के रियल एस्टेट एवं हॉस्पिटैलिटी कारोबार से जुड़े कार्यकारी उपाध्यक्ष एरिक ट्रंप ने कहा कि भारत दुनिया के आकर्षक लग्जरी रियल एस्टेट बाजारों में शामिल है और कंपनी पहली बार ट्रंप ब्रांड को हैदराबाद लाने को लेकर उत्साहित है।

यह भी पढ़ें- 'भारत कोई बनाना रिपब्लिक नहीं है', रिजिजू ने कहा- विदेशी फंडिंग पर नजर रखने के लिए FCRA जरूरी