Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    भुवनेश्वर ट्रैफिक पुलिस की अनोखी पहल, रेड लाइट पर अब तनाव नहीं; चौराहों पर बजाए जा रहे मधुर संगीत

    Updated: Tue, 28 Apr 2026 10:37 PM (IST)

    भुवनेश्वर ट्रैफिक पुलिस ने चौराहों पर मधुर संगीत बजाकर यात्रियों का तनाव कम करने की अनूठी पहल की है। ...और पढ़ें

    एआई जेनरेटेड तस्वीर

    एआई जेनरेटेड तस्वीर

    HighLights

    1. चौराहों पर मधुर संगीत से तनाव कम।

    2. 32 ट्रैफिक पोस्ट पर पब्लिक एड्रेस सिस्टम।

    3. यात्रियों को ट्रैफिक अपडेट और सुरक्षा संदेश भी।

    जागरण संवाददाता, भुवनेश्वर। भुवनेश्वर में लंबे ट्रैफिक जाम और सिग्नलों पर इंतजार के दौरान लोगों का तनाव कम करने के लिए कमिश्नरेट पुलिस ने एक अभिनव पहल शुरू की है। राजधानी के प्रमुख चौराहों पर अब सॉफ्ट और मधुर संगीत बजाया जा रहा है, जिसे लोगों से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिल रही है।

    इस पहल के तहत शहर के 32 ट्रैफिक पोस्टों पर लगे पब्लिक एड्रेस सिस्टम  के जरिए शांत और सुकून देने वाला संगीत प्रसारित किया जा रहा है। ये सिस्टम सीसीटीवी निगरानी से जुड़े हैं और स्मार्ट सिटी मुख्यालय से संचालित हो रहे हैं।

    उल्लंघनों पर रियल टाइम में अलर्ट भी दिया जा रहा 

    सिर्फ संगीत ही नहीं, इन पब्लिक एड्रेस सिस्टम के जरिए ट्रैफिक अपडेट और सड़क सुरक्षा संबंधी जागरूकता संदेश भी प्रसारित किए जा रहे हैं। रेड लाइट होने के बाद जेब्रा क्रॉसिंग पार करना, बिना हेलमेट बाइक चलाना या बिना सीट बेल्ट वाहन चलाने जैसे नियम उल्लंघनों पर रियल टाइम में अलर्ट भी दिया जा रहा है।

    भुवनेश्वर के एक निवासी ने कहा कि पब्लिक एड्रेस सिस्टम के जरिए बज रहा मधुर संगीत काफी आनंददायक है। भीषण गर्मी के बीच यह एक बेहद सकारात्मक कदम है।

    ट्रैफिक एसीपी बिस्वजीत मनबोधा ने कहा कि यात्रियों के तनावपूर्ण सफर को सहज बनाने के लिए इस संगीत व्यवस्था की शुरुआत की गई है। इसके अलावा विभिन्न ट्रैफिक पोस्टों पर जागरूकता संदेश भी प्रसारित किए जा रहे हैं।

    यह पहल ऐसे समय में शुरू की गई है जब शहर में बढ़ती ट्रैफिक भीड़ से लोगों को लंबे समय तक जाम का सामना करना पड़ रहा है। हाल ही में पलासुनी ब्रिज पर एक ट्रक में आग लगने के बाद ट्विन सिटी में करीब सात घंटे तक यातायात ठप हो गया था, जिसने बेहतर ट्रैफिक प्रबंधन की जरूरत को उजागर कर दिया।

    खबरें और भी

    लोगों ने इस पहल का स्वागत किया

    हालांकि लोगों ने इस पहल का स्वागत किया है, लेकिन कई नागरिकों ने कहा कि ट्रैफिक जाम की समस्या के स्थायी समाधान भी जरूरी हैं।

    भुवनेश्वर निवासी रश्मि  बेताला ने कहा कि तनावपूर्ण यात्रा और झुलसाती गर्मी के बीच ट्रैफिक पोस्टों पर बज रहा मधुर संगीत बेहद सुखद महसूस कराता है। इससे सकारात्मक ऊर्जा और सुकून का एहसास होता है।

    यात्रा को अधिक आरामदायक बनाने की दिशा में अहम कदम

    ट्रैफिक एसीपी बिस्वजीत मनबोधा ने बताया कि सिग्नलों पर लोगों को रैलियों और कानून-व्यवस्था से जुड़ी स्थितियों की जानकारी भी दी जा रही है और जरूरत पड़ने पर वैकल्पिक मार्ग अपनाने की सलाह दी जा रही है।

    यह पहल शहर के स्मार्ट इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने और रोजमर्रा की यात्रा को अधिक आरामदायक बनाने की दिशा में एक अहम कदम मानी जा रही है।