दहेज, हत्या और आत्महत्या: तीन केस से फैली दहशत, महिलाओं की मौत का जिम्मेदार कौन?
भारत के अलग-अलग शहरों में तीन युवतियों - दीपिका नागर, ट्विशा शर्मा और ऐश्वर्या की मौत ने दहेज की भयावह सच्चाई को फिर उजागर किया है। ...और पढ़ें
-1779197544204_m.webp)
तीन केस से फैली दहशत

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। भारत के तीन अलग-अलग शहरों में तीन युवतियों की मौत ने एक बार फिर दहेज की काली सच्चाई को उजागर कर दिया है। ग्रेटर नोएडा की दीपिका नागर, भोपाल की ट्विशा शर्मा और कर्नाटक की ऐश्वर्या तीन परिवार, तीन जगहें, लेकिन दर्द और अंत एक जैसा ही।
ये सिर्फ तीन दुर्भाग्यपूर्ण घटनाएं नहीं हैं, बल्कि पूरे समाज में गहरी जड़ें जमाए उस जहर की कहानी हैं, जहां दहेज को अब भी स्वीकार्य माना जाता है। देश में हर साल लगभग एक करोड़ शादियां होती हैं और इनमें करीब 90 प्रतिशत मामलों में किसी न किसी रूप में दहेज लिया-दिया जाता है। बस अब इसे खुलकर दहेज नहीं, बल्कि 'गिफ्ट' का नाम दे दिया जाता है। लोग खुले आम शादी में मिली लग्जरी कार, सोने के आभूषण और महंगे सामानों की चर्चा करते हैं।
एक समय माना जाता था कि दहेज की समस्या सिर्फ गरीबी और अशिक्षा से जुड़ी है, लेकिन आज की हकीकत बिल्कुल अलग है। पढ़े-लिखे, अच्छी नौकरी वाले और आर्थिक रूप से मजबूत परिवार भी दहेज की मांग कर रहे हैं। आइए उन तीन मामलों पर नजर डालते हैं जो हाल ही में चर्चा के विषय बने।
1. नोएडा की दीपिका की कैसे हुई मौत?
रविवार रात चौथी मंजिल से गिरकर 27 वर्षीय विवाहिता की मौत हो गई। पूरे शरीर पर गंभीर चोट के निशान मिले हैं। पिता ने दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर निर्ममता से बेटी की पिटाई कर छत से फेंककर हत्या का आरोप लगाया है, जबकि ससुराल वाले कूदकर जान देने का दावा कर रहे हैं। पुलिस ने दहेज हत्या का मामला दर्ज कर विवाहिता के पति व ससुर को गिरफ्तार कर लिया है।
खबरें और भी
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट नहीं होने पर विसरा सुरक्षित किया गया है। दिल्ली जल बोर्ड में कार्यरत संजय नागर ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 11 दिसंबर 2024 को बेटी दीपिका की शादी जलपुरा गांव निवासी मनोज के बेटे ऋतिक के साथ की थी। दीपिका बीएड पास थी।
आरोपित पति बीए एलएलबी का छात्र है। ससुर के तीन स्कूल संचालित हैं। संजय के मुताबिक, दहेज की सभी शर्तों को पूरा कर नकदी व सामान समेत करीब एक करोड़ रुपये खर्च किए थे। फिर भी ससुरालवाले अतिरिक्त दहेज के रूप में फाच्र्यूनर कार और 50 लाख रुपये की मांग कर दीपिका को प्रताडि़त करने लगे।
पिता ने बताया कि रविवार सुबह दीपिका ने फोन कर रोते हुए बताया था कि ससुर, सास, पति, ननद, समेत अन्य मारपीट कर दहेज में गाड़ी और पैसे लाने को कह रहे हैं। दोपहर में वह साले बाबू प्रधान के साथ जाकर ससुर मनोज, सास व दामाद ऋतिक को समझाया था। शाम करीब सात बजे घर आ गए थे।
रात करीब 12.30 बजे मनोज ने मोबाइल फोन पर सूचना दी कि दीपिका सीढि़यों से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गई है। उसे शारदा अस्पताल ले जा रहे हैं। संजय व अन्य स्वजन अस्पताल पहुंचे तो बेटी का शव मिला। उसके पेट, हाथ-पैर समेत शरीर के कई हिस्सों पर चोटों के छह से आठ निशान थे, जबकि आरोपितों ने बताया कि मकान की चौथी मंजिल से कूदने से मौत हुई है। उसकी अस्पताल पहुंचने से पहले मौत हो गई थी।
डीसीपी शैलेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि मृतका के पिता की तहरीर पर पति ऋतिक, ससुर मनोज, सास पूनम, ननद नेहा, तन्नी, प्रमोद और विनोद के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पति और ससुर को गिरफ्तार किया गया है।
2. भोपाल की ट्विशा शर्मा की डेथ मिस्ट्री
शादी के पांच महीने बाद भोपाल स्थित ससुराल में मृत पाई गई नोएडा की ट्विशा शर्मा की पोस्टमार्टम रिपोर्ट आ गई है। इसके अनुसार, उसके सिर, कान और हाथ पर चोट के निशान की पुष्टि हुई है। ये चोटें मौत के पहले लगी थीं। रिपोर्ट में यह भी राजफाश हुआ है कि सभी चोट किसी ठोस वस्तु से लगीं हैं। यह रिपोर्ट संदिग्ध मौत को हत्या की ओर इशारा कर रही है।
