Asian Boxing Championships: संजार ताशकेंबे को हराकर सेमीफाइनल में पहुंचे विश्वनाथ सुरेश
विश्वनाथ सुरेश ने शनिवार को एशियाई मुक्केबाजी चैंपियनशिप में पुरुषों के 50 किग्रा वर्ग के सेमीफाइनल में जगह बनाने के लिए मौजूदा विश्व चैंपियन और विश्व ...और पढ़ें
उलानबटोर (मंगोलिया), पीटीआई। भारत के उभरते मुक्केबाज विश्वनाथ सुरेश ने शनिवार को एशियाई मुक्केबाजी चैंपियनशिप में पुरुषों के 50 किग्रा वर्ग के सेमीफाइनल में जगह बनाने के लिए मौजूदा विश्व चैंपियन और विश्व नंबर-1 कजाखस्तान के संजार ताशकेंबे को चौंकाते हुए हराया। इस उलटफेर भरी जीत से पहले सुरेश ने किर्गिस्तान के बेकजात एरगेशोव को जजों के सर्वसम्मत निर्णय से 5-0 से हराया था।
आर्मी स्पोर्ट्स इंस्टीट्यूट में प्रशिक्षण लेने वाले सुरेश ने तेजी से खुद को भारत के सबसे रोमांचक मुक्केबाजी प्रतिभाओं में से एक के रूप में स्थापित किया है। उन्होंने शानदार जूनियर करियर से सीनियर स्तर पर सहज रूप से कदम रखा है। चेन्नई के रहने वाले सुरेश का यह उभार क्षेत्र से उभर रही मुक्केबाजी प्रतिभा के लिए एक महत्वपूर्ण क्षण माना जा रहा है।
वह मौजूदा राष्ट्रीय चैंपियन हैं और उन्होंने एलीट पुरुष राष्ट्रीय मुक्केबाजी चैंपियनशिप 2026 में स्वर्ण पदक जीता था। तकनीकी रूप से तेज और रणनीतिक रूप से बेहद समझदार सुरेश अपनी गति, फुर्ती और रिंग में समझदारी के लिए जाने जाते हैं। दूरी नियंत्रित करने की उनकी क्षमता और तेज, सटीक कांबिनेशन उन्हें तेज रफ्तार फ्लाइवेट वर्ग में एक मजबूत प्रतिद्वंद्वी बनाती है।