Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    राउरकेला पुलिस की कामयाबी, ATM तोड़ने की कोशिश करने वाला झारखंड का शातिर चोर गिरफ्तार

    Updated: Sat, 01 Aug 2026 02:14 PM (IST)

    राउरकेला पुलिस ने बैंक ऑफ इंडिया के एटीएम में तोड़फोड़ कर चोरी का प्रयास करने वाले झारखंड के शातिर अपराधी शुभम महतो को गिरफ्तार किया है। ...और पढ़ें

    News Article Hero Image

    HighLights

    1. राउरकेला में एटीएम तोड़ने के प्रयास में गिरफ्तारी।

    2. झारखंड का शातिर अपराधी शुभम महतो पकड़ा गया।

    3. पुलिस ने नकदी और चोरी के उपकरण बरामद किए।

    जागरण संवाददाता, राउरकेला। राउरकेला पुलिस के बिसरा थाने ने जरेईकेला में बैंक ऑफ इंडिया के एटीएम में तोड़फोड़ कर चोरी का प्रयास करने वाले एक शातिर अपराधी को गिरफ्तार कर लिया है। यह मामला 31 जुलाई 2026 को दर्ज किया गया था। पुलिस ने आरोपी के पास से नकदी और घटना में प्रयुक्त उपकरण भी बरामद किए हैं।

    एटीएम की देखभाल करने वाले सीआरए भास्कर घासी (36) ने 31 जुलाई 2026 की दोपहर 12:15 बजे थाने पहुंचकर इस पूरी घटना की शिकायत दर्ज कराई थी। अपनी शिकायत में उन्होंने बताया कि उन्हें उसी दिन सुबह सूचना मिली थी कि बीती रात किसी अज्ञात अपराधी ने जरेईकेला स्थित बैंक ऑफ इंडिया के एटीएम काउंटर को तोड़ दिया है।

    सूचना मिलने के तुरंत बाद जब वह अपने सहकर्मी कमलाकांत बारिक के साथ मौके पर पहुंचे, तो उन्होंने पाया कि एटीएम काउंटर का दरवाजा, सीलिंग और इलेक्ट्रिक बोर्ड पूरी तरह से क्षतिग्रस्त कर दिए गए थे।

    हालांकि, जब उन्होंने मशीन की गहन जांच की, तो उसके अंदर रखे कुल 21 लाख 44 हजार 800 रुपये पूरी तरह सुरक्षित पाए गए। पुलिस के अनुसार, मशीन में 500 रुपये के 3220 नोट, 200 रुपये के 1995 नोट और 100 रुपये के 1438 नोट मौजूद थे। इसके बाद उन्होंने अपने कार्यालय को सूचित किया और कानूनी कार्रवाई के लिए पुलिस की शरण ली।

    पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए भारतीय न्याय संहिता की धारा 331(4)/305(ए)/62/324(5) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की और त्वरित कार्रवाई करते हुए झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले के मनोहरपुर थाना अंतर्गत महुलडीहा गांव निवासी 22 वर्षीय शुभम महतो को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से 8300 रुपये नकद, एटीएम तोड़ने में इस्तेमाल की गई एक लोहे की रॉड और दो कीपैड मोबाइल फोन जब्त किए हैं।

    खबरें और भी

    गिरफ्तार किया गया आरोपी शुभम महतो एक आदतन अपराधी है और उसका पुराना आपराधिक इतिहास रहा है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आरोपी के खिलाफ ओडिशा के बिसरा, झारखंड के गोइलकेरा, मनोहरपुर और आनंदपुर थानों में चोरी तथा अन्य गंभीर धाराओं के तहत कुल आठ आपराधिक मामले पहले से ही दर्ज हैं।

    इस सफल छापेमारी अभियान को अंजाम देने वाली पुलिस टीम का नेतृत्व इंस्पेक्टर एम.आर. कुंभार कर रहे थे, जिसमें उनके साथ सब-इंस्पेक्टर पी.के. साहू, एएसआई आर.के. नायक, ओएपीएफ के जवान डी. केरकेट्टा और होमगार्ड एम. महतो शामिल थे।