Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    ओडिशा में आईपीएल सट्टा रैकेट का भंडाफोड़: पुरी से 4 गिरफ्तार, 25 लाख से अधिक नकदी जब्त

    Updated: Fri, 01 May 2026 10:28 AM (IST)

    पुरी में साइबर पुलिस ने आईपीएल सट्टेबाजी के एक बड़े गिरोह का पर्दाफाश किया है, जिसमें चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। ...और पढ़ें

    HighLights

    1. पुरी में आईपीएल सट्टा रैकेट का खुलासा।

    2. चार आरोपी गिरफ्तार, 25 लाख से अधिक नकद जब्त।

    3. ऑनलाइन प्लेटफॉर्म 'स्काइएक्सचेंज' का उपयोग कर रहे थे।

    जागरण संवाददाता, भुवनेश्वर। आईपीएल-2026 के दौरान सट्टेबाजी के बढ़ते जाल पर बड़ी कार्रवाई करते हुए साइबर पुलिस ने पुरी में सक्रिय एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश किया है। इस कार्रवाई में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि मौके से भारी मात्रा में नकदी और डिजिटल साक्ष्य बरामद किए गए हैं।

    इस संदर्भ में मीडिया को जानकारी देते हुए पुरी पुलिस अधीक्षक प्रतीक सिंह ने कहा कि मसानीचंडी मंदिर के पास आइपीएल मैचों पर सट्टा लगाए जाने की गोपनीय सूचना मिली थी।

    सूचना के आधार पर डीएसपी इंचार्ज साइबर थाना के नेतृत्व में टीम ने तत्काल छापेमारी की। छापे के दौरान कुछ लोग मौके से फरार हो गए, लेकिन चार आरोपियों को रंगे हाथों पकड़ लिया गया।

    गिरफ्तार आरोपियों में प्रसन्न पृस्टी (38), बी नागेश्वर राव, विश्वनाथ लेंका और रमाकांत साहू शामिल हैं। जांच में खुलासा हुआ कि ये सभी 'स्काइएक्सचेंज' नामक ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के जरिए सट्टेबाजी का संचालन कर रहे थे।

    क्या-क्या हुआ बरामद

    छापेमारी के दौरान आरोपियों के पास से 3.04 लाख रुपये नकद और 6 मोबाइल फोन जब्त किए गए। वहीं मुख्य आरोपी प्रसन्न पृस्टी के घर की तलाशी में 22.31 लाख रुपये नकद बरामद हुए। पुलिस ने आरोपियों के बैंक खातों में जमा 31.81 लाख रुपये को भी फ्रीज कर दिया है।

    दो साल से चल रहा था खेल

    पुलिस अधीक्षक सिंह ने कहा कि जांच में सामने आया है कि यह गिरोह पिछले करीब दो वर्षों से पुरी शहर में सक्रिय था और आइपीएल समेत अन्य मैचों पर ऑनलाइन सट्टेबाजी कर मोटी कमाई कर रहा था।

    कई धाराओं में मामला दर्ज

    इस मामले में भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के साथ आइटी एक्ट, प्राइज चीट्स एंड मनी सर्कुलेशन स्कीम्स एक्ट 1978 और लॉटरी (रेगुलेशन) एक्ट 1998 के तहत केस दर्ज किया गया है।

    आगे की कार्रवाई जारी

    पुलिस अधीक्षक सिंह ने कहा कि चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की तलाश तेज कर दी गई है। मुख्य आरोपी के खिलाफ पहले से भी आपराधिक मामला दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया है कि ऑनलाइन सट्टेबाजी जैसे अवैध कारोबार पर सख्ती से कार्रवाई जारी रहेगी।

    खबरें और भी

    यह भी पढ़ें- पश्चिमी ओडिशा की 'लाइफलाइन' पर संकट: शंख नदी का जलस्तर हुआ शून्य, पानी के लिए गड्ढे खोदने को मजबूर ग्रामीण

    यह भी पढ़ें- ओडिशा में नदी में नहाने गई महिला से दुष्कर्म, चेहरे को हथियार से रेता; ट्रॉली पर लादकर अस्पताल ले गए ग्रामीण