दिल्ली गोल्फ क्लब में दिखेगा स्टार्स का जलवा, शुभांकर शर्मा और अनिर्बान लाहिरी संभालेंगे भारतीय चुनौती
भारत के स्टार गोल्फर शुभांकर शर्मा और अनिर्बान लाहिरी 15-18 अक्टूबर को दिल्ली गोल्फ क्लब में होने वाली DP वर्ल्ड इंडिया चैंपियनशिप में भारतीय उम्मीदों ...और पढ़ें

शुभांकर शर्मा
HighLights
भारत के शुभांकर शर्मा, अनिर्बान लाहिरी भारतीय चुनौती संभालेंगे
DP वर्ल्ड इंडिया चैंपियनशिप 15-18 अक्टूबर को दिल्ली में
रोरी मैकल्रॉय, टॉमी फ्लीटवुड जैसे अंतरराष्ट्रीय स्टार्स भी होंगे
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। भारत के स्टार गोल्फर शुभांकर शर्मा और अनिर्बान लाहिरी एक बार फिर डीपी वर्ल्ड इंडिया चैंपियनशिप में भारतीय उम्मीदों की कमान संभालेंगे। यू टूर्नामेंट का दूसरे एडिशन है जिसमें दुनिया भर से टॉप गोल्फर शिरकत करेंगे।
डीपी वर्ल्ड टूर और कई इंटरनेशनल टूर्नामेंट जीतने वाले ये खिलाड़ी, दिल्ली गोल्फ क्लब में 15-18 अक्टूबर तक होने वाले 4,000,000 डॉलर इनामी राशि वाले इस बहुप्रतीक्षित इवेंट में कई बड़े स्टार्स के साथ शामिल होंगे। इनमें मौजूदा चैंपियन टॉमी फ्लीटवुड, करियर ग्रैंड स्लैम विजेता रोरी मैकल्रॉय और हाल ही में ओपन चैंपियन बने रयान फॉक्स भी शामिल हैं।
शुभांकर शर्मा ने जीता जोबर्ग ओपन
शर्मा दिसंबर 2017 में केवल 21 साल की उम्र में जोबर्ग ओपन का खिताब जीतकर डीपी वर्ल्ड टूर पर जीत हासिल करने वाले सबसे युवा भारतीय खिलाड़ी बने थे। इसके दो महीने बाद, उन्होंने शानदार फाइनल राउंड (62 का स्कोर) खेलकर मेबैंक चैंपियनशिप जीती और अपनी दूसरी ट्रॉफी हासिल की। उन्होंने 2018 में 'सर हेनरी कॉटन रूकी ऑफ द ईयर' अवॉर्ड जीतकर और एशियन टूर ऑर्डर ऑफ मेरिट में टॉप पर रहकर सीज़न का समापन किया।
30 साल के इस खिलाड़ी ने प्रोफेशनल गोल्फ टूर ऑफ इंडिया (पीजीटीआई) में भी छह जीत हासिल की हैं और 2024 पेरिस ओलंपिक खेलों में भारत का प्रतिनिधित्व किया है। शर्मा ने कहा, "पिछले सीजन में दिल्ली गोल्फ क्लब में पहली डीपी वर्ल्ड इंडिया चैंपियनशिप में खेलना बहुत खास था और मैं इस अक्टूबर में फिर से वहां खेलने के लिए बहुत उत्साहित हूं। इस टूर्नामेंट के दूसरे एडिशन के लिए इतने शानदार खिलाड़ियों का भारत आना हमारे देश में खेल के लगातार विकास को दर्शाता है और यह इस समय मुकाबला कर रहे कई प्रतिभाशाली भारतीय खिलाड़ियों के लिए एक बेहतरीन मंच प्रदान करता है।"
खबरें और भी
