यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 16, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
विनेश का अपने गांव बलाली में स्वागत एकदम गोल्ड मेडल विजेता की तरह होगा, महावीर फोगाट ने किया एलान
विनेश फोगाट जल्द ही अपने गांव बलाली आने वाली हैं। विनेश के ताऊ महावीर फोगाट ने कहा कि महिला पहलवान का स्वागत गोल्ड मेडल विजेता की तरह किया जाएगा। य ...और पढ़ें

HighLights
- विनेश फोगाट का स्वागत गोल्ड मेडल विजेता की तरह किया जाएगा
- महावीर फोगाट ने कहा कि सीएएस के फैसले के बाद कुछ नहीं किया जा सकता
- विनेश फोगाट 50 किग्रा भार वर्ग की फाइनल बाउट से पहले डिस्क्वालीफाई हो गईं थीं
जागरण संवाददाता, चरखी दादरी। पेरिस ओलंपिक में महिला कुश्ती के 50 किलोग्राम भार वर्ग के फाइनल मुकाबले में जगह बनाने वाली पहलवान विनेश फोगाट 17 अगस्त शनिवार को भारत वापस आएंगी। विनेश के ताऊ व द्रोणाचार्य अवार्डी पहलवान महावीर फोगाट ने कहा कि पैतृक गांव बलाली में पहुंचने पर विनेश का स्वर्ण पदक विजेता की तरह भव्य स्वागत किया जाएगा।
पहलवान महावीर फोगाट ने कहा कि विनेश द्वारा खेल पंचाट न्यायालय (सीएएस) में दायर की गई याचिका के बाद उन्हें और पूरे देश को आशा थी कि विनेश के हक में निर्णय आएगा, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि भले ही विनेश को अब पेरिस ओलंपिक में कोई भी पदक नहीं मिलेगा, लेकिन गांव में आने पर विनेश का भव्य स्वागत किया जाएगा।
यह भी पढ़ें: Vinesh Phogat ने आखिरकार शेयर किया सिल्वर मेडल नहीं मिलने का गम, बॉलीवुड हीरोइन बोली- 'गोल्ड चैंपियन'
पेरिस ओलंपिक में महिला कुश्ती के 50 किग्रा भारवर्ग के फाइनल मुकाबले से पहले अधिक वजन के कारण विनेश फोगाट को अयोग्य ठहरा दिया गया था। इसके बाद विनेश फोगाट ने खेल पंचाट न्यायालय (सीएएस) में उन्हें संयुक्त रजत पदक देने से संबंधित याचिका दायर की थी।
सीएएस ने बुधवार को मामले में निर्णय देते हुए उनकी याचिका को खारिज कर दिया। पहलवान विनेश फोगाट अब शनिवार को पेरिस से दिल्ली के आईजीआई एयरपोर्ट पहुंचेंगी, जहां से वह सीधे अपने पैतृक गांव बलाली आएंगी। इस रूट पर कई जगह उनका स्वागत किया जाएगा।