जीजा के गांव शादी में गया था युवक, मामूली कहासुनी में आरोपी ने फरसे से वार कर उतारा मौत के घाट
ओडिशा के सुंदरगढ़ जिले में एक शादी समारोह के दौरान मामूली विवाद में 19 वर्षीय युवक की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक तस्वीर।
HighLights
शादी समारोह में मामूली विवाद बना जानलेवा।
पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया, जांच जारी।
जासं, राउरकेला। ओडिशा के सुंदरगढ़ जिले के बणाई थाना अंतर्गत भालुडुंगुरी गांव में एक शादी समारोह के दौरान सनसनीखेज हत्याकांड का मामला सामने आया है। यहां शादी के भोज में शामिल होने आए 19 वर्षीय युवक की धारदार हथियार से हमला कर निर्मम हत्या कर दी गई।
मामूली विवाद और जानलेवा हमला
मृतक की पहचान लहुणीपाड़ा थाना क्षेत्र के उलसुरेई गांव निवासी फगु मुंडा के रूप में हुई है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, फगु मुंडा अपने जीजा के गांव भालुडुंगुरी में आयोजित एक शादी के भोज में शामिल होने गया था।
वहां भोज के दौरान ही किसी बात को लेकर गांव के राजेश नायक के साथ उसकी कहासुनी हो गई। विवाद इतना बढ़ा कि गुस्से में आकर राजेश अपने घर से एक धारदार फरसा निकाल लाया और फगु की गर्दन पर ताबड़तोड़ वार कर दिया।
अस्पताल ले जाते समय तोड़ा दम
हमले में गर्दन कटने के कारण अत्यधिक खून बह गया और फगु मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़ा। परिजनों और ग्रामीणों ने उसे तुरंत इलाज के लिए पहले बणाई और फिर बेहतर उपचार के लिए राउरकेला ले जाने का प्रयास किया।
गंभीर रूप से घायल होने के कारण फगु ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। शव को फिलहाल राउरकेला सरकारी अस्पताल (RGH) के शवगृह में रखा गया है।
हादसे के बाद आरोपी हिरासत में
बणाई थाना प्रभारी पिंकी मुर्मू ने बताया कि पीड़ित परिवार की शिकायत के आधार पर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी राजेश नायक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद उसे परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस घटना के पीछे के वास्तविक कारणों की गहराई से जांच कर रही है।