यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Dec 10, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Chhattisgarh New CM: कौन हैं राज्य के होने वाले नए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय
भारतीय जानता पार्टी ने विष्णुदेव साय को छत्तीसगढ़ का नया मुख्यमंत्री चुना है। साय कुनकुरी विधानसभा सीट से विधायक हैं। कुनकुरी से आने वाले विष्णुदेव सा ...और पढ़ें

HighLights
- विष्णुदेव साय होंगे छत्तीसगढ़ के नए मुख्यमंत्री
- 1990 में लड़ा था पहला विधानसभा चुनाव
डिजिटल डेस्क, रायपुर। Vishnu Deo Sai Profile: छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने प्रचंड दर्ज की है। राज्य में भाजपा की जीत के बाद लंबे समय से मुख्यमंत्री के चेहरे के लिए जारी मंथन रविवार को थम गया। पार्टी ने विष्णुदेव साय (Vishnu Deo Sai) को राज्य की कमान सौंप दी है। साय कुनकुरी विधानसभा सीट से विधायक हैं। विधानसभा चुनाव में उन्होंने कांग्रेस के अपने सबसे निकटतम प्रतिद्वंदी यूडी मिंज को 25541 वोटों के अंतर से मात दी है। विष्णुदेव साय को चुनाव में 87604 वोट मिले हैं।
संभाल चुके हैं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष का कमान
कुनकुरी से आने वाले विष्णुदेव साय आदिवासी समाज से आते हैं। भाजपा ने साल 2020 में उन्हें प्रदेश अध्यक्ष भी बनाया था। छत्तीसगढ़ के नए मुख्यमंत्री बनने वाले विष्णुदेव साय चार बार सांसद, दो बार विधायक, केंद्रीय राज्य मंत्री और तीन बार प्रदेशाध्यक्ष रह चुके हैं। इसके अलावा उन्हें संगठन में काम करने का अच्छा खासा अनुभव है।
संघ के करीबी नेताओं में भी होती है साय की गिनती
साय की गिनती संघ के करीबी नेताओं में भी होती है। वह पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह के बेहद करीबी भी माने जाते हैं। साल 2014 में केंद्र में भाजपा की सरकार आने के बाद उन्हें केंद्रीय मंत्री भी बनाया गया था। मालूम हो कि राज्य में अजित जोगी के बाद कोई भी दूसरा आदिवासी समुदाय से मुख्यमंत्री नहीं बना था।
किसान परिवार में हुआ था जन्म
विष्णु देव साय का जन्म 21 फरवरी 1964 को जशपुर जिले के बगिया गांव में एक किसान परिवार में हुआ था। उनके पिता स्वर्गीय रामप्रसाद साय किसान थे। उनकी माता का नाम जसमनी देवी है। साय का विवाह 27 मई, 1991 में कौशल्या साय से हुआ। उनका एक पुत्र और दो पुत्रियां हैं। उन्होंने 10वीं तक की पढ़ाई कुनकुरी स्थित लोयोला हायर सेकेंडरी स्कूल से की है। साय का राजनीतिक कैरियर सरपंच के तौर पर शुरू हुआ। जहां वे बगिया गांव के निर्विरोध सरपंच चुने गए।
खबरें और भी
यह भी पढ़ेंः Chhattisgarh New CM: विष्णुदेव साय होंगे छत्तीसगढ़ के नए मुख्यमंत्री; BJP विधायक दल की बैठक में लगी मुहर
25 हजार से ज्यादा वोट से जीता चुनाव
विष्णुदेव साय कुनकुरी विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी यूडी मिंज से चुनाव जीतकर विधानसभा पहुंचे। उन्होंने 25,541 वोट के अंतर से यह चुनाव जीता है। विष्णुदेव साय को चुनाव में 87604 वोट मिले हैं। मालूम हो कि छत्तीसगढ़ की 90 में से 54 सीटों पर भाजपा ने जीत हासिल की, जबकि कांग्रेस महज 35 सीटों पर ही सिमट गई।
सरपंच के तौर पर शुरू किया था अपना राजनीतिक करियर
