Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    तरनतारन में बड़ी डकैती, मां-बेटी को बंधक बना 30 तोले सोना और नकदी उड़ाए; रसोई से गैस वाला चूल्हा भी लूटा

    Updated: Tue, 14 Jul 2026 09:00 AM (IST)

    तरनतारन के नौरंगाबाद गांव में पूर्व सैनिक बलदेव सिंह के घर में घुसकर लुटेरों ने उनकी मां और बेटी को बंधक बना लिया। ...और पढ़ें

    मां-बेटी को बंधक बना 30 तोले सोना और नकदी उड़ाए (प्रतीकात्मक फोटो)

    मां-बेटी को बंधक बना 30 तोले सोना और नकदी उड़ाए (प्रतीकात्मक फोटो)

    HighLights

    1. लुटेरों ने पूर्व सैनिक की मां-बेटी को बंधक बनाया।

    2. 30 तोले सोने के गहने और सवा लाख नकदी लूटी।

    3. डेढ़ घंटे तक घर में रहे लुटेरे, सीसीटीवी डीवीआर भी ले गए।

    जागरण संवाददाता, तरनतारन। विधानसभा हलका खडूर साहिब के गांव नौरंगाबाद में पूर्व सैनिक बलदेव सिंह के घर की दीवार फांदकर घर में दाखिल हुए लुटेरों ने मां-बेटी को बंधक बनाकर लूट की वारदात को अंजाम दिया।

    करीब डेढ़ घंटे तक घर में रहे लुटेरों ने 30 तोले सोने के गहने, सवा लाख की नकदी, बुलेट बाइक व अन्य सामान के अलावा घर में लगे सीसीटीवी कैमरों की डीवीआर चुरा ली और फरार हो गए। थाना सदर की पुलिस मामले की जांच कर रही है।

    अटारी-कपूरथला मार्ग स्थित गांव नौरंगाबाद निवासी बलदेव सिंह करीब दो माह पूर्व सेना से सेवानिवृत्त हुए थे। वह रविवार को घरेलू काम के सिलसिले में घर से बाहर गए हुए थे। रात तक वह नहीं लौटे। पत्नी बलजिंदर कौर अपनी विवाहित बेटी अनमोलदीप कौर व दोहती समेत खाना खाकर रात साढ़े नौ बजे एक कमरे में सो गए।

    घर की बाहरी दीवार फांदकर तीन लुटेरे घर में दाखिल हुए

    रात 11 बजे घर की बाहरी दीवार फांदकर तीन लुटेरे घर में दाखिल हुए और घर की रसोई में जाकर छिप गए। बलजिंदर कौर पानी लेने कमरे से बाहर निकली तो लुटेरों ने उसे घेरा व कमरे में ले गए और वहां सो रही अनमोलदीप कौर के साथ बलजिंदर कौर को भी बांध दिया।

    पीड़िता के मुताबिक लुटेरों ने पूर्व सैनिक बलदेव सिंह की पगड़ी लेकर दोनों (मां-बेटी) को बांधा। अनमोलदीप कौर की पांच वर्षीय बेटी डर के मारे रोती रही। लुटेरों ने करीब डेढ़ घंटे तक घर में रहते सभी कमरों की तलाशी ली।

    खबरें और भी

    रसोई से गैस वाला चूल्हा भी लूटा

    अलमारी से 30 तोले सोने के गहने, सवा लाख की नकदी, बुलेट बाइक, तीन मोबाइल, कीमती घड़ियां, रसोई से गैस वाला चूल्हा व घर में लगे सीसीटीवी कैमरों की डीवीआर भी लूटकर ले गए। बलजिंदर कौर ने बताया कि सुबह होते ही पुलिस को सूचित किया गया। थाना सदर से एएसआइ इंद्रजीत सिंह मौके पर पहुंचे व कार्रवाई का भरोसा दिया।

    डीएसपी हरिंदर सिंह ने कहा कि लुटेरों की पहचान लिए हरसंभव प्रयास किया जा रहा है। पूर्व सैनिक बलदेव सिंह द्वारा बयान दर्ज करवा दिए गए हैं। आरोपितों को जल्द दबोच लिया जाएगा।