ओडिशा के स्कूलों में 'वंदे मातरम्' के बाद गाया जाएगा 'जन गण मन', राज्य सरकार ने जारी किया आदेश
ओडिशा सरकार ने सभी स्कूलों को 'वंदे मातरम्' और 'जन गण मन' के गायन के लिए केंद्र के नए दिशानिर्देशों का सख्ती से पालन करने का निर्देश दिया है। ...और पढ़ें

ओडिशा सरकार
HighLights
स्कूलों में 'वंदे मातरम्' के बाद 'जन गण मन' गाया जाएगा।
मूल शब्दों, उच्चारण और धुन का पालन अनिवार्य होगा।
राष्ट्रीय गान के दौरान सावधान की मुद्रा में खड़ा होना।
जागरण संवाददाता, भुवनेश्वर। ओडिशा सरकार ने सोमवार को राज्य के सभी स्कूलों को राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम्’ और राष्ट्रीय गान ‘जन गण मन’ के गायन को लेकर केंद्र सरकार द्वारा जारी नए दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन करने का निर्देश दिया है।
स्कूल एवं जनशिक्षा विभाग ने सभी जिला शिक्षा अधिकारियों (डीईओ), ब्लॉक शिक्षा अधिकारियों (बीईओ) तथा सरकारी एवं सरकारी सहायता प्राप्त विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों को इन निर्देशों का अनुपालन सुनिश्चित करने के लिए कहा है।
अतिरिक्त सचिव नित्यानंद सिंह द्वारा जारी पत्र के अनुसार, राज्य सरकार गृह मंत्रालय द्वारा 9 जुलाई को जारी दिशा-निर्देशों को पूरी तरह लागू करेगी।
वंदे मातरम् के बाद जन गण मन
संशोधित दिशा-निर्देशों के अनुसार, किसी भी स्कूल समारोह या आधिकारिक कार्यक्रम में यदि राष्ट्रीय गीत और राष्ट्रीय गान दोनों का गायन किया जाता है, तो पहले ‘वंदे मातरम्’ और उसके बाद ‘जन गण मन’ प्रस्तुत किया जाएगा।
सरकार ने यह भी निर्देश दिया है कि राष्ट्रीय गीत और राष्ट्रीय गान के मूल शब्दों, लिपि, उच्चारण तथा निर्धारित धुन का पूरी तरह पालन किया जाए।
इसके अलावा, राष्ट्रीय गान के गायन या वादन के दौरान उपस्थित सभी लोगों को सम्मान प्रकट करने के लिए सावधान की मुद्रा में खड़ा होना होगा।
निर्देशों का कड़ाई से पालन करने का आग्रह
हालांकि, दिशा-निर्देशों में यह स्पष्ट किया गया है कि यदि राष्ट्रीय गान किसी फिल्म या वृत्तचित्र (डॉक्यूमेंट्री) के हिस्से के रूप में बजाया जाता है, तो दर्शकों के लिए खड़ा होना अनिवार्य नहीं होगा, क्योंकि इसे औपचारिक प्रस्तुति के बजाय दृश्य-श्रव्य सामग्री का हिस्सा माना जाएगा।
राज्य सरकार ने सभी शैक्षणिक संस्थानों से इन निर्देशों का कड़ाई से पालन करने का आग्रह किया है, ताकि राष्ट्रीय गीत और राष्ट्रीय गान की गरिमा तथा निर्धारित प्रोटोकॉल का सम्मान बनाए रखा जा सके।