छत्तीसगढ़ के नए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय साल 1990 में पहला विधानसभा चुनाव लड़ा और जीत हासिलक की, जिसके बाद वे 1998 तक विधायक रहे। वहीं 1999 में उन्होंने पहला लोकसभा का चुनाव लड़ा और जीत दर्ज की। विष्णुदेव साय साल 2004 में फिर से दोबारा सांसद चुने गए। इसके बाद 2009 और 2014 में लोकसभा चुनाव लड़ा और सांसद बने। मोदी सरकार के पहले कार्यकाल में उन्हें इस्पात और खनन मंत्रालय का दायित्व सौंपा गया। वे कांग्रेस सरकार में भी विभिन्न समितियों के सदस्य रह चुके हैं। मालूम हो कि देव ने आपना राजनीति में करियर एक सरपंच के तौर पर शुरू किया था।
दो बार रह चुके हैं प्रदेश अध्यक्ष
विष्णु देव साय को साल 2006 में छत्तीसगढ़ का भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया था। वहीं, 2011 में वे दोबारा भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बनाए गए। 8 जुलाई 2023 को उन्हें भाजपा के राष्ट्रीय कार्य समिति का सदस्य बनाया गया। राज्य के बड़े आदिवासी चेहरों में शुमार साय की आदिवासी समुदाय में भी बहुत अच्छी पैठ है।
राजनीतिक परिवार से आते हैं विष्णुदेव साय
मालूम हो कि राज्य के होने वाले अगले मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय राजनीतिक परिवार से आते हैं। उनके दादा स्वर्गीय बुधनाथ साई 1947 से 1952 तक मनोनीत विधायक थे। उनके बड़े पिता जी यानी उनके पिता के बड़े भाई स्वर्गीय नरहरि प्रसाद साई जनसंघ के सदस्य थे और 1962-67 और 1972-77 तक दो बार विधायक रहे। वह 1977-79 तक एक बार संसद के रूप में भी चुने गए और जनता पार्टी सरकार में राज्य मंत्री के रूप में कार्य किया।
ये रहा घटनाक्रम
- 1989 में ग्राम पंचायत बगिया के वह पंच बने।
- 1990 में ग्राम पंचायत बगिया के निर्विरोध सरपंच चुने गए।
- 1990 से 1998 तक मध्य प्रदेश विधानसभा में तपकरा से विधायक रहे।
- 1999 में रायगढ़ से सांसद निर्वाचित हुए।
- 2004 में दोबारा रायगढ़ से चुने गए।
- 2006 में छत्तीसगढ़ भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष बने
- 2009 में तीसरी बार रायगढ़ से सांसद बने।
- 2011 में दूसरी बार छत्तीसगढ़ भाजपा के अध्यक्ष का दायित्व संभाला।
- 2014 में चौथी बार रायगढ़ से सांसद चुने गए।
- 27 मई, 2014 से 2019 तक नरेन्द्र मोदी की सरकार में केंद्रीय राज्यमंत्री रहे। उन्होंने मोदी सरकार में इस्पात, खान, श्रम और रोजगार मंत्रालय का दायित्व संभाला।
- 2020 से 2022 तक तीसरी बार छत्तीसगढ़ भाजपा के अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाली।
- दिसंबर, 2022 में भाजपा की राष्ट्रीय कार्यसमिति में विशेष आमंत्रित सदस्य बनाए गए।
- आठ जुलाई, 2023 को राष्ट्रीय कार्यसमिति के सदस्य चुने गए।
- विधानसभा चुनाव 2023 में कुनकुरी विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस के प्रत्याशी यूडी मिंज को 25,541 वोटों से हराकर विधायक निर्वाचित हुए और अब प्रदेश के मुख्यमंत्री चुन लिए गए हैं।
अमित शाह ने निभाया वादा
विष्णुदेव साय को मुख्यमंत्री बनाकर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने जनता से किया अपना वादा पूरा कर दिया। शाह ने कुनकुरी में चुनाव प्रचार के दौरान कहा था कि विष्णुदेव साय अनुभवी कार्यकर्ता-नेता हैं। वह लोकसभा सदस्य रहे। विधायक रहे और प्रदेशध्यक्ष भी रहे हैं। आप इनको विधायक बना दो, बड़ा आदमी बनाने का काम हम करेंगे। उनके इस बयान के बाद से ही लगने लगा था कि अगर छत्तीसगढ़ में भाजपा को पूर्ण बहुमत मिलता है और उसकी सरकार बनती है तो विष्णुदेव साय को मुख्यमंत्री बनाया जा सकता है। आखिरकार शाह का वादा पूरा हो गया।