हालांकि, भोपाल पुलिस जांच पूरी होने के बाद किसी निष्कर्ष पर पहुंचने की बात कह रही है। वहीं, दहेज हत्या के मामले में आरोपित पति समर्थ सिंह की जमानत याचिका पर सोमवार को जिला कोर्ट में सुनवाई हुई। जज पल्लवी द्विवेदी की कोर्ट ने आरोपित की याचिका खारिज कर दी।
इस बीच, डीसीपी विवेक सहवाल ने फरार चल रहे आरोपित पर 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। ट्विशा की सास सेवानिवृत्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश गिरिबाला सिंह को शुक्रवार को कोर्ट से अग्रिम जमानत मिल चुकी है।
-1779194202200.jpg)
बता दें कि भोपाल के बागमुगालिया एक्सटेंशन में स्थित ससुराल में 33 वर्षीय ट्विशा शर्मा 11 और 12 मई की रात फांसी के फंदे से लटकी पाई गई। ससुराल वालों ने इसे आत्महत्या बताया। पुलिस ने 15 मई की रात ट्विशा के पति और सास के खिलाफ दहेज हत्या का केस दर्ज किया।
मायके वालों ने आरोप लगाया कि शादी के बाद ट्विशा को पति और सास द्वारा दहेज के लिए प्रताडि़त किया जा रहा था। वहीं, अपनी जमानत याचिका में गिरिबाला सिंह ने बहू पर गंभीर आरोप लगाए। आवेदन में दावा किया गया है कि उसको ड्रग्स की लत थी और नशा नहीं मिलने पर उसका व्यवहार असामान्य हो जाता था।
स्वजन ने शव लेने से किया इनकार
उधर, ट्विशा शर्मा की मौत के छह दिन बाद भी मायके वालों ने एम्स भोपाल के पास्टमार्टम हाउस में रखा उसका शव नहीं लिया है। स्वजन दिल्ली एम्स में दोबारा पोस्टमार्टम कराने की मांग कर रहे हैं।
पिता नवनिधि शर्मा का कहना है कि भोपाल में उन्हें निष्पक्ष जांच की उम्मीद नहीं है, इसलिए चाहते हैं कि पोस्टमार्टम दिल्ली एम्स में हो और जांच किसी बाहरी राज्य की पुलिस करे।
भोपाल पुलिस कमिश्नर संजय कुमार से इसके लिए बात की थी, लेकिन उन्होंने मना किया है। अब जबलपुर हाई कोर्ट में वे दोबारा पोस्टमार्टम के लिए आवेदन करेंगे।
मैसेज में लिखा- मेरा जीवन नरक बन गया
ट्विशा तमिल फिल्मों में अभिनेत्री और माडल के तौर पर काम कर चुकी थी। डेटिंग ऐप के जरिए उनकी पहचान भोपाल निवासी अधिवक्ता समर्थ सिंह से हुई। इसके बाद दोनों ने नौ दिसंबर 2025 को शादी कर ली। मौत से पहले ट्विशा द्वारा अपनी मां और दोस्तों को भेजे गए वाट्सएप मैसेज भी सामने आए हैं।
इनमें उसने मानसिक रूप से परेशान और शादीशुदा जिंदगी में 'फंसा हुआ' महसूस करने की बातें लिखी हैं। अपनी मां को लिखे एक मैसेज में ट्विशा ने लिखा- 'मुझे यहां क्यों भेजा? ये (पति) मुझसे बात तक नहीं कर रहा है।' एक अन्य मैसेज में लिखा- 'मेरा जीवन नरक बन गया है।'
दोस्तों और रिश्तेदारों ने जंतर-मंतर पर किया प्रदर्शननई दिल्ली ट्विशा शर्मा की मौत की सीबीआइ जांच की मांग के लिए उनके रिश्तेदारों और दोस्तों ने सोमवार को दिल्ली के जंतर-मंतर पर विरोध प्रदर्शन किया। उन्होंने पोस्टमार्टम प्रक्रिया में अनियमितताओं का आरोप लगाया।
'ट्विशा के लिए न्याय' लिखे प्लेकार्ड और बैनर लिए प्रदर्शनकारियों ने ट्विशा के पति और सास के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए नारे लगाए। ट्विशा के दोस्त कुणाल चौहान ने कहा कि उसे इतना परेशान किया गया था कि वह भोपाल छोड़कर नोएडा लौटना चाहती थी, लेकिन सास और पति ने ऐसा नहीं होने दिया।
3. कर्नाटक की ऐश्वर्या ने क्यों किया सुसाइड?
कर्नाटक के बल्लारी जिले के कम्पली कस्बे में 24 वर्षीय ऐश्वर्या नामक युवती ने दहेज उत्पीड़न और मानसिक प्रताड़ना का शिकार होकर आत्महत्या कर ली। पुलिस के अनुसार, आश्र्वर्या का प्रदीप कुमार नामक पशु चिकित्सक से प्रेम विवाह हुआ था।
प्रदीप पशुपालन विभाग में कार्यरत हैं। परिवार का आरोप है कि शादी के बाद पति प्रदीप कुमार और सास ने लगातार दहेज की मांग को लेकर मानसिक उत्पीड़न किया।

पति ने अपनी मां द्वारा की जा रही प्रताड़ना में पत्नी का साथ नहीं दिया। अंततः परेशान युवती मायके लौट आई और फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। उसने सुसाइड नोट में प्रताड़ना का जिक्र किया है।
कम्पली पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज कर पति प्रदीप कुमार और उसकी मां को गिरफ्तार कर लिया गया है। यह घटना हाल ही में नोएडा की त्विषा शर्मा आत्महत्या मामले के कुछ दिनों बाद सामने आई है, जिसने पूरे देश को झकझोर दिया था।