Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    भगवान जगन्नाथ के भक्तों के लिए डिजिटल हुंडी लॉन्च, अब WhatsApp व UPI से भी कर सकेंगे दान

    By Laxmi Narayan PattanikEdited By: Nishant Bharti
    Updated: Thu, 16 Jul 2026 09:21 AM (IST)

    मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने पुरी स्थित श्रीजगन्नाथ मंदिर के लिए 'समर्पण' डिजिटल हुंडी का शुभारंभ किया है। इस पहल से देश-विदेश के श्रद्धालु अब घर बैठे ...और पढ़ें

    भगवान जगन्नाथ के भक्तों के लिए डिजिटल हुंडी लॉन्च

    भगवान जगन्नाथ के भक्तों के लिए डिजिटल हुंडी लॉन्च

    HighLights

    1. मुख्यमंत्री ने पुरी में डिजिटल हुंडी 'समर्पण' का शुभारंभ किया।

    2. श्रद्धालु अब घर बैठे ऑनलाइन सुरक्षित दान कर सकेंगे।

    3. UPI, WhatsApp सहित कई माध्यमों से दान की सुविधा।

    जागरण संवाददाता, पुरी। भगवान श्रीजगन्नाथ के करोड़ों श्रद्धालुओं के लिए ओडिशा सरकार ने रथ यात्रा से पहले एक बड़ी डिजिटल पहल की है। मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने पुरी स्थित श्रीजगन्नाथ मंदिर प्रशासन कार्यालय में अत्याधुनिक डिजिटल हुंडी 'समर्पण' का शुभारंभ किया। 

    इस व्यवस्था के जरिए देश-विदेश में रहने वाले श्रद्धालु अब घर बैठे सुरक्षित और पारदर्शी तरीके से श्रीजगन्नाथ मंदिर में ऑनलाइन दान कर सकेंगे।

    यह डिजिटल पोर्टल और मोबाइल ऐप राज्य के इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी विभाग की पहल पर विकसित किया गया है।

    ओकाक (OCAC) द्वारा तैयार किए गए इस प्लेटफॉर्म को श्रीजगन्नाथ मंदिर प्रशासन के आधिकारिक पोर्टल से जोड़ा गया है, जिससे दान प्रक्रिया पूरी तरह सुरक्षित और पारदर्शी होगी।

    विदेशों में रहने वाले भक्तों को मिलेगी सहूलियत

    मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने कहा कि इस पहल का उद्देश्य दुनिया भर के श्रद्धालुओं को श्रीमंदिर से जोड़ना है। डिजिटल माध्यम से प्राप्त होने वाली दान राशि का उपयोग मंदिर के विकास, संरक्षण और रखरखाव में किया जाएगा। 

    उन्होंने कहा कि यह व्यवस्था श्रीजगन्नाथ की परंपरा को मजबूत करने और श्रीमंदिर के सर्वांगीण विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी। इससे विदेशों में रहने वाले भक्त भी आसानी से प्रभु के चरणों में अपनी श्रद्धा अर्पित कर सकेंगे।

    UPI, इंटरनेट बैंकिंग और WhatsApp से भी कर सकेंगे दान

    श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए डिजिटल हुंडी में UPI, इंटरनेट बैंकिंग, डेबिट कार्ड, क्रेडिट कार्ड के साथ-साथ WhatsApp के जरिए भी भुगतान की सुविधा दी गई है। जरूरत पड़ने पर यह प्रणाली पैन (PAN) की जानकारी भी लेगी और आयकर अधिनियम की धारा 80G के तहत दान रसीद उपलब्ध कराएगी, जिससे दानदाता टैक्स छूट का लाभ भी उठा सकेंगे।

    खबरें और भी

    ऐप में मिलेंगी कई सुविधाएं

    सिर्फ दान ही नहीं, बल्कि मोबाइल ऐप के जरिए श्रद्धालु श्रीमंदिर से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां, घोषणाएं, नए अपडेट और भक्त निवास में ठहरने के लिए ऑनलाइन बुकिंग जैसी सुविधाओं का भी लाभ उठा सकेंगे।

    श्रीजगन्नाथ मंदिर के मुख्य प्रशासक डॉ. अरविंद कुमार पाढ़ी ने कहा कि परंपरा और आधुनिक तकनीक के समन्वय से तैयार की गई यह डिजिटल हुंडी व्यवस्था श्रद्धालुओं के लिए अधिक आसान, पारदर्शी और समय की बचत करने वाली साबित होगी। खास बात यह है कि इसे WhatsApp से भी जोड़ा गया है, जिससे दान प्रक्रिया और अधिक सरल हो गई है।

    इस अवसर पर राज्य के कानून, आबकारी एवं लोक निर्माण मंत्री पृथ्वीराज हरिचंदन, वाणिज्य एवं परिवहन मंत्री विभूति भूषण जेना, पुरी सांसद डॉ. संबित पात्रा, पिपिली विधायक आश्रित पटनायक, सत्यवादी विधायक ओम प्रकाश मिश्र, मुख्य सचिव अनु गर्ग, अतिरिक्त मुख्य सचिव हेमंत कुमार शर्मा, श्रीमंदिर के मुख्य प्रशासक डॉ. अरविंद कुमार पाढ़ी सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

    यह भी पढ़ें- पुरी में जगन्नाथ रथयात्रा: सुबह 9:30 बजे से शुरू होगी पहंडी, शाम 4 बजे से प्रारंभ होगी रथ खींचने की प्रक्रिया