Asian Games 2026: स्क्वाश में अनाहत-अभय गोल्ड से एक कदम दूर, बैडमिंटन, बॉक्सिंग और आर्चरी में भारत का दमदार प्रदर्शन
एशियन गेम्स 2026 में शनिवार के दिन भारतीय एथलीट्स का प्रदर्शन तुलनात्मक अच्छा रहा। स्क्वाश में अनाहत और अभय ने ...और पढ़ें

भारतीय एथलीट्स का प्रदर्शन अच्छा रहा
HighLights
चैंपियन बनते ही अभय-अनाहत ओलिंपिक के लिए क्वालिफाई कर लेंगें
सिंधू-शेट्टी प्री-क्वार्टर फाइनल में पहुंचे, लक्ष्य सेन का सफर समाप्त
कपिल ने ईरान के सैम एस्ताकी को हराकर अंतिम आठ में प्रवेश किया
प्रेट्र, नागोया। एशियाई खेलों में स्क्वाश में शनिवार को भारत के दो खिलाड़ी स्वर्ण पदक के और करीब पहुंच गए। महिला सिंगल्स वर्ग में अनाहत सिंह और पुरुष सिंगल्स वर्ग में अभय सिंह ने अपने-अपने सेमीफाइनल मुकाबले जीतकर फाइनल में जगह बना ली।
अभय और अनाहत फाइनल में जीत के साथ न सिर्फ स्वर्ण पदक जीत लेंगे, बल्कि इससे वह 2028 के लास एंजिलिस ओलिंपिक खेलों के लिए भी क्वालिफाई कर जाएंगे। भारत की युवा सनसनी अनाहत सिंह ने सेमीफाइनल में पहले दो गेम हारने के बाद शानदार वापसी करते हुए जापान की ज्यादा रैंकिंग वाली सतोमी वातानाबे को 3-2 से हराया।
वहीं, अभय ने पुरुष सिंगल्स के सेमीफाइनल में पाकिस्तान के मुहम्मद इरफान को 3-0 से हराया। अनाहत ने 9-11, 11-13, 12-10, 11-6, 11-3 से जीत हासिल की और कुछ इसी तरह के आंकड़ों से सतोमी के विरुद्ध पिलछे मुकाबले में मिली हार का बदला लिया।
रविवार को होने वाले फाइनल में अनाहत का मुकाबला मलेशिया की दुनिया की नंबर 5 खिलाड़ी शिवसंगरी सुब्रमण्यम से होगा। वहीं पाकिस्तानी प्रतिद्वंद्वी इरफान को 11-3, 12-10, 11-6 से हराने वाले अभय का सामना फाइनल में मलेशिया के एनजी इयान योव से होगा।
बैडमिंटन में सिंधू-आयुष और उन्नति आगे बढ़े, लक्ष्य हारे
एशियाई खेलों में बैडमिंटन में शनिवार को दो बार की ओलिंपिक पदक विजेता पीवी सिंधू और युवा शटलर आयुष शेट्टी ने सीधे गेम में जीत हासिल करके सिंगल्स के प्री-क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली, हालांकि लक्ष्य सेन दूसरे दौर में हार के साथ बाहर हो गए।
सिंधू ने दूसरे दौर में चीनी ताइपे की दुनिया की 17वें नंबर की खिलाड़ी चिउ पिन-चियन को 21-19, 21-14 से हराया। सिंधू का अगला मुकाबला जापान की टोमोका मियाज़ाकी से होगा। वहीं आयुष ने दूसरे दौर में कजाकिस्तान के मखसुत ताजीबुल्लायेव को 21-7, 21-7 से हराकर चीनी ताइपे के चाउ टिएन चेन के साथ मुकाबला तय किया।
उन्नति हुड्डा ने मलेशिया की लिंग चिंग वोंग को 21-14, 20-22, 21-19 से हराकर महिला सिंगल्स के तीसरे दौर में जगह बनाई। उनका मुकाबला इंडोनेशिया की पुत्री कुसुमा वर्दानी से होगा। लक्ष्य को सिंगापुर के पूर्व विश्व चैंपियन लोह कीन यू के विरुद्ध 12-21, 21-15, 14-21 से हार गए।
मुक्केबाज कपिल क्वार्टर फाइनल में पहुंचे, जादुमणि बाहर
भारतीय मुक्केबाज कपिल पोखरिया (90 किग्रा) और प्रिया घांघस (60 किग्रा) ने शनिवार को एशियाई खेलों में शानदार प्रदर्शन करते हुए क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई, लेकिन जादुमणि सिंह (55 किग्रा) का सफर हार के साथ खत्म हो गया। उत्तराखंड के रहने वाले कपिल ने ईरान के सैम एस्ताकी को 5-0 से हराकर अंतिम आठ में प्रवेश किया।
वहीं ग्लास्गो राष्ट्रमंडल खेलों की स्वर्ण पदक विजेता घांघस ने क्वार्टर फाइनल में पहुंचने के लिए कोरियाई खिलाड़ी ओह येओन-जी को सर्वसम्मति से 5-0 से हराया। हालांकि, राष्ट्रमंडल खेलों के रजत पदक विजेता जादुमणि को फिलीपींस के कार्लो पालाम से 0-3 से हरा दिया।
क्वालिफिकेशन में शीर्ष पर रहे तीरंदाज धीरज-चिकिता
धीरज बोम्मादेवरा और चिकिता तनिपार्थी ने क्रमशः पुरुषों के रिकर्व और महिलाओं के कंपाउंड व्यक्तिगत क्वालिफिकेशन में शीर्ष स्थान हासिल किया साथ ही शनिवार को कंपाउंड मिक्स्ड टीम क्वालिफिकेशन में भी पहला स्थान प्राप्त किया। हाल ही में विश्व कप फाइनल जीतने के बाद धीरज ने सुबह के सत्र में 698 अंकों का शानदार प्रदर्शन किया।
इससे न केवल एशियाई खेलों के क्वालिफिकेशन का नया रिकार्ड बना, बल्कि भारत को पुरुषों की रिकर्व टीम और रिकर्व मिक्स्ड टीम वरीयता में दूसरा स्थान हासिल करने में भी मदद मिली।
वहीं, चिकिता ने भी 705 अंकों के साथ महिलाओं के कंपाउंड क्वालिफिकेशन में शीर्ष स्थान हासिल किया और महिलाओं की कंपाउंड टीम स्पर्धा में भी भारत को दूसरे स्थान पर पहुंचाया।
यह भी पढ़ें- Asian Games 2026, Day-7: कबड्डी का 'गोल्डन डबल', शॉट पुट, निशानेबाजी और एथलेटिक्स में भी पदक
यह भी पढ़ें- Asian Games 2026: भारतीय एथलीट्स ने जोरदार प्रदर्शन करके मेडल की आस जगाई, जानिए किन खेलों में हाथ लगी निराशा
