रथ यात्रा 2026: पुरी समुद्र तट पर सुरक्षा सख्त, आपात स्थिति से निपटने के लिए लाइफगार्ड्स ने किया मॉक रेस्क्यू ड्रिल
पुरी में रथ यात्रा 2026 के लिए सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की जा रही है। लाइफगार्ड्स ने समुद्र तट पर आपात स्थिति से निपटने के लिए मॉक रेस्क्यू ड्रिल का आयो ...और पढ़ें

लाइफगार्ड्स ने किया मॉक रेस्क्यू ड्रिल
HighLights
रथ यात्रा 2026 सुरक्षा: पुरी समुद्र तट पर लाइफगार्ड्स ने किया अभ्यास।
समुद्र में आपात स्थिति से निपटने के लिए बचाव कार्यों का प्रदर्शन।
रिप करंट्स के खतरों के प्रति पर्यटकों को जागरूक किया जा रहा।
जागरण संवाददाता, भुवनेश्वर। रथ यात्रा 2026 को लेकर जगन्नाथ धाम पुरी में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जा रहा है। लाखों श्रद्धालुओं और पर्यटकों की संभावित भीड़ को देखते हुए सोमवार को पुरी समुद्र तट पर लाइफगार्ड्स ने मॉक रेस्क्यू ड्रिल का आयोजन किया। इस दौरान समुद्र में किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए बचाव कार्यों का अभ्यास किया गया।
पुरी लाइफगार्ड एसोसिएशन की ओर से आयोजित इस अभ्यास में लाइफगार्ड्स ने समुद्र में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने, प्राथमिक उपचार देने और जरूरत पड़ने पर उन्हें अस्पताल पहुंचाने की प्रक्रिया का प्रदर्शन किया।
अधिकारियों ने बताया कि रथ यात्रा के दौरान समुद्र तट पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक पहुंचते हैं, इसलिए किसी भी संभावित दुर्घटना से निपटने के लिए पहले से तैयारी की जा रही है।
बचाव कार्यों का किया गया प्रदर्शन
मॉक ड्रिल के दौरान लाइफगार्ड्स ने समुद्र में डूब रहे व्यक्ति तक तेजी से पहुंचने, उसे सुरक्षित किनारे लाने और तत्काल प्राथमिक उपचार देने की तकनीकों का प्रदर्शन किया। इस अभ्यास का उद्देश्य आपात स्थिति में प्रतिक्रिया समय को कम करना और बचाव दल के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना है।
रिप करंट्स को लेकर लोगों को किया जा रहा जागरूक
रथ यात्रा के दौरान सुरक्षा अभियान के तहत पर्यटकों को रिप करंट्स के खतरे के बारे में भी जागरूक किया जा रहा है। लाइफगार्ड्स लोगों को समुद्र में सुरक्षित स्थानों पर ही स्नान करने और चेतावनी संकेतों का पालन करने की सलाह दे रहे हैं।
अधिकारियों के अनुसार, रिप करंट्स समुद्र की तेज जलधाराएं होती हैं, जो तैराकों को किनारे से दूर गहरे पानी की ओर खींच सकती हैं। ऐसे में घबराने के बजाय सतर्कता बरतना और लाइफगार्ड्स के निर्देशों का पालन करना जरूरी है।
खबरें और भी
रथ यात्रा तक जारी रहेगा अभ्यास
प्रशासन का कहना है कि रथ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी को ध्यान में रखते हुए आने वाले दिनों में भी समुद्र तट पर मॉक ड्रिल और जागरूकता अभियान जारी रहेंगे, ताकि पुरी आने वाले श्रद्धालु सुरक्षित तरीके से अपनी यात्रा का आनंद ले सकें।