नशा तस्करों के खिलाफ आवाज उठाना अमृतसर के सरपंच को पड़ा भारी, तीसरी बार हुआ जानलेवा हमला; वीडियो बना खोली पोल
अटारी के सरपंच ने नशा तस्करों के खिलाफ आवाज उठाने पर तीसरी बार जानलेवा हमले का आरोप लगाया। पुलिस ने वीडियो देखने के बाद कार्रवाई का भरोसा दिया।
HighLights
सरपंच हरप्रीत सिंह पर नशा तस्करों के सहयोगियों ने हमला किया।
नशे के खिलाफ आवाज उठाने पर यह तीसरी जानलेवा कोशिश।
सरपंच ने वीडियो जारी कर नशा कारोबारियों के नाम उजागर किए।
डिजिटल डेस्क, अमृतसर। पंजाब में सीमा पार से हो रही नशे की तस्करी और बढ़ते नशे के खिलाफ आवाज उठाना अटारी गांव के सरपंच हरप्रीत सिंह को भारी पड़ रहा है। सरपंच ने आरोप लगाया है कि नशा तस्करों के सहयोगियों ने उन पर और उनके एक समर्थक पर हमला किया। उन्होंने दावा किया कि यह उनकी जान लेने की तीसरी कोशिश है।
सरपंच हरप्रीत सिंह लंबे समय से गांव में खुलेआम नशा बेचने और पाकिस्तान से नशे की तस्करी करने वालों के खिलाफ आवाज उठा रहे हैं। उन्होंने इंटरनेट मीडिया पर एक वीडियो जारी कर कई लोगों के नाम लेते हुए उन पर नशे के कारोबार में शामिल होने के आरोप लगाए हैं। सरपंच का कहना है कि नशे के कारण गांव में कई लोगों की जान जा चुकी है, लेकिन बार-बार शिकायत करने के बावजूद प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई।
यह भी पढ़ें- अमृतसर एयरपोर्ट पर फूटा यात्रियों का गुस्सा, 17 घंटे लेट हुई स्पाइसजेट की दुबई फ्लाइट; जम कर काटा बवाल
पुलिस व प्रशासन को दे चुके शिकायत
उन्होंने कहा कि पिछली दो घटनाओं के बाद पुलिस और जिला प्रशासन से शिकायत की गई थी, लेकिन ठोस कार्रवाई नहीं होने से उनका भरोसा उठ गया है। इसके बावजूद वह युवाओं को नशे से बचाने की मुहिम जारी रखेंगे।
अमृतसर ग्रामीण के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कंवलप्रीत सिंह चहल ने कहा कि उन्हें सरपंच के वीडियो और आरोपों की जानकारी नहीं है। सरपंच ने उनसे पहले मुलाकात भी नहीं की है। वह वीडियो की जांच करवाकर उचित कार्रवाई करेंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि नशा तस्करी और नशे के खिलाफ पुलिस की नीति जीरो टालरेंस की है और अवैध कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें- 'गर्भपात का दबाव, फिर जिंदा जलाया', पंजाब की इन्फ्लुएंसर मंजीत की मौत के बाद मां ने लगाए संगीन आरोप
सीमा पर ड्रोन से भी हो रही तस्करी
राज्य सरकार के नशे के खिलाफ अभियान के आंकड़ों के अनुसार, एक मार्च 2025 से 29 जुलाई तक चार हजार से अधिक नशा तस्करों को गिरफ्तार किया गया और 71,919 संदिग्धों को हिरासत में लिया गया। इस दौरान एनडीपीएस अधिनियम के तहत 54,687 मामले दर्ज किए गए।
सीमावर्ती जिलों में पुलिस अब तक 483 ड्रोन बरामद कर चुकी है, जिनके जरिए करीब 755 किलोग्राम हेरोइन भेजी गई थी। अधिकारियों ने नशे के बड़े कारोबारियों के रूप में 648 लोगों की पहचान भी की है।
यह भी पढ़ें- तवी वंडरलैंड में गूंजी संस्कृति की गूंज, जम्मू स्मार्ट सिटी के 'यूफोरिया' में लोक कलाओं ने बांधा समां
