पुरी में शिक्षक ने NCC कैंप में की 9वीं की छात्रा से अभद्रता: आपत्तिजनक चैट वायरल, परिजनों में आक्रोश
ओडिशा के पुरी में एक NCC शिक्षक पर नौवीं कक्षा की छात्रा से अभद्र व्यवहार और आपत्तिजनक चैटिंग का आरोप लगा है। परिजनों ने मामले की निष्पक्ष जांच और छात ...और पढ़ें

जागरण संवाददाता, पुरी। ओडिशा के पुरी जिले के अस्तरंग स्थित सुरेन्द्रनाथ विद्यापीठ, सुंदर उच्च विद्यालय के एक NCC शिक्षक पर नौवीं कक्षा की छात्रा के साथ कथित अभद्र व्यवहार और सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक चैटिंग करने का आरोप लगा है। मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चा तेज है और निष्पक्ष जांच की मांग उठ रही है।
जानकारी के अनुसार, कुछ दिन पहले पुरी में आयोजित एक NCC कैंप में विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने भाग लिया था। आरोप है कि कैंप के दौरान विद्यालय के NCC शिक्षक प्रकाश भोला ने नौवीं कक्षा की एक छात्रा के साथ अनुचित व्यवहार किया। इसके अलावा सोशल मीडिया पर शिक्षक और छात्रा के बीच हुई कथित चैट भी वायरल होने की बात सामने आई है। हालांकि इन दावों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
रिपोर्ट के अनुसार, छात्रा ने घटना की जानकारी अपने परिजनों और विद्यालय के शिक्षकों को दी थी। आरोप है कि शिकायत के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई, जिससे अभिभावकों में नाराजगी और चिंता का माहौल है।
स्थानीय लोगों का यह भी दावा है कि करीब 6 वर्ष पहले भी संबंधित शिक्षक पर एक अन्य विद्यालय में छात्रा के साथ अभद्र व्यवहार का आरोप लगा था। हालांकि उस मामले के संबंध में आधिकारिक रिकॉर्ड या प्रशासनिक पुष्टि उपलब्ध नहीं है।
खबरें और भी
घटना सामने आने के बाद क्षेत्र के लोगों ने मामले की उच्चस्तरीय एवं निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। अभिभावकों ने विद्यालय में छात्र-छात्राओं की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने पर जोर दिया है।
विद्यालय प्रशासन का कहना है कि विद्यार्थियों की सुरक्षा और कल्याण उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। साथ ही लोगों से अपील की गई है कि किसी भी प्रकार की अफवाह न फैलाएं और जांच पूरी होने तक संयम बनाए रखें।
इस मामले में जिला एवं ब्लॉक शिक्षा अधिकारियों से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनसे संपर्क नहीं हो सका। स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन से मामले का संज्ञान लेकर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है।
यह भी पढ़ें- ओडिशा में ₹140 के बिजली बिल पर उपभोक्ता ने तानी बंदूक, पुलिस ने दबोचा; घर से बारूद बरामद
यह भी पढ़ें- भुवनेश्वर: नशेड़ियों का अड्डा बनी हाईस्कूल की दीवार से सटी पान की दुकान, स्थानीय लोगों में रोष