जगन्नाथ रथयात्रा में पुलिस का बड़ा एक्शन, 175 स्नैचर गिरफ्तार; 304 श्रद्धालुओं को वापस मिले उनके मोबाइल
पुरी पुलिस ने जगन्नाथ रथयात्रा 2026 के दौरान विशेष एंटी-स्नैचिंग अभियान चलाकर 175 स्नैचरों को गिरफ्तार किया है। ...और पढ़ें

304 श्रद्धालुओं को वापस मिले उनके मोबाइल
HighLights
पुरी पुलिस ने 175 स्नैचरों को गिरफ्तार किया।
रथयात्रा से 304 गुम मोबाइल फोन बरामद हुए।
पुलिस ने 'सिटिजन फर्स्ट' भावना से कार्य किया।
संवाद सूत्र, पुरी। विश्व प्रसिद्ध भगवान श्रीजगन्नाथ की रथयात्रा-2026 के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और अपराध नियंत्रण को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए पुरी पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। विशेष एंटी स्नैचिंग अभियान के तहत पुलिस ने 175 स्नैचरों को गिरफ्तार किया है, जबकि 304 गुम हुए मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को लौटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
पुरी के पुलिस अधीक्षक (एसपी) प्रतीक सिंह के नेतृत्व में जिले के सभी थानों और साइबर पुलिस की संयुक्त टीमों ने रथयात्रा के दौरान एक विशेष एंटी स्नैचिंग स्क्वॉड का गठन किया था। यह टीम बड़ी डांडा, श्रीमंदिर परिसर, बस स्टैंड, समुद्र तट तथा अन्य भीड़भाड़ वाले संवेदनशील क्षेत्रों में सादे कपड़ों में लगातार निगरानी करती रही।
175 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया
इस सुनियोजित अभियान के परिणामस्वरूप 175 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। सभी के खिलाफ संबंधित थानों में मामले दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया गया है। पुलिस का कहना है कि यह कार्रवाई संगठित स्नैचिंग गिरोहों के खिलाफ उसकी 'जीरो टॉलरेंस' नीति का स्पष्ट संदेश है।
अभियान के दौरान पुलिस ने 304 मोबाइल फोन, सोने के आभूषण, नकदी, पर्स, पहचान पत्र सहित कई मूल्यवान सामान भी बरामद किए हैं। सत्यापन के बाद इन सभी वस्तुओं को चरणबद्ध तरीके से उनके वास्तविक मालिकों को लौटाया जा रहा है।
खबरें और भी
सीसीटीवी कैमरे से हो रही अपराधियों की पहचान
इसी क्रम में बुधवार को आयोजित 'मिसिंग मोबाइल मेला' में बड़ी संख्या में लोगों को उनके खोए हुए मोबाइल फोन सौंपे गए। अपना मोबाइल वापस मिलने पर लोगों ने पुरी पुलिस की त्वरित कार्रवाई, पारदर्शिता और जनसेवा की भावना की सराहना की।
पुलिस के अनुसार, रथयात्रा के दौरान सीसीटीवी निगरानी, इंटेलिजेंस इनपुट, सादे कपड़ों में तैनात पुलिसकर्मियों, क्विक रिस्पॉन्स टीम और सभी थानों के समन्वित प्रयासों से अपराधियों की शीघ्र पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करना संभव हो सका।
व्हाट्सएप से घर बैठे करें शिकायत
पुरी पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी का मोबाइल फोन गुम हो गया है और अब तक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है या मोबाइल वापस नहीं मिला है, तो वे पुलिस के 'सहायक' व्हाट्सएप चैटबॉट (8763199400) के माध्यम से घर बैठे अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं।
पुलिस का कहना है कि रथयात्रा-2026 में मिली यह सफलता केवल अपराधियों पर सख्त कार्रवाई का उदाहरण नहीं है, बल्कि 'सिटिजन फर्स्ट' की भावना के साथ जनहित में कार्य करने की उसकी प्रतिबद्धता का भी प्रमाण है। आने वाले समय में भी पुरी पुलिस सुरक्षा, अपराध नियंत्रण और त्वरित जनसेवा के लिए इसी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करती रहेगी।