अमृतसर में रात के सन्नाटे में कुत्तों का हमला, 75 वर्षीय बुजुर्ग की दर्दनाक मौत
रिश्तेदार का हाल जानकर घर लौट रहे 75 वर्षीय गुरदीप सिंह पर गली के कुत्तों ने हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल होने से उनकी मौत हो गई। परिवार ने पुलिस क ...और पढ़ें

परिवार ने पुलिस कार्रवाई से इनकार किया।
HighLights
अमृतसर में 75 वर्षीय बुजुर्ग पर आवारा कुत्तों का हमला।
हमले में गुरदीप सिंह की मौके पर ही दर्दनाक मौत।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से आवारा कुत्तों पर कार्रवाई की मांग की।
जागरण संवाददाता, अमृतसर। अमृतसर शहर के इस्लामाबाद क्षेत्र की चौकिया वाली गली में शनिवार देर रात एक दर्दनाक घटना ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। घर लौट रहे 75 वर्षीय गुरदीप सिंह पर गली में घूम रहे आवारा कुत्तों के झुंड ने हमला कर दिया। कुत्तों ने उन्हें बुरी तरह नोच डाला, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पूरे परिवार में मातम पसरा हुआ है।
मृतक गुरदीप सिंह कई वर्षों से टाहली साहिब मार्केट में कपड़ों की दुकान पर काम करते थे। परिवार में उनकी पत्नी सरबजीत कौर, बेटा हरजोत सिंह और दो विवाहित बेटियां हैं। शनिवार शाम वह रोजाना की तरह काम से घर लौटे थे। इसी दौरान उन्हें पता चला कि पिछली गली में रहने वाले एक रिश्तेदार की तबीयत खराब है। रात को खाना खाने के बाद वह उनका हालचाल जानने के लिए घर से निकल गए।
बताया जा रहा है कि रात करीब साढ़े दस बजे जब गुरदीप सिंह रिश्तेदार के घर से वापस लौट रहे थे, तभी गली में घूम रहे पांच से सात आवारा कुत्तों ने उन्हें घेर लिया। उन्होंने खुद को बचाने और वहां से निकलने की कोशिश की, लेकिन कुत्तों ने उन्हें जमीन पर गिरा दिया। इसके बाद सभी कुत्तों ने उन पर हमला कर दिया और गंभीर रूप से घायल कर दिया।
यह भी पढ़ें- बठिंडा में अस्पताल के सामने चल रहा था हुक्का बार, पुलिस ने की अचानक रेड; केस दर्ज
बंद घरों से नहीं मिली सहायता
स्थानीय लोगों के अनुसार, गुरदीप सिंह काफी देर तक मदद के लिए आवाज लगाते रहे, लेकिन भीषण गर्मी के कारण अधिकांश घरों के दरवाजे और खिड़कियां बंद थीं तथा लोग घरों के अंदर थे। उनकी चीखें किसी तक नहीं पहुंच सकीं।
खबरें और भी
कुछ समय बाद जब गली से अन्य लोग गुजरे तो उन्होंने गुरदीप सिंह को खून से लथपथ हालत में पड़ा देखा। तत्काल परिवार को सूचना दी गई। परिजन मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
यह भी पढ़ें- कनाडा भागने की फिराक में था गैंगस्टर, अमेरिका बॉर्डर पर जग्गू भगवानपुरिया गैंग का नितिश कौशल गिरफ्तार
पुलिस कार्रवाई से इनकार
घटना के बाद परिवार ने किसी भी प्रकार की पुलिस कार्रवाई कराने से इनकार कर दिया। रविवार सुबह जब मीडिया कर्मी मौके पर पहुंचे तो परिवार ने कैमरे के सामने आने से भी मना कर दिया। इस दर्दनाक घटना के बाद क्षेत्र के लोगों में आवारा कुत्तों के बढ़ते आतंक को लेकर चिंता बढ़ गई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि गली-मोहल्लों में आवारा कुत्तों की संख्या लगातार बढ़ रही है और पहले भी कई लोगों पर हमले हो चुके हैं। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि ऐसे कुत्तों को पकड़ने और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए तत्काल प्रभावी कदम उठाए जाएं।