Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    US Open Badminton: किदांबी श्रीकांत का टूटा खिताबी सपना, फाइनल में चीनी ताइपे के सू ली-यांग ने दी शिकस्त

    Updated: Mon, 29 Jun 2026 10:57 AM (IST)

    भारतीय शटलर किदांबी श्रीकांत यूएस ओपन सुपर 300 बैडमिंटन टूर्नामेंट के फाइनल में चीनी ताइपे के सू ली-यांग से हार गए। ...और पढ़ें

    US Open Badminton: किदांबी श्रीकांत का टूटा खिताबी सपना

    US Open Badminton: किदांबी श्रीकांत का टूटा खिताबी सपना

    स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। भारतीय अनुभवी शटलर किदांबी श्रीकांत का सीजन का पहला खिताब जीतने का सपना टूट गया है। US Open Super 300 बैडमिंटन टूर्नामेंट के एक बेहद रोमांचक फाइनल मुकाबले में 33 साल के श्रीकांत को रनर-अप बनकर ही संतोष करना पड़ा।

    तीन गेम तक चले इस खेल में चीनी ताइपे के सू ली-यांग ने पूर्व वर्ल्ड नंबर-1 श्रीकांत को करारी शिकस्त दी। एक घंटे से ज्यादा चले इस महामुकाबले में श्रीकांत को 15-21, 21-16, 9-21 से हार का सामना करना पड़ा। इस तरह सू ली-यांग ने अपने करियर का पहला BWF वर्ल्ड टूर खिताब जीता। वहीं, श्रीकांत के लिए इस सीजन का ये पहला फाइनल मैच था। 

    पहले गेम में सू ने मारी बाजी

    मैच की शुरुआत में श्रीकांत ने शानदार रफ्तार दिखाई, लेकिन नेट पर हुई एक गलती उनको भारी पड़ी। दरअसल, नेट के ऊपर शॉट खेलने के प्रयास में श्रीकांत का रैकेट नेट के पार चला गया था, जिसके बाद इस अनफोर्स्ड एरर का फायदा सू ने उठाया और लगातार अंक बटोरते हुए 7-2 की बढ़त बना ली।  इसके बाद भारतीय शटलर श्रीकांत ने जबरदस्त कमबैक करते हुए अगले 11 में से 8 अंक जीते और स्कोर 10-10 की बराबरी पर ला दिया। मिड-गेम ब्रेक तक श्रीकांत 11-10 से आगे थे।

    ब्रेक के बाद सू का पलटवार

    ब्रेक के बाद चीनी ताइपे के खिलाड़ी ने रैलियों की रफ्तार बढ़ाई और श्रीकांत को गलतियां करने पर मजबूर किया। सू ने 17-12 की बढ़त बनाई और आखिरकार 17 मिनट में यह गेम 21-15 से अपने नाम कर लिया।

    खबरें और भी

    दूसरे गेम में श्रीकांत का पलटवार

    दूसरे गेम में दोनों खिलाड़ियों के बीच एक-एक अंक के लिए कांटे की टक्कर देखने को मिली। स्कोर 4-4 से बराबर होने के बाद श्रीकांत ने लगातार तीन अंक बटोरकर 7-4 की लीड ली। सू ने 8-8 से वापसी की कोशिश की, लेकिन श्रीकांत अपने बेहतरीन नेट प्ले की बदौलत ब्रेक तक 11-8 से आगे रहे। ब्रेक के बाद सू ने कुछ दमदार स्मैश लगाए, लेकिन श्रीकांत ने धैर्य बनाए रखा और स्कोर 18-13 कर दिया।

    सू की गलतियों की बदौलत श्रीकांत को 7 गेम प्वाइंट मिले। हालांकि सू ने 3 गेम प्वाइंट बचाए, लेकिन श्रीकांत ने एक दमदार डाउन-द-लाइन स्मैश मारकर दूसरा गेम 21-16 से जीता और मैच में 1-1 की बराबरी कर ली।

    तीसरा गेम में सू का आक्रामक रुख

    निर्णायक गेम में सू ली-यांग ने शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाया। उन्होंने सटीक स्मैश की मदद से 4-1 की बढ़त बना ली। श्रीकांत ने वापसी की कोशिश जरूर की, लेकिन लगातार होती गलतियों के कारण सू ब्रेक तक 11-7 से आगे हो गए। ब्रेक के बाद सू ने मैच पर पूरी तरह शिकंजा कस लिया और लीड को 15-7 और फिर 18-8 कर दिया।

    श्रीकांत के शॉट्स लगातार कोर्ट से बाहर जाते रहे, जिससे सू को 12 चैंपियनशिप प्वाइंट मिल गए। श्रीकांत ने एक प्वाइंट बचाया, लेकिन अगली ही रैली में सू ने विनिंग शॉट खेलकर मुकाबला 21-9 से अपने नाम कर लिया।

    यह भी पढ़ें- US Open 2026 badminton: फाइनल में चीनी ताइपे के सु ली यांग से भिड़ेंगे किदांबी श्रीकांत

    यह भी पढ़ें- तन्वी और श्रीकांत यूएस ओपन के अगले दौर में, रौनक चौहान ने एस शंकर मुथुसामी को हराया