यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 29, 2016 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
नोटबंदी पर राज्यसभा में हंगामा, लोकसभा कल तक के लिए स्थगित
नोटबंदी पर हंगामे के बीच आज लोकसभा में एक जरूरी बिल पास हो गया। इसके बाद सदन की कार्यवाही को दिनभर के लिए स्थगित कर दिया गया।

नई दिल्ली (एएनआई)। नोटबंदी पर मंगलवार को दोनों सदनोंं में जबरदस्त हंगामा हुआ। हालांकि हंगामे के बीच ही टेक्सेशन लॉ (संशोधित बिल 2016) पास हो गया। लेकिन बाद में लोकसभा की कार्यवाही को पूरे दिन के लिए स्थगित कर दिया गया। विपक्ष सदन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से माफी मांगने की मांग पर कायम दिखाई दिया। विपक्ष के हंगामे पर केंद्रीय मंत्री वेंकैया नायडू का कहना था कि सरकार चर्चा कराना चाहती है, लेकिन विपक्ष इससे बच रहा है। इसकी जगह वह आक्रोश दिवस मना रहा है, जिसका लोग मजाक उड़ा रहे हैं। वहीं रविशंंकर प्रसाद का कहना था कि उन्हें जनता ने चुना है और सरकार जनता को ही जवाब भी देगी। राज्यसभा में भी विपक्ष अपनी मांग पर अड़ा रहा।
सरकार की सफाई, विपक्ष का वार
इस दौरान भाजपा नेता अनंत कुमार ने कहा कि प्रधानमंत्री देश को कैशलैस इकनॉमी बनाना चाहते हैं, इसमें सभी को सहयोग करना चाहिए। उनका कहना है कि सरकार टैक्स नियमों में बदलाव कर रही है जिसका फायदा किसानों समेत अन्य आम लोगों को होगा। वहीं दूसरी ओर कांग्रेस के अहमद पटेल का कहना है कि सरकार ने गरीबों के लिए कुछ नहीं किया है। इससे पहले हुई विपक्ष की बैठक में तय किया गया कि वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से माफी की मांग करेंगे। साथ ही नोटबंदी पर उनसे बयान देने की भी मांग की जाएगी।
नोटबंदी पर लगातार सदन में जारी है हंगामा
नोटबंदी पर सदन में सोमवार को भी जमकर हंगामा हुआ था। दोनों सदनों में विपक्ष ने इस मुद्दे पर प्रधानमंत्री से बयान देने की मांग की। इस मांग को दोहराते हुए कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सदन में आकर विपक्ष से बात करने दीजिए। इसके बाद उन्होंने अन्य सदस्यों के साथ मिलकर संसद भवन परिसर में स्थित गांधी मूर्ति के पास सरकार के खिलाफ धरना भी दिया।
नोटबंदी पर पीएम मोदी के सदन में बयान न देने तक जारी रहेगा गतिरोध : कांग्रेस
खड़गे का पीएम पर निशाना
दोनों ही सदनों में विपक्ष ने पीएम से जवाब देने की मांग की और हंगामा किया, जिसके चलते लोकसभा और राज्यसभा दिनभर के लिए स्थगित कर दी गईं। चर्चा के दौरान लोकसभा में कांग्रेस के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि नोटबंदी के फैसले के बाद से अब तक करीब 70 लोगों की मौत लाइन में हो चुकी है। वहीं करीब 1000 लोग घायल हुए हैं। उन्होंने साफ कर दिया कि जब तक पीएम मोदी इस मुद्दे पर बयान नहीं देते हैं तब तक गतिरोध कायम रहेगा।
राजनाथ का खड़गे को जवाब
खड़गे को जवाब देते हुए गृहमंत्री राजनाथ सिंह का कहना था कि जरूरत हुई तो पीएम मोदी सदन में आएंगे भी और इस मुद्दे पर हस्तक्षेप भी करेंगे। नोटबंदी को लेकर लोगों को हो रही परेशानी और सरकार पर लग रहे आरोपों के जवाब में उन्होंने कहा कि यदि सरकार की तरफ से इसको लागू करने में कोई कमी रह गई है तो इस पर निश्चित तौर पर चर्चा होनी चाहिए। लेकिन हमारे देश की एकता और अखंडता पर किसी को कोई संदेह नहीं होना चाहिए। वहीं सीताराम येचुरी का आरोप था कि पीएम विपक्ष के सवालों का जवाब देने से बच रहे हैं, लेकिन विदेश में इस मुद्दे पर जमकर बोलते हैं।

