Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    श्रीजगन्नाथ रथयात्रा 2026: समुद्र तट से रेलवे स्टेशन तक कड़ी निगरानी, होटल-लॉज की होगी नियमित जांच

    Updated: Fri, 22 May 2026 12:11 PM (GMT+05:30)

    ओडिशा पुलिस ने 2026 की श्रीजगन्नाथ रथयात्रा के लिए सुरक्षा तैयारियों को तेज कर दिया है। ...और पढ़ें

    पुलिस ने की बैठक। (जागरण)

    पुलिस ने की बैठक। (जागरण)

    HighLights

    1. डीजीपी की अध्यक्षता में उच्चस्तरीय सुरक्षा समीक्षा बैठक।

    2. भीड़ और ट्रैफिक नियंत्रण को विशेष प्राथमिकता।

    3. के-9 स्क्वॉड, एसओजी टीम भी रहेगी तैनात।

    जागरण संवाददाता, भुवनेश्वर। विश्व प्रसिद्ध भगवान श्रीजगन्नाथ रथयात्रा-2026 को लेकर ओडिशा पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं।

    कटक स्थित राज्य पुलिस मुख्यालय में डीजीपी योगेश बहादुर खुरानिया की अध्यक्षता में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक हुई, जिसमें रथयात्रा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने को लेकर विस्तृत रणनीति बनाई गई।

    बैठक में डीजीपी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि रथयात्रा के दौरान सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने जमीनी स्तर पर बेहतर समन्वय के साथ काम करने और हर व्यवस्था पर कड़ी निगरानी रखने को कहा।

    पुलिस के अनुसार, 16 जुलाई को रथयात्रा, 24 जुलाई को बहुड़ा यात्रा और 25 जुलाई को सोनावेश के दौरान लाखों श्रद्धालुओं के पुरी पहुंचने की संभावना है। इसे देखते हुए इस बार सुरक्षा व्यवस्था को पहले से अधिक मजबूत बनाया जा रहा है।

    अतिरिक्त पार्किंग, क्रैक टीम और क्लियरेंस पार्टी की होगी तैनाती

    भीड़ और ट्रैफिक नियंत्रण के लिए इस बार 8 अतिरिक्त पार्किंग स्थलों की पहचान की गई है। रथ खींचने के दौरान रथों की सुचारु आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए विशेष क्लियरेंस पार्टी तैनात होगी। वहीं, अधिक भीड़ वाले क्षेत्रों में क्रैक टीम की भी नियुक्ति की जाएगी।

    इसके अलावा शहर के प्रमुख स्थानों पर अतिरिक्त सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। ट्रैफिक व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए रोड डिवाइडर, डिलिनेटर और विशेष ट्रैफिक जोन बनाए जाएंगे।

    होटल-लॉज की होगी जांच, अपराधियों पर रहेगी नजर

    डीजीपी ने पुरी एसपी को निर्देश दिया कि सभी थाना क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाया जाए और होटल व लॉजों की नियमित जांच हो। बाहरी राज्यों से आने वाले आदतन अपराधियों की पहचान कर उनके फोटो रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड के एलईडी स्क्रीन पर प्रदर्शित किए जाएंगे।

    खबरें और भी

    समुद्र तट से रेलवे स्टेशन तक कड़ी निगरानी

    रथयात्रा के दौरान समुद्र तट इलाकों में पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ाई जाएगी और अस्थायी पुलिस आउटपोस्ट भी बनाए जाएंगे। वहीं, पुरी, भुवनेश्वर, खुर्दा और जटनी रेलवे स्टेशनों पर रेलवे पुलिस और आरपीएफ के साथ मिलकर विशेष सुरक्षा व्यवस्था लागू की जाएगी।

    के-9 स्क्वॉड और एनएसजी प्रशिक्षित एसओजी टीम भी रहेगी तैनात

    मंदिर क्षेत्र में सुरक्षा वाहनों, के-9 स्क्वॉड, एनएसजी प्रशिक्षित एसओजी टीम और एसटीयू टीम की तैनाती की जाएगी। भगदड़ जैसी स्थिति से निपटने के लिए विशेष सुरक्षा योजना तैयार की गई है।

    बैरिकेडिंग, श्रद्धालुओं के सुचारु दर्शन और आपातकालीन स्थिति से निपटने को लेकर भी विस्तृत चर्चा हुई। बैठक में कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने हिस्सा लिया, जबकि कुछ अधिकारी वर्चुअल माध्यम से जुड़े।

    यह भी पढ़ें- जगन्नाथ रथयात्रा से पहले ही पुरी के होटलों में ‘नो रूम’, मनमाने किराए के खिलाफ सरकार से जांच की मांग