गर्मियों में घर को रखना है Insect-Free? अपनाएं 6 नेचुरल हैक्स, ढूंढने से भी नहीं मिलेंगे कीड़े-मकोड़े
गर्मियां आते ही सिर्फ पसीना और चिलचिलाती धूप ही परेशान नहीं करती, बल्कि घर में कीड़े-मकोड़ों का आतंक भी शुरू हो जाता है। यहां दिए 6 हैक्स से आप अपने घर को पूरी तरह से Insect-Free बना सकते हैं।
1/6नींबू और लौंग का जादू
मक्खियों और मच्छरों को घर से दूर भगाने का यह सबसे आसान और खुशबूदार तरीका है। इसके लिए, एक नींबू को बीच से आधा काट लें और उसके गूदे में 8-10 लौंग गाड़ दें। अब इसे कमरे के किसी कोने, खिड़की के पास या डाइनिंग टेबल पर रख दें। इसकी प्राकृतिक खुशबू से कीड़े आपके घर से कोसों दूर रहेंगे।
2/6पिपरमिंट ऑयल
पुदीने की रिफ्रेशिंग महक इंसानों को तो बहुत पसंद आती है, लेकिन कीड़े-मकोड़ों को यह बिल्कुल बर्दाश्त नहीं होती। इसका इस्तेमाल करने के लिए सबसे पहले एक स्प्रे बोतल में पानी भरें और उसमें पेपरमिंट एसेंशियल ऑयल की 10-15 बूंदें मिला लें। इसे घर के कोनों, खिड़कियों के किनारों और दरवाजों पर स्प्रे करें। इस जादुई स्प्रे से मकड़ियां और चींटियां आपके घर का रास्ता भूल जाएंगी।
3/6सफेद सिरका
चींटियों की फौज गर्मियों में अक्सर किचन के स्लैब या फर्श पर नजर आती है। सफेद सिरका चींटियों की सूंघने की क्षमता को कम कर देता है, जिससे वे अपना रास्ता भटक जाती हैं। इसके लिए, सफेद सिरके और पानी को बराबर मात्रा में मिलाकर एक स्प्रे तैयार करें। जहां भी चींटियां दिखें या उनके आने का रास्ता हो, वहां इसे अच्छी तरह छिड़क दें। सिरके की तेज महक से चींटियां तुरंत गायब हो जाती हैं।
4/6नीम और कपूर का धुआं
यह हमारी दादी-नानी का सबसे पुराना और भरोसेमंद नुस्खा है। मच्छर भगाने की कॉइल के धुएं से खांसी आ सकती है, लेकिन यह तरीका एकदम सेफ है। शाम के समय जब मच्छरों का आना शुरू होता है, तब एक मिट्टी के दीये या किसी पुराने बर्तन में थोड़ा-सा कपूर और सूखी नीम की पत्तियां जला लें। इसका हल्का-हल्का धुआं पूरे घर में फैलने दें। इसके बाद मच्छर आपके घर में एंट्री करने की हिम्मत नहीं करेंगे।
5/6तेजपत्ते का कमाल
तेजपत्ता सिर्फ पुलाव और सब्जी का स्वाद ही नहीं बढ़ाता, बल्कि यह कॉकरोच और छोटे कीड़ों को भगाने का भी एक बेहतरीन और आजमाया हुआ नुस्खा है। इसकी तीखी महक कीड़े-मकोड़ों को बिल्कुल बर्दाश्त नहीं होती। इसके लिए, कुछ सूखे तेजपत्ते लें और उन्हें अपने किचन कैबिनेट, राशन के डिब्बों के पास, कूड़ेदान के आस-पास और उन कोनों में रख दें जहां से कॉकरोच अक्सर आते हैं। आप चाहें तो पत्तों को हल्का-सा क्रश करके भी डाल सकते हैं ताकि महक और तेज हो जाए। इस पत्ते की खुशबू से कीड़े तुरंत अपना रास्ता बदल लेंगे।
6/6बेकिंग सोडा और चीनी का जाल
अगर आपके किचन में कॉकरोच ने डेरा जमा लिया है और किसी भी चीज से नहीं जा रहे हैं, तो यह मीठा जाल आपके बहुत काम आएगा। एक कटोरी में बराबर मात्रा में बेकिंग सोडा और पिसी हुई चीनी मिला लें। इस पाउडर को रात के समय किचन के कोनों और सिंक के पास छिड़क दें। चीनी की मिठास कॉकरोच को अपनी तरफ खींचेगी और उसे खाते ही बेकिंग सोडा उनका काम तमाम कर देगा।