Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    ओडिशा के स्कूल में 'रैगिंग'! 10वीं के छात्रों ने 20 से ज्यादा जूनियर्स पर बरसाईं लाठियां, वीडियो वायरल

    Updated: Wed, 05 Aug 2026 02:11 PM (IST)

    ओडिशा के रायगड़ा जिले के एक सरकारी आवासीय विद्यालय में रैगिंग और मारपीट का गंभीर मामला सामने आया है, जहां वरिष्ठ छात्रों ने जूनियर छात्रों को लाठियों ...और पढ़ें

    10वीं के छात्रों ने 20 से ज्यादा जूनियर्स पर बरसाईं लाठियां (प्रतीकात्मक तस्वीर)

    10वीं के छात्रों ने 20 से ज्यादा जूनियर्स पर बरसाईं लाठियां (प्रतीकात्मक तस्वीर)

    HighLights

    1. रायगड़ा आवासीय विद्यालय में जूनियर छात्रों की पिटाई।

    2. वरिष्ठ छात्रों द्वारा लाठियों से मारपीट का वीडियो वायरल।

    3. जिला प्रशासन ने घटना की विस्तृत जांच शुरू की।

    जागरण संवाददाता, अनुगुल। ओडिशा के रायगड़ा जिले में एक सरकारी आवासीय विद्यालय के छात्रावास से कथित रैगिंग और मारपीट का गंभीर मामला सामने आया है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में कुछ वरिष्ठ छात्र कथित तौर पर जूनियर छात्रों को लाठियों से पीटते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद जिला प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

    घटना कोलनारा ब्लॉक के रिवालकना हाई स्कूल की बताई जा रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, रविवार रात कक्षा 10 के कुछ छात्रों ने कक्षा 9 के छात्रावास में घुसकर 20 से अधिक जूनियर छात्रों पर कथित रूप से हमला किया।

    इस घटना का वीडियो मंगलवार को सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद प्रशासनिक अधिकारियों ने विद्यालय पहुंचकर जांच शुरू की।

    बताया जा रहा है कि कक्षा 9 के कुछ छात्रों ने कक्षा 10 के एक छात्र और उसके साथियों के व्यवहार की शिकायत शिक्षकों से की थी। शिकायत के बाद संबंधित छात्र को कथित तौर पर चेतावनी दी गई।

    आरोप है कि इसके बाद उसने अपने कुछ सहपाठियों के साथ मिलकर जूनियर छात्रों को निशाना बनाया। हालांकि, घटना के वास्तविक कारण और वीडियो में दिख रहे घटनाक्रम की पुष्टि विभागीय जांच के बाद ही हो सकेगी।

    ब्लॉक अधिकारी ने विद्यालय पहुंचकर की प्रारंभिक जांच

    मामले की गंभीरता को देखते हुए कोलनारा के ब्लॉक कल्याण विस्तार अधिकारी देबाशीष मुंडा ने विद्यालय का दौरा किया और छात्रों तथा स्कूल प्रबंधन से प्रारंभिक जानकारी ली। जिला कल्याण अधिकारी असीमा राव ने ब्लॉक स्तर के अधिकारी को पूरे घटनाक्रम की विस्तृत जांच रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया है।

    घटना की जानकारी रायगड़ा के जिलाधिकारी को भी दे दी गई है। प्रशासन अब यह पता लगाने में जुटा है कि घटना के समय छात्रावास की निगरानी व्यवस्था कैसी थी और वरिष्ठ छात्रों को जूनियर छात्रों तक पहुंचकर कथित हमला करने का अवसर कैसे मिला।

    खबरें और भी

    छात्रावास में दहशत, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

    कथित हमले के बाद छात्रावास में रहने वाले कई छात्र भयभीत बताए जा रहे हैं। घटना ने सरकारी आवासीय विद्यालयों में विद्यार्थियों की सुरक्षा, रात्रिकालीन निगरानी और छात्रावास प्रबंधन की व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

    अधिकारियों के अनुसार, विभागीय जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि मामला रैगिंग का है या इसके पीछे कोई अन्य विवाद था। विद्यालय प्रबंधन की ओर से पुलिस में दी गई शिकायत के आधार पर पुलिस भी आरोपों की जांच कर सकती है।

    फिलहाल जांच जारी है। प्रशासनिक और पुलिस जांच के बाद ही पूरे घटनाक्रम तथा जिम्मेदार लोगों की भूमिका स्पष्ट हो सकेगी।