पुरी: महाप्रभु के नवयौवन दर्शन में भारी भीड़ के बीच धक्का-मुक्की, कई श्रद्धालु घायल; 3 घंटे की देरी से खुले कपाट
पुरी में महाप्रभु के नवयौवन दर्शन के लिए उमड़ी भारी भीड़ के कारण धक्का-मुक्की हुई, जिसमें कई श्रद्धालु घायल हो गए। दर्शन तीन घंटे की देरी से शुरू हुए, ...और पढ़ें
HighLights
महाप्रभु के नवयौवन दर्शन में भारी भीड़ उमड़ी।
दर्शन में धक्का-मुक्की से कई श्रद्धालु घायल हुए।
तीन घंटे की देरी से खुले कपाट, 50 हजार ने किए दर्शन।
जागरण संवाददाता, पुरी। श्रीजगन्नाथ महाप्रभु ने अनसर (मानवीय लीला) की अवधि पूर्ण कर स्वस्थ होने के बाद मंगलवार को भक्तों को नवयौवन दर्शन दिए। हालांकि निर्धारित समय से करीब तीन घंटे की देरी से दर्शन शुरू होने के कारण श्रद्धालुओं को लंबा इंतजार करना पड़ा।
प्रशासन ने शाम करीब 5 बजे सबसे पहले परमाणिक टिकटधारकों के लिए दर्शन की व्यवस्था की। इसके लगभग आधे घंटे बाद आम श्रद्धालुओं के लिए द्वार खोले गए। नवयौवन दर्शन का सिलसिला शाम 7:15 बजे तक चला।
परिसर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी
दर्शन शुरू होते ही श्रीमंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। रथों के पास पहले से मौजूद हजारों भक्त एक साथ सिंहद्वार बैरिकेड की ओर बढ़ने लगे, जिससे अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।
भीड़ के दबाव और धक्का-मुक्की में कई श्रद्धालु घायल हो गए। अचानक बढ़ी भीड़ को नियंत्रित करने में पुलिस और प्रशासन को काफी मशक्कत करनी पड़ी।
50 हजार से अधिक भक्तों ने किए दर्शन
दिनभर रुक-रुककर बारिश होने के बावजूद श्रद्धालुओं का उत्साह कम नहीं हुआ। मात्र दो घंटे के भीतर करीब 50 हजार से अधिक भक्तों ने महाप्रभु के नवयौवन दर्शन किए। निर्धारित समय समाप्त होने के बाद दर्शन बंद कर दिए गए, जिससे सैकड़ों श्रद्धालुओं को बिना दर्शन किए ही निराश होकर लौटना पड़ा।
उल्लेखनीय है कि पिछले तीन दिनों से महाप्रभु की विशेष अनसर नीतियां चल रही थीं। इसके पूर्ण होने के बाद नवयौवन वेश में भगवान के दर्शन के लिए देशभर से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पुरी पहुंचे थे।
यह भी पढ़ें- पुरी रथ यात्रा में महाप्रसाद व दान के नाम पर ठगी का खेल, 42 फर्जी वेबसाइट और 212 वेब पेज ब्लॉक