युद्ध थमने के बढ़े आसार: ट्रंप ने कहा- अच्छी चल रही वार्ता, अमेरिका ने IRGC से जुड़ी तीन कंपनियों से बैन हटाया
अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने ईरान से अच्छी बातचीत का दावा किया है, जिसके बाद IRGC से जुड़ी तीन कंपनियों से प्रतिबंध हटाए गए हैं। ...और पढ़ें
-1785953243101_m.webp)
युद्ध थमने के बढ़े आसार।
HighLights
ट्रंप ने ईरान से अच्छी बातचीत का दावा किया।
अमेरिका ने IRGC से जुड़ी तीन कंपनियों से प्रतिबंध हटाए।
होर्मुज जलडमरूमध्य पर अंतरिम समझौते की जल्द उम्मीद।
जागरण न्यूज नेटवर्क, नई दिल्ली। पश्चिम एशिया में पिछले पांच महीने से थम-थमकर हो रहे युद्ध के पूरी तरह थमने के आसार बढ़ गए हैं। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया है कि ईरान के साथ पूरे दिन बातचीत हुई। अमेरिका और ईरान के बीच बहुत अच्छी वार्ता चल रही है। इसके साथ ही उन्होंने यह धमकी भी दोहराई कि अगर तेहरान के साथ कोई समझौता नहीं हुआ तो उसे बहुत कड़ा जवाब दिया जाएगा।
हालांकि तेहरान ने ट्रंप के इस दावे को खारिज किया है कि बातचीत चल रही है। इधर, अमेरिका ने ईरान के शीर्ष बल इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कोर (IRGC) से जुड़ी तीन कंपनियों से प्रतिबंध हटा लिए हैं।
रॉयटर्स के अनुसार, ट्रंप ने मंगलवार को फॉक्स न्यूज के एक शो में कहा, "उनके बीच पूरे दिन बातचीत चली।" उन्होंने कहा कि होर्मुज स्ट्रेट बहुत जल्द खुलने जा रहा है। इसके साथ ही यह चेतावनी भी दी, "अगर वे पीछे हटते हैं तो उन्हें बहुत भीषण हमले का सामना करना होगा।" ट्रंप पहले भी कई बार समझौता नहीं होने पर तेहरान को इस तरह की धमकी दे चुके हैं। साथ ही वार्ता में प्रगति का भी दावा कर चुके हैं।
बता दें कि अमेरिका-इजरायल ने 28 फरवरी को ईरान के खिलाफ युद्ध शुरू किया था और सात अप्रैल को युद्धविराम हुआ था। जबकि अमेरिका और ईरान के बीच 18 जून को अंतरिम समझौते पर हस्ताक्षर हुए थे। इसके बाद होर्मुज पर नियंत्रण को लेकर दोनों पक्ष एक-दूसरे पर कई बार हमले कर चुके हैं।
एएनआई के मुताबिक, अमेरिकी न्यूज वेबसाइट एक्सिओस ने दो क्षेत्रीय सूत्रों और एक अमेरिकी अधिकारी के हवाले से बताया कि अमेरिका ईरान और ओमान के साथ होर्मुज को फिर से खोलने के लिए एक अंतरिम समझौते के करीब है। इसकी जल्द घोषणा होने की उम्मीद है। इससे पहले, कतर ने कहा कि मध्यस्थों के ईरान युद्ध समाप्त कराने के प्रयासों में प्रगति हो रही है।
खबरें और भी
आईएएनएस के अनुसार, अमेरिकी सेना ने दावा किया कि होर्मुज से होकर जाने वाला दक्षिणी रास्ता कमर्शियल शिपिंग के लिए खुला है। उसने पिछले तीन महीनों में एक हजार से ज्यादा जहाजों को इस जलमार्ग से सुरक्षित गुजरने में मदद की है।
हूती ने किया सऊदी तेल टैंकर पर हमला
न्यूयार्क टाइम्स के अनुसार, ईरान समर्थित यमन के हूती विद्रोहियों ने बुधवार को दावा किया कि उन्होंने उत्तरी लाल सागर में सऊदी तेल टैंकर पर हमला किया। इसके साथ ही इस मिलिशिया ने सऊदी तेल शिपमेंट के लिए सभी रास्ते बंद करने के लिए क्षेत्र में हमले तेज करने की धमकी भी दी है।
हूती के सैन्य प्रवक्ता ब्रिगेडियर जनरल याह्या सारी ने कहा कि सऊदी पोर्ट सिटी यानबू के समीप सऊदी तेल टैंकर "वफा" पर बैलिस्टिक मिसाइलें दागी गईं। हालांकि उन्होंने यह नहीं बताया कि यह हमला कब किया गया। सऊदी अधिकारियों ने भी इस पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है।
ईरान-ओमान के बीच समझौता जल्द
रॉयटर्स के अनुसार, होर्मुज स्ट्रेट के प्रबंधन को लेकर ओमान और ईरान के बीच समझौते की जल्द घोषणा होने की संभावना है। ईरान के एक वरिष्ठ सूत्र और दो क्षेत्रीय अधिकारियों ने बुधवार को बताया कि इस प्रस्तावित समझौते से तेहरान को होर्मुज से होकर खाड़ी में प्रवेश करने वाले जहाजों के आवागमन पर नियंत्रण मिल जाएगा। अगर ऐसा होता है तो ईरान के लिए एक बड़ी रियायत होगी।