रथयात्रा को लेकर हाईलेवल बैठक: पुरी रूट पर बढ़ेंगी बसें, अधिक किराया वसूली पर होगी सख्त कार्रवाई
राज्य सरकार ने भगवान जगन्नाथ रथयात्रा की तैयारियों की समीक्षा की, जिसमें श्रद्धालुओं की सुरक्षित और सुगम यात्रा सुनिश्चित करने के लिए कई महत्वपूर्ण नि ...और पढ़ें

AI Generated Image
HighLights
पुरी रूट पर बसों की संख्या बढ़ाई जाएगी, अस्थायी परमिट सरल।
निर्धारित किराये से अधिक वसूली पर सख्त कार्रवाई, ओवरलोडिंग पर रोक।
निःशुल्क ऑटो, शटल सेवा, विश्राम गृह और भोजन की व्यवस्था।
संवाद सहयोगी, कटक। विश्वप्रसिद्ध भगवान जगन्नाथ रथयात्रा के दौरान लाखों श्रद्धालुओं की सुरक्षित एवं सुगम यात्रा सुनिश्चित करने के लिए शुक्रवार को राज्य सरकार ने व्यापक तैयारियों की समीक्षा की।
वाणिज्य एवं परिवहन, इस्पात एवं खान मंत्री विभूति भूषण जेना की अध्यक्षता में आयोजित उच्चस्तरीय बैठक में परिवहन व्यवस्था, सड़क सुरक्षा, ट्रैफिक प्रबंधन और श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
बैठक में वाणिज्य एवं परिवहन विभाग के प्रमुख सचिव एन.बी.एस. राजपूत, रथयात्रा प्रबंधन की जिम्मेदारी संभाल रहे वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी सौमेंद्र प्रियदर्शी, परिवहन आयुक्त अमिताभ ठाकुर सहित विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
वहीं पुरी के जिलाधिकारी, एसपी, कटक और भुवनेश्वर के डीसीपी, क्रुट, राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के अधिकारी वर्चुअल माध्यम से जुड़े। बैठक में रथयात्रा के लिए तैयार किए गए परिवहन ब्लूप्रिंट, अब तक की तैयारियों तथा आगामी कार्ययोजना की विस्तार से समीक्षा की गई । मंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि, श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा हर स्तर पर सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।
उन्होंने प्रशासन, पुलिस और परिवहन विभाग के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखते हुए सभी व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने को कहा। रथयात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए पुरी रूट पर बसों की संख्या बढ़ाने का निर्णय लिया गया है। साथ ही अस्थायी परमिट जारी करने की प्रक्रिया को सरल और तेज बनाया जाएगा, ताकि जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त बसें तुरंत संचालित की जा सकें।
मंत्री ने चेतावनी दी कि, निर्धारित किराये से अधिक वसूली करने वाले बस संचालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। सभी बसों में किराया सूची अनिवार्य रूप से प्रदर्शित करनी होगी और यात्रियों से सरकार द्वारा तय दर के अनुसार ही किराया लिया जाएगा। इसके अलावा ओवरलोडिंग और ओवरस्पीडिंग रोकने के लिए विशेष प्रवर्तन अभियान चलाया जाएगा।
ऑटो चालकों द्वारा मनमाना किराया वसूलने पर भी निगरानी रखी जाएगी। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए इस वर्ष पुरी के सभी पार्किंग स्थलों से निर्धारित स्थानों तक नि:शुल्क ऑटो सेवा उपलब्ध कराई जाएगी। इसके अलावा मालतीपाटपुर से नि:शुल्क शटल सेवा भी संचालित होगी। तालबनिया में अस्थायी विश्राम गृह, पीने के पानी, प्राथमिक उपचार, सूचना केंद्र, हेल्प डेस्क तथा रथयात्रा और बहुड़ा यात्रा के दौरान नि:शुल्क पका भोजन उपलब्ध कराया जाएगा।
खबरें और भी
मालतीपाटपुर में भी आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था की जाएगी। पार्किंग स्थलों पर पर्याप्त व्यवस्था के साथ सुरक्षा के लिए प्रवेश और निकास द्वारों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। श्रद्धालुओं को आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने के लिए सूचना केंद्र और हेल्प डेस्क चौबीसों घंटे सक्रिय रहेंगे तथा जिला प्रशासन इन सुविधाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करेगा।
बैठक में भुवनेश्वर-पुरी राष्ट्रीय राजमार्ग पर सड़क सुरक्षा को लेकर भी विशेष चर्चा हुई। मंत्री ने एनएचएआई अधिकारियों को निर्देश दिया कि सड़क मरम्मत, स्ट्रीट लाइट, लेन मार्किंग, साइन बोर्ड तथा अन्य आवश्यक कार्य समय सीमा के भीतर पूरे किए जाएं।
राष्ट्रीय राजमार्ग पर आवारा मवेशियों के कारण होने वाली दुर्घटनाओं को रोकने के लिए भी प्रभावी कदम उठाने को कहा गया। मंत्री विभूति भूषण जेना ने कहा कि, रथयात्रा के दौरान ओडिशा ही नहीं बल्कि देशभर से आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुगम यात्रा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
उन्होंने कहा कि 'महाप्रभु के कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रशासन, पुलिस और परिवहन विभाग पूरी जिम्मेदारी और समन्वय के साथ कार्य करें, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।