Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 25, 2016 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

    सीरिया में जल संकटः अलेप्पो में 20 लाख लोग पानी को तरसे

    By Sanjeev TiwariEdited By:
    Updated: Sun, 25 Sep 2016 06:21 AM (IST)

    होम्स में सेना ने विद्रोही गुट फुरसान अल-हक का मुख्यालय ध्वस्त कर दिया है। यहां हवाई हमले में 22 लोगों के मरने की खबर है। ...और पढ़ें

    News Article Hero Image

    बेरुत, एपी। सीरिया के उत्तरी शहर अलेप्पो में करीब 20 लाख लोगों को पानी नहीं मिल पा रहा है। बीते दो दिनों में सेना और रूस के हवाई हमलों में 72 लोग मारे भी गए हैं। इनमें कई महिलाएं और बच्चे हैं। इसके अलावा होम्स में सेना ने विद्रोही गुट फुरसान अल-हक का मुख्यालय ध्वस्त कर दिया है। यहां हवाई हमले में 22 लोगों के मरने की खबर है।

    यूनिसेफ की सीरियाई दूत हाना सिंगर ने बताया कि गुरुवार की आधी रात को सेना की बमबारी में बाब अल-नैरब पंपिंग स्टेशन तबाह हो गया। यहां से विद्रोहियों के प्रभाव वाले पूर्वी इलाके में ढाई लाख लोगों को पानी की आपूर्ति की जाती थी। इसके जवाब में विद्रोहियों ने अपने इलाके में स्थित सुलेमान अल-हलाबी पंपिंग स्टेशन को बंद कर दिया है। इसके कारण सरकार के नियंत्रण वाले पश्चिमी इलाकों में 15 लाख लोग पानी के लिए तरस रहे हैं। ढाई लाख लोग इस शहर में पहले से ही सेना की घेराबंदी के कारण खाद्य पदार्थो, पेयजल और दवाइयों की घोर किल्लत से जूझ रहे हैं।

    सिंगर ने कहा है कि बदले हालात के कारण लोग गड्ढों और कुओं का पानी पीने को मजबूर हैं। इससे बीमारियां फैलने का खतरा बढ़ गया है। अलेप्पो सीरियाई सेना और उनके खिलाफ संघर्षरत समूहों की लड़ाई का मुख्य केंद्र है। एक सप्ताह तक चला संघर्षविराम टूटने के बाद गुरुवार को सरकार ने पूरे शहर पर कब्जे का लक्ष्य तय करते हुए सेना को नए सिरे से हमले के आदेश दिए थे। स्थानीय नागरिकों के अनुसार बीते दो दिनों में हुए हमले पांच साल से ज्यादा समय से जारी संघर्ष के भीषणतम हमले हैं।

    पढ़ेंः एक साल से ISIS के बंदी रहे दो भारतीय प्रोफेसरों को छुड़ाया गया

    निगरानी संगठन सीरियन ऑब्जरवेटरी फॉर ह्यूमन राइट्स के अनुसार रूस और सीरियाई सेना के हमले में शनिवार को 25 लोग मारे गए। मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई गई है, क्योंकि कई लोग मलबे में दबे हैं। इससे पहले शुक्रवार को हवाई हमलों में सात बच्चों समेत 47 लोगों की मौत हो गई थी।

    खबरें और भी