Asian Games 2026: भारतीय एथलीट्स ने जोरदार प्रदर्शन करके मेडल की आस जगाई, जानिए किन खेलों में हाथ लगी निराशा
भारतीय एथलीट्स ने एशियन गेम्स 2026 में दमदार प्रदर्शन करके मेडल की उम्मीदें बरकरार रखी हैं। वहीं, टेबल टेनिस से लेकर तलवारबाजी तक भारत के हाथ निराशा लगी।

भारतीय एथलेटिक्स
HighLights
अनिमेष कुजूर ने 200 मीटर फाइनल में जगह पक्की की
पैडलर्स शाह-घोरपड़े की जोड़ी प्री क्वार्टर फाइनल में हारी
कैनोइंग इवेंट का अभियान बिना किसी मेडल के खत्म हुआ
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। एशियाई खेलों में शनिवार को एथलेटिक्स में भारत के फर्राटा धावक अनिमेष कुजूर ने सेमीफाइनल-3 में 20.81 सेकेंड के समय के साथ दूसरा स्थान हासिल करके पुरुषों की 200 मीटर दौड़ के फाइनल में अपनी जगह पक्की की। कुजूर थाइलैंड के पुरीपोल बूनसन से पीछे रहे, जिन्होंने 20.10 सेकेंड का गेम्स रिकॉर्ड बनाया।
पुरुषों की 100 मीटर दौड़ के फाइनल में जगह न बना पाने के बाद कुजूर ने 200 मीटर की पदक रेस के लिए यह शानदार वापसी की। वहीं भारत ने पुरुषों की 1500 मीटर दौड़ के फाइनल में भी दो जगहें पक्की कीं।
इसमें गुलवीर सिंह और यूनुस शाह अपनी-अपनी हीट से आगे बढ़े। गुलवीर हीट-2 में 3:45.79 मिनट के समय के साथ तीसरे स्थान पर रहे, जबकि यूनुस ने हीट-1 में 3:45.77 मिनट का समय लेकर तीसरा स्थान हासिल किया। दोनों भारतीय एथलीट अब सोमवार को होने वाले 1500 मीटर फाइनल में हिस्सा लेंगे।
टेबल टेनिस में मनुष और यशस्विनी की हार
भारतीय टेबल टेनिस खिलाड़ी मनुष शाह और यशस्विनी घोरपड़े को शनिवार को एशियाई खेलों में अपने-अपने पुरुष और महिला सिंगल्स प्री-क्वार्टर फाइनल मुकाबलों में हार का सामना करना पड़ा, जिससे उनका अभियान समाप्त हो गया।
मनुष को दुनिया के नंबर 8 खिलाड़ी चीन के लिन शिडोंग से 0-4 (4-11, 4-11, 9-11, 10-12) से हार मिली, जबकि घोरपड़े महिला सिंगल्स के तीसरे दौर में जापान की मिवा हारिमोटो से 1-4 (5-11, 11-4, 4-11, 5-11) से हार गईं। इस तरह भारतीय पैडलर्स का एशियाई खेलों का अभियान एक मेडल के साथ समाप्त हुआ।
शुक्रवार को मनुष और दिया चितले ने मिक्स्ड डबल्स में कांस्य पदक जीता था। जकार्ता 2018 में शरत कमल और मनिका बत्रा के कांस्य पदक के बाद, एशियाई खेलों के इतिहास में भारत का यह केवल दूसरा मिक्स्ड डबल्स पदक था और कुल मिलाकर, एशियाई खेलों के सभी संस्करणों में यह भारत का चौथा टेबल टेनिस पदक था।
ज्योति याराजी 100 मीटर पगबाधा से बाहर
एशियाई खेलों के पिछले संस्करण में 100 मीटर पगबाधा दौड़ में रजत पदक जीतने वाली ज्योति याराजी ने शनिवार को वार्म-अप के दौरान दर्द महसूस होने के बाद पहले राउंड की हीट रेस से अपना नाम वापस ले लिया। याराजी को आखिरी समय में फिटनेस क्लीयरेंस मिलने के बाद 75 सदस्यीय भारतीय एथलेटिक्स टीम में शामिल किया गया था। उनके घुटने में हल्का स्ट्रेस (तनाव) था।
कैनोइंग अभियान बिना पदक के समाप्त
भारत ने एशियाई खेलों में नौकायान में कैनोइंग इवेंट का अभियान बिना किसी मेडल के खत्म किया। मियोशी झील में हुए इन खेलों में भारत हांग्झू एशियाई खेलों जैसा कांस्य पदक वाला प्रदर्शन नहीं दोहरा सका। पुरुषों की कयाक सिंगल 500 मीटर स्पर्धा में, हर्षवर्धन सिंह शक्तावत अपने सेमीफाइनल में चौथे स्थान पर रहे।
तलवारबाजी में भी मिली निराशा
भारत को तलवाराबी में भी शनिवार को निराशा हाथ लगी। पुरुषों की सेबर और महिलाओं की फाइल टीम इवेंट में भारत का सफर क्वार्टर फाइनल में हार के साथ खत्म हो गया। पुरुषों की टीम को कोरिया से और महिलाओं की टीम को जापान से हार का सामना करना पड़ा।
