यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jul 26, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Paris Olympics 2024: खेलों के महाकुंभ में पदक बटोरने के लिए पेरिस पहुंची मेरठ जोन की छोरियां, खत्म करेंगी लंबा सूखा!
पेरिस ओलंपिक-2024 के लिए खिलाड़ी फ्रांस की राजधानी पहुंच रहे हैं। भारतीय दल भी उनमें शामिल हैं। इस दल के साथ मेरठ की चार खिलाड़ी भी पेरिस पहुंच गई हैं ...और पढ़ें

HighLights
- पेरिस में आज से आधिकारिक तौर पर शुरू हो रहे हैं ओलंपिक
- मेरठ की चार खिलाड़ी पहुंंची पेरिस
- चारों से पदक का सूखा खत्म करने की उम्मीद
मेरठ, जागरण संवाददाता: खेलों के महाकुंभ पेरिस ओलंपिक 2024 में भारत के 117 खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। एथलेटिक्स के 28 खिलाड़ी भी इसमें शामिल हैं। मेरठ जोन से चयनित चार महिला एथलीट पदक बटोरने के लिए पेरिस पहुंच चुकी है। अन्नू रानी व प्रियंका गोस्वामी दूसरी बार और पारूल चौधरी व प्राची चौधरी पहली बार ओलंपिक में हिस्सा ले रहीं हैं।
पारुल और प्रियंका दो स्पर्धाओं में हिस्सा लेंगी। प्रियंका 20 किमी पैदल चाल व मैराथन मिक्स रिले वॉक और पारुल 3,000 मीटर बाधा दौड़ और 5,000 मीटर दौड़ में हिस्सा लेंगी। अन्नू रानी भाला फेंक और प्राची चौधरी चार गुणा चार सौ मीटर रिले दौड़ में हिस्सा लेंगी। एथलेटिक्स स्पर्धाएं एक से 11 अगस्त तक स्टे डे फ्रांस स्टेडियम में होंगी। इस बार उत्तर प्रदेश में ओलंपिक में पदक जीतने का सूखा मिटने की उम्मीद इन बेटियों से लगाई जा रही है।
यह भी पढ़ें- Paris Olympics 2024: गूगल भी मना रहा है ओलंपिक गेम्स का जश्न, बनाया खास डूडल
दो स्पर्धा, सफलता के दो अवसर
प्रियंका और पारुल के दो स्पर्धाओं में हिस्सा लेने से इनके पास पदक जीतने के दो अवसर हैं। एशियाई प्रतियोगिताओं में पारुल दो बार इन स्पर्धाओं में एक-एक पदक जीत चुकी हैं। पारुल से पदक की उम्मीद लगाई जा रही है। प्रियंका को टोक्यो ओलंपिक का अनुभव है जिसमें उन्हें जरा सी रफ्तार बढ़ाने पर ही पेनल्टी दे दी गई थी। इस बार प्रियंका शुरू से ही अपनी गति बरकरार रखने का प्रयास करेंगी।
प्रतिभागिता में आगे, अब पदक की बारी
उत्तर प्रदेश से ओलिंपिक तक पहुंचने वाले खिलाड़ियों की सूची तो लंबी है, लेकिन एकल स्पर्धा में अब तक ओलंपिक पदक नहीं मिला है। टोक्यो ओलिंपिक में भी मेरठ से खिलाड़ियों की प्रतिभागिता सबसे अधिक थी। पेरिस ओलिंपिक में भी शहर से तीन एथलीट हैं। ऐसे में खिलाड़ियों के कंधों पर अब प्रदेश को पहला ओलंपिक पदक दिलाने का भी भार है।
खबरें और भी
पेरिस ओलंपिक में मेरठ
- एक अगस्त : 20 किमी रेस वॉक : प्रियंका गोस्वामी : दोपहर 12:50 बजे
- दो अगस्त : 5,000 मीटर दौड़ पहला राउंड : पारुल चौधरी : रात 9:40 बजे
- चार अगस्त : 3,000 मीटर स्टीपल चेज पहला राउंड : पारुल चौधरी : दोपहर 1:25 बजे
- पांच अगस्त : 5,000 मीटर दौड़ फाइनल : पारुल चौधरी : रात 12:40 बजे
- छह अगस्त : 3,000 मीटर स्टीपल चेज फाइनल : पारुल चौधरी : रात 12:40 बजे
- सात अगस्त : मैराथन रेस वॉक रिले : प्रियंका गोस्वामी : सुबह 11 बजे
- सात अगस्त : भाला फेंक पहला राउंड : अन्नू रानी : दोपहर 1:55 बजे
- नौ अगस्त : चार गुणा 400 मीटर महिला रिले दौड़ : प्राची चौधरी : दोपहर 2:10 बजे
- 10 अगस्त : भाला फेंक फाइनल : अन्नू रानी : रात 11:10 बजे
यह भी पढ़ें- Paris Olympics 2024: पेरिस में अर्जेंटीना टीम से हुई लूटपाट, विवादास्पद मैच से पहले ही हुआ बवाल