India Open: किदांबी श्रीकांत और एचएय प्रणय ने जीत के साथ की शुरुआत, पहले ही दौर में समाप्त हुआ पीवी सिंधू का सफर
इंडिया ओपन में किदांबी श्रीकांत, एचएस प्रणय और मालविका बंसोड़ ने जीत के साथ शुरुआत करते हुए दूसरे दौर में ...और पढ़ें

पीवी सिंधू

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। भारत की स्टार बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधू बुधवार को इंडिया ओपन सुपर 750 टूर्नामेंट के महिला एकल के पहले दौर में हारकर प्रतियोगिता से बाहर हो गईं, जबकि किदांबी श्रीकांत, एचएस प्रणय और मालविका बंसोड़ दूसरे दौर में पहुंच गए।
दो बार की ओलंपिक पदक विजेता सिंधू को एक घंटा और आठ मिनट चले पहले दौर के मुकाबले में दुनिया की 23वें नंबर की वियतनाम की खिलाड़ी एनगुएन के विरुद्ध 22-20, 12-21, 15-21 से शिकस्त झेलनी पड़ी।
एनगुएन के विरुद्ध सिंधू की यह लगातार तीसरी हार है और उनके लिए यह नतीजा बड़ा झटका है, क्योंकि वह पिछले हफ्ते मलेशिया ओपन सुपर 1000 के सेमीफाइनल में पहुंची थी और घरेलू प्रशंसकों को उनसे यहां अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद थी।
श्रीकांत ने की जोरदार वापसी
इंडिया ओपन 2015 के चैंपियन श्रीकांत ने पहला गेम गंवाने के बाद जोरदार वापसी करते हुए मान्नेपल्ली को 53 मिनट में 15-21, 21-6, 21-19 से हराकर बाहर का रास्ता दिखाया। श्रीकांत अगले दौर में फ्रांस के पांचवें वरीय क्रिस्टो पोपोव से भिड़ेंगे, जिन्होंने चीनी ताइपे के जू वेई वैंग को 13-21, 21-18, 21-19 से हराया।
प्रणय ने हांगकांग के ली चेयुक यिउ को 41 मिनट में 22-20, 21-18 से हराया। यह भारतीय खिलाड़ी अगले दौर में आठवें वरीय सिंगापुर के लोह कीन येव के विरुद्ध उतरेगा, जिन्होंने चीन के वैंग झेंग शिंग को 23-21, 19-21, 21-14 से शिकस्त दी।
बंसोड़ ने की कड़ी लड़ाई
पिछले सत्र के दूसरे हाफ में चोटों से परेशान रही मालविका बंसोड़ ने भी कड़े मुकाबले में चीनी ताइपे की पाइ यु पो को 51 मिनट में 21-18, 21-19 से हराकर दूसरे दौर में जगह बनाई। अगले दौर में उनकी भिड़ंत दुनिया की पांचवें नंबर की खिलाड़ी चीन की हेन युइ से होगी। हेन युइ ने पहले दौर में चीनी ताइपे की सुंग शुओ युन को 18-21, 21-13, 21-17 से हराया।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।