Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    लुसाने डायमंड लीग: रूमेश का सामना करेंगे नीरज, ग्लासगो राष्ट्रमंडल खेलों में हिस्सा लेने वाले 5 खिलाड़ी इस प्रतियोगिता में उतरेंगे

    Updated: Wed, 05 Aug 2026 10:51 AM (IST)

    दो बार के ओलिंपिक पदक विजेता नीरज चोपड़ा 21 अगस्त को होने वाली लुसाने डायमंड लीग में पुरुष भाला फेंक स्पर्धा के बेहद मजबूत मुकाबले में उतरेंगे। ...और पढ़ें

    नीरज चोपड़ा

    नीरज चोपड़ा

    timer icon

    समय कम है?

    जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

    संक्षेप में पढ़ें

    नई दिल्ली, पीटीआई। दो बार के ओलिंपिक पदक विजेता नीरज चोपड़ा 21 अगस्त को होने वाली लुसाने डायमंड लीग में पुरुष भाला फेंक स्पर्धा के बेहद मजबूत मुकाबले में उतरेंगे। इस प्रतियोगिता में हाल ही में राष्ट्रमंडल खेलों के चैंपियन और मौजूदा सत्र के विश्व नंबर एक श्रीलंका के रूमेश पथिरागे सहित कई दिग्गज खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। दिलचस्प बात यह है कि ग्लासगो राष्ट्रमंडल खेलों में हिस्सा लेने वाले पांच भाला फेंक खिलाड़ी इस प्रतियोगिता में भी आमने-सामने होंगे।

    ग्लासगो में चोट से वापसी के बाद अपने दूसरे मुकाबले में 85.83 मीटर के सत्र के सर्वश्रेष्ठ थ्रो के साथ रजत पदक जीतने वाले नीरज का सामना पाकिस्तान के ओलिंपिक चैंपियन अरशद नदीम, त्रिनिदाद एवं टोबैगो के मौजूदा विश्व चैंपियन केशोर्न वालकाट, ग्रेनाडा के पूर्व विश्व चैंपियन एंडरसन पीटर्स, जर्मनी के पूर्व ओलिंपिक चैंपियन थामस रोहलर और श्रीलंका के रूमेश पथिरागे से होगा।

    प्रतियोगिता में टोक्यो ओलिंपिक के रजत पदक विजेता चेक गणराज्य के याकुब वाडलेज्च, जर्मनी के जूलियन वेबर, स्विट्जरलैंड के सिमोन वीलांड और अमेरिका के कर्टिस थाम्पसन भी हिस्सा लेंगे, जो इस सत्र में विश्व रैंकिंग में दूसरे स्थान पर हैं।

    आयोजकों ने कहा कि पिछले चार ओलिंपिक और विश्व चैंपियनशिप के विजेता रहे पांच भाला फेंक सुपरस्टार 21 अगस्त को एथलेटिसिमा में हिस्सा लेंगे, जिससे यह प्रतियोगिता असाधारण स्तर की होगी। पिछले साल सितंबर में पीठ के निचले हिस्से की चोट के कारण लंबे समय तक बाहर रहने के बाद यह नीरज की वापसी के बाद तीसरी प्रतियोगिता होगी।

    खबरें और भी

    28 वर्षीय नीरज ने जून में दोहा डायमंड लीग में 85.69 मीटर के थ्रो के साथ चौथे स्थान पर रहकर सत्र की शुरुआत की थी। इसके बाद उन्होंने राष्ट्रमंडल खेलों में 85.83 मीटर का थ्रो कर रजत पदक जीता।

    ग्लासगो में रजत पदक जीतने के बाद नीरज ने कहा था कि हम हमेशा चाहते हैं कि राष्ट्रगान बजे, लेकिन मैंने इस सत्र का अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया है और मेरी वापसी सही दिशा में जा रही है। आगे भी कई प्रतियोगिताएं हैं। मैं खुश हूं। नीरज 2024 में लुसाने डायमंड लीग में 89.49 मीटर के अपने करियर के चौथे सर्वश्रेष्ठ थ्रो के साथ उपविजेता रहे थे।

    इससे पहले उन्होंने 2022 में 89.08 मीटर के थ्रो के साथ यह खिताब जीता था। पथिरागे शानदार फार्म में लुसाने पहुंच रहे हैं। उन्होंने ग्लासगो राष्ट्रमंडल खेलों में 89.75 मीटर के थ्रो के साथ स्वर्ण पदक जीता था।

    श्रीलंका के इस स्टार भाला फेंक खिलाड़ी का व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 92.62 मीटर है, जो उन्होंने इसी साल जून में रोम में आयोजित गोल्डन गाला पिएत्रो मेन्निया प्रतियोगिता में किया था। इस सत्र में 90 मीटर की दूरी पार करने वाले वह दुनिया के इकलौते खिलाड़ी हैं।

    यह भी पढ़ें- CWG 2026: नीरज चोपड़ा के कारण अपना सबसे बढ़‍िया थ्रो कर सके यशवीर सिंह, ब्रॉन्‍ज मेडलिस्‍ट ने भारत लौटने पर खोला राज

    यह भी पढ़ें- CWG 2026: ग्लास्गो की कहानी पूरी अब अहमदाबाद की तैयारी, क्लोजिंग सेरेमनी ने जमाया रंग; भारत पर जमी पूरे विश्व की नजरें