Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    सुंदरगढ़ गैंगरेप केस: BJD नेताओं ने पीड़िता के परिवार से की मुलाकात, आरोपियों जल्द सजा दिलाने की मांग

    Updated: Wed, 15 Jul 2026 04:54 PM (IST)

    सुंदरगढ़ के तलेसरा थाना क्षेत्र में नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म के सभी छह आरोपी गिरफ्तार कर लिए गए हैं। तीन नाबालिगों को बाल सुधार गृह और तीन बालिगों ...और पढ़ें

    सुंदरगढ़ विधायक जोगेश कुमार सिंह। फाइल फोटो

    सुंदरगढ़ विधायक जोगेश कुमार सिंह। फाइल फोटो

    HighLights

    1. नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म के सभी छह आरोपी गिरफ्तार।

    2. तीन नाबालिग बाल सुधार गृह, तीन बालिग जेल भेजे गए।

    3. जिला बीजद ने पीड़िता को न्याय दिलाने की मांग की।

    जागरण संवाददाता, राउरकेला। तलेसरा थाना के बनडेगा पुलिस चौकी क्षेत्र में नाबालिग युवती से सामूहिक दुष्कर्म की घटना को लेकर जिला बीजद ने चिंता व्यक्त करते हुए पीड़िता को न्याय दिलाने और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

    सुंदरगढ़ विधायक एवं जिला बीजद अध्यक्ष जोगेश कुमार सिंह के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने पीड़िता के परिवार से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी। प्रतिनिधिमंडल ने तलेसरा थाना प्रभारी यशोवंती बाग से घटना की जानकारी ली।

    बाद में एसपी अमृतपाल कौर से मिलकर आरोपियों को शीघ्र सजा दिलाने की दिशा में कदम उठाने का अनुरोध किया। इसके बाद सीडीएमओ डॉ. सुरेशचंद्र महारी से पीड़िता की स्वास्थ्य स्थिति पर चर्चा की।

    प्रतिनिधिमंडल में जिला परिषद अध्यक्ष कुर्ति प्रधान, सबडेगा पंचायत समिति अध्यक्ष बुद्धि प्रधान, जिला परिषद सदस्य अश्विनी नायक, मंजुलता नायक, गेलबती पटेल, पार्षद सुशील नाग, विधायक प्रतिनिधि सुमंत पंडा, महताब कलीम, अमिय प्रधान, जामिल हुसैन, अरुण दीक्षित सहित अन्य मौजूद थे।

     क्या है पूरा मामला?

    सुंदरगढ़ जिले के तलेसरा थाना अंतर्गत बनडेगा चौकी क्षेत्र में एक नाबालिग लड़की से सामूहिक दुष्कर्म में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी छह आरोपियों को दबोच लिया है।

    इनमें से तीन नाबालिग आरोपियों को राउरकेला स्थित बाल सुधार गृह भेजा गया है, जबकि तीन बालिग आरोपियों को सोमवार को कोर्ट में पेशी के बाद जिला कारागार भेज दिया गया।

    पुलिस के अनुसार, मूल रूप से छत्तीसगढ़ की रहने वाली पीड़िता अपने परिवार के साथ बनडेगा क्षेत्र स्थित अपने मामा के घर एक शादी समारोह में आई थी।

    शनिवार की रात जब वह घर से बाहर निकली, तभी घात लगाए बैठे दो बदमाशों ने मोटरसाइकिल पर उसका जबरन अपहरण कर लिया और पास के जंगल में ले गए।

    जंगल में पहले से ही चार अन्य आरोपी मौजूद थे। सभी छह आरोपियों ने मिलकर नाबालिग के साथ बारी-बारी से दरिंदगी की। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पीड़िता को बेसुध हालत में छोड़कर फरार हो गए।

    किसी तरह पीड़िता अपने घर पहुंची और परिजनों को आपबीती बताई। रविवार सुबह स्थानीय समाजसेविका की मदद से परिजनों ने तलेसरा थाने में शिकायत दर्ज कराई। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस तुरंत हरकत में आई।

    सुंदरगढ़ के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक निर्मल महापात्र और थाना प्रभारी यशोबंती बाग के नेतृत्व में पुलिस टीम ने विभिन्न ठिकानों पर छापेमारी कर महज कुछ ही घंटों में सभी छह आरोपियों को दबोच लिया। न्यायालय द्वारा जमानत याचिका खारिज किए जाने के बाद तीन बालिग आरोपियों को जेल भेज दिया गया।

    यह भी पढ़ें- पुरी: महाप्रभु के नवयौवन दर्शन में भारी भीड़ के बीच धक्का-मुक्की, कई श्रद्धालु घायल; 3 घंटे की देरी से खुले कपाट

    खबरें और भी