लाहिरी की 18 इंटरनेशनल जीतों में दो डीपी वर्ल्ड टूर पर खिताब जीत भी शामिल हैं। इनमें से सबसे हालिया जीत उन्हें अपने देश में 2015 हीरो इंडियन ओपन में मिली थी, जब उन्होंने सात शॉट पीछे रहने के बावजूद शानदार वापसी करते हुए प्ले-ऑफ में एसएसपी चौरसिया को हराया था।
वह प्रेसिडेंट्स कप में खेलने वाले पहले भारतीय खिलाड़ी बने उन्होंने 2015 और 2017 में इंटरनेशनल टीम का प्रतिनिधित्व किया और वह दो बार ओलंपियन भी रहे हैं, जिन्होंने रियो 2016 और टोक्यो 2020 में भारत का प्रतिनिधित्व किया। उन्होंने 2009 में पीजीटीआई ऑर्डर ऑफ मेरिट और 2015 में एशियन टूर ऑर्डर ऑफ मेरिट में टॉप किया और दो बार 'एशियन टूर प्लेयर्स प्लेयर ऑफ द ईयर' चुने गए।
लाहिरी ने कहा, "भारत में खेलने का मौका मिलना हमेशा सुखद होता है, इसलिए DP वर्ल्ड इंडिया चैंपियनशिप के दूसरे एडिशन का हिस्सा बनना बहुत अच्छा लग रहा है। दिल्ली गोल्फ क्लब एक बहुत ही शानदार वेन्यू है और पिछले सीजन में भी इसने यह साबित किया था, इसलिए हम इस ऐतिहासिक कोर्स पर अपने घरेलू फैन्स के लिए बेहतरीन खेल दिखाने की कोशिश करेंगे।"
ग्लोबल स्मार्ट लॉजिस्टिक्स प्रोवाइडर डीपी वर्ल्ड और डीपी वर्ल्ड टूर ने 2025 में डीपी वर्ल्ड इंडिया चैंपियनशिप शुरू की। पीजीटीआई के साथ मिलकर आयोजित इस टूर्नामेंट में भारत में किसी डीपी वर्ल्ड टूर इवेंट के लिए अब तक का सबसे बड़ा प्राइज़ फंड दिया जा रहा है और यह एक बार फिर 'रेस टू दुबई' के अहम 'बैक 9' फेज का हिस्सा बनेगा।
इस अक्टूबर में डीपी वर्ल्ड इंडिया चैंपियनशिप के लिए इकट्ठा होने वाले शानदार खिलाड़ियों में मेजर विजेता मैकलरॉय, फॉक्स, शेन लोरी और जस्टिन रोज, यूरोपियन राइडर कप कैप्टन ल्यूक डोनाल्ड और राइडर कप स्टार्स फ्लीटवुड और विक्टर होवलैंड शामिल हैं।
डीपी वर्ल्ड के सबकॉन्टिनेंट (भारत) के कंट्री मैनेजर हेमंत कुमार रुइया ने कहा, "शुभंकर और अनिर्बान इस चैंपियनशिप में घरेलू हीरो होंगे। हमें यकीन है कि भारतीय फैंस उन्हें रॉरी, टॉमी और दुनिया के अन्य बेहतरीन खिलाड़ियों के साथ खेलते देखने के लिए बड़ी संख्या में आएंगे। भारत हमारे सबसे अहम बाजारों में से एक है और हमें इसके विकास का हिस्सा बनने पर गर्व है, चाहे वह खेल के मैदान पर हो या बाहर। हम इस अक्टूबर में दिल्ली गोल्फ क्लब में DP वर्ल्ड इंडिया चैंपियनशिप की वापसी का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।"
डीपी वर्ल्ड इंडिया चैंपियनशिप, 2026 'रेस टू दुबई' के 'बैक 9' फेज के नौ इवेंट्स में से आठवां इवेंट होगा। यह सीजन के आखिर में होने वाले डीपी वर्ल्ड टूर प्ले-ऑफ्स की ओर ले जाएगा और नवंबर में दुबई के जुमेराह गोल्फ एस्टेट्स में डीपी वर्ल्ड टूर चैंपियनशिप के साथ इसका समापन होगा।