विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सज्जन कुमार को रोल मॉडल बताने पर भड़के पंजाब से विधायक धालीवाल, कांग्रेस से हुड्डा पर कार्रवाई की मांग

Published: Sat, 22 Aug 2026 01:41 PM (IST)

कुलदीप धालीवाल ने दीपेंद्र हुड्डा के सज्जन कुमार संबंधी कथित बयान पर कांग्रेस से कार्रवाई मांगी। उन्होंने अकाली दल-भाजपा संभावित गठजोड़ को पंजाब और किसान विरोधी बताया।

HighLights

  1. विधायक धालीवाल ने हुड्डा के सज्जन कुमार बयान की निंदा की।

  2. कांग्रेस नेतृत्व से दीपेंद्र हुड्डा पर कड़ी कार्रवाई की मांग।

  3. अकाली-भाजपा गठबंधन पर भी धालीवाल ने उठाए सवाल।

डिजिटल डेस्क, अमृतसर। अजनाला से विधायक और आम आदमी पार्टी के मुख्य प्रवक्ता कुलदीप सिंह धालीवाल ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दीपेंद्र सिंह हुड्डा के सज्जन कुमार को लेकर कथित बयान पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कांग्रेस नेतृत्व से हुड्डा के खिलाफ पार्टी स्तर पर कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।

धालीवाल ने कहा कि 1984 के सिख विरोधी दंगों से जुड़े सज्जन कुमार को रोल मॉडल बताने वाला कोई भी बयान सिख समुदाय की भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाला है। अमृतसर में प्रेस कान्फ्रेंस में धालीवाल ने कहा कि 1984 में दिल्ली सहित देश के कई शहरों में सिखों का कत्लेआम हुआ था। इस घटना के जख्म आज भी सिख समुदाय के मन में ताजा हैं।

ऐसे में सज्जन कुमार को लेकर इस तरह की टिप्पणी गंभीर मामला है। उन्होंने कांग्रेस के केंद्रीय नेतृत्व से दीपेंद्र हुड्डा के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की।

यह भी पढ़ें- व्हाट्सएप पर एमडी बनकर 1.90 करोड़ की ठगी, चंडीगढ़ पुलिस ने नोएडा से दबोचे दो साइबर ठग

कांग्रेस नेताओं से रुख स्पष्ट करने को कहा

धालीवाल ने राहुल गांधी, सोनिया गांधी, प्रियंका गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे से इस मामले में अपना रुख स्पष्ट करने को कहा। उन्होंने पंजाब कांग्रेस के नेताओं पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि हुड्डा के कथित बयान के बाद प्रदेश के किसी बड़े कांग्रेस नेता ने खुलकर इसका विरोध नहीं किया।

उन्होंने प्रताप सिंह बाजवा, परगट सिंह, सुखपाल सिंह खैहरा, चरणजीत सिंह चन्नी, सुखजिंदर सिंह रंधावा, अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग और गुरजीत सिंह औजला सहित अन्य नेताओं से जवाब मांगा।

धालीवाल ने कहा कि राहुल गांधी के पंजाब दौरे से पहले कांग्रेस को इस मुद्दे पर स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि पंजाब के लोग 1984 के सिख विरोधी दंगों, आपरेशन ब्लू स्टार और श्री अकाल तख्त साहिब पर हुए हमले को नहीं भूल सकते। इसी दौरान उन्होंने राहुल गांधी को लेकर तंज कसते हुए कहा कि पंजाब आने से पहले दीपेंद्र हुड्डा का ‘इलाज’ करके आना चाहिए।

यह भी पढ़ें- लुधियाना में 22 दिन बाद फिर धंसी सड़क, हादसे का खतरा बढ़ा; नगर निगम की कार्यप्रणाली पर उठे गंभीर सवाल

अकाली दल-भाजपा गठजोड़ पर भी निशाना

प्रेस कान्फ्रेंस में धालीवाल ने शिरोमणि अकाली दल और भाजपा के बीच दोबारा गठजोड़ की चर्चाओं पर भी सवाल उठाए। उन्होंने बिक्रम सिंह मजीठिया और हरसिमरत कौर बादल से पूछा कि यदि अकाली दल भाजपा के साथ गठजोड़ करता है तो इसकी राजनीतिक वजह और आधार क्या होगा।

धालीवाल ने कहा कि अकाली दल पहले राष्ट्रीय और दिल्ली आधारित पार्टियों के साथ गठजोड़ को लेकर पंजाब के हितों और अधिकारों का मुद्दा उठाता रहा है। ऐसे में भाजपा के साथ दोबारा गठजोड़ की स्थिति में अकाली दल को पंजाब के लोगों के सामने अपना रुख स्पष्ट करना होगा।

उन्होंने भाजपा के वरिष्ठ नेता लाल कृष्ण आडवाणी की पुस्तक का हवाला देते हुए आपरेशन ब्लू स्टार से जुड़े दावों का भी उल्लेख किया। साथ ही किसान आंदोलन का जिक्र करते हुए कहा कि केंद्र की कृषि नीतियों को लेकर पंजाब के किसानों की चिंताओं को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।

गठजोड़ से नहीं बदलेगा पंजाब का रुख

धालीवाल ने दावा किया कि यदि अकाली दल और भाजपा दोबारा साथ आते हैं तो यह गठजोड़ पंजाब और किसानों के हितों के खिलाफ होगा और प्रदेश के लोग इसे स्वीकार नहीं करेंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस, अकाली दल और भाजपा चाहे गठजोड़ करें या सीटों का बंटवारा करके चुनाव लड़ें, आम आदमी पार्टी को इससे कोई खतरा नहीं है।

धालीवाल ने मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व वाली सरकार के कामकाज का हवाला देते हुए दावा किया कि आगामी चुनाव में पंजाब के लोग आम आदमी पार्टी का समर्थन करेंगे।

यह भी पढ़ें- विदेश जाने के लिए 36 लाख गंवाने वाले बरनाला के प्रेमी जोड़े ने निगला जहर, युवती की मौत, युवक की हालत गंभीर