नाबालिगों को लालच देकर बहका रहे विदेश में बैठे तस्कर! चार आरोपी गिरफ्तार, अमृतसर में 16 आधुनिक पिस्टल रिकवर
कमिश्नरेट पुलिस ने विदेश में बैठे हैंडलर्स से जुड़े दो हथियार तस्करी गिरोहों का पर्दाफाश कर दो नाबालिगों सहित चार तस्करों को 16 अत्याधुनिक पिस्तौलों व कारतूसों संग गिरफ्तार किया।

ये प्रतीकात्म्क तस्वीर है।
HighLights
अमृतसर में 16 पिस्तौल के साथ 4 आरोपी गिरफ्तार।
गिरफ्तार आरोपियों में दो नाबालिग भी शामