विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 16, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Weather Update Today: हिमाचल और उत्तराखंड में बारिश से हाल बेहाल, पढ़ें दिल्ली से लेकर एमपी तक का मौसम अपडेट

By Jagran NewsEdited By: Nidhi Avinash
Published: Wed, 16 Aug 2023 08:27 AM (IST)

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 15 से 18 अगस्त तक हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भारी बारिश होने की ...और पढ़ें

हिमाचल और उत्तराखंड में बारिश से हाल बेहाल (Image: Jagran Graphic)
हिमाचल और उत्तराखंड में बारिश से हाल बेहाल (Image: Jagran Graphic)

HighLights

  1. हिमाचल प्रदेश में 17 अगस्त तक सभी स्कूल-कॉलेज बंद रहेंगे
  2. ओडिशा के लगभग सभी इलाकों में 17 अगस्त तक बारिश होने की संभावना
  3. दिल्ली में बारिश के कारण एक बार फिर बढ़ा यमुना का जलस्तर

नई दिल्ली, जागरण डिजिटल डेस्क। Weather Update Today: भारत के कई राज्यों में भारी बारिश का दौर जारी है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अपडेट के मुताबिक, अगले 2 दिनों के दौरान हिमाचल प्रदेश में और अगले 4-5 दिनों के दौरान उत्तराखंड और पूर्वोत्तर भारत में छिटपुट भारी बारिश होने की संभावना है। वहीं, अण्डमान और निकोबार द्वीपसमूह में भी बहुत भारी वर्षा हुई। मौसम विभाग ने संभावना जताई है कि अगले 3-4 दिनों के बीच देश के बाकी हिस्सों में हल्की बारिश हो सकती है।

दिल्ली में कैसा रहेगा मौसम?

मौसम विभाग के मुताबिक, दिल्ली के सफदरजंग, पालम, लोधी रोड, रिज क्षेत्र और आयानगर में 41 फीसदी कम बारिश दर्ज की गई। इस बार दिल्ली का मानसून सामान्य से दो दिन पहले ही 25 जून को आ गया था। मौसम विभाग के 15 अगस्त को दिए अपडेट के मुताबिक, अगले एक हफ्ते में दिल्ली में मध्यम या भारी वर्षा के कोई आसार नहीं बन रहे।

यहां तक कि बूंदाबांदी या हल्की वर्षा होने की उम्मीद भी कम ही है। इस वजह से दिल्ली में बारिश के आंकड़े और भी कम होने के आसार हैं। IMD के अनुसार, आज (16 अगस्त) दिल्ली का मौसम शुष्क हो जाएगा। दिल्ली का अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस रहने की उम्मीद जताई जा रही है। बात करें यमुना जलस्तर की तो पिछले दो दिनों से हो रही लगातार बारिश के कारण यमुना का जलस्तर 205.33 मीटर को पार कर गया है, जो खतरे के निशान तक पहुंच गया है।

हिमाचल और उत्तराखंड में बारिश से हाल-बेहाल

मौसम विभाग ने 15 से 18 अगस्त तक हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भारी बारिश होने की संभावना जताई है। हिमाचल प्रदेश के कई जिलों में बादल फटने की घटनाएं भी सामने आई हैं। मंडी, शिमला और कांगड़ा जिले में हालात बद से बदतर हो चुके हैं। वहीं, अब राहत एवं बचाव कार्यों में भारतीय सेना भी जुट गई है। बता दें कि मौसम विभाग ने राज्य में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।

प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में आसमान पर बादल छाए रहेंगे। मंडी, सोलन, कांगड़ा, हमीरपुर व ऊजा जिलों में अधिक बारिश होने की संभावना व्यक्त की गई है। भारी बारिश को देखते हुए राज्य में 17 अगस्त तक सभी स्कूल-कॉलेज बंद रहेंगे। राज्य शिक्षा बोर्ड ने यह आदेश जारी किया है। हिमाचल प्रदेश में मानसून का मौसम 24 जून को शुरू हुआ। अधिकारियों के अनुसार, मानसून के कारण विभिन्न कारणों से 257 लोगों की जान चली गई है।

झारखंड में भी बारिश की संभावना

भारतीय मौसम विभाग के मुताबिक, 15 से 18 अगस्त के बीच ओडिशा में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। वहीं, 15 से 17 अगस्त तक उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम, 16 और 17 तारीख को गंगीय पश्चिम बंगाल, 15 से 18 तारीख के दौरान झारखंड में हल्की/मध्यम छिटपुट से लेकर काफी तेज बारिश होने की संभावना है। 

अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में हल्की से लेकर भारी वर्षा होने की संभावना है। मौसम विभाग ने पू्र्वोत्तर भारत के लिए 15 से 18 अगस्त तक का बारिश अलर्ट जारी किया है।

मध्य, पश्चिम और दक्षिण भारत

IMD के मुताबिक, 17 और 18 अगस्त को पूर्वी मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में भी हल्की/मध्यम छिटपुट बारिश होने की संभावना है। कुछ क्षेत्रों में भारी बारिश भी हो सकती है। वहीं, अगले छह दिनों के दौरान इन क्षेत्रों के शेष हिस्सों में हल्की वर्षा की संभावना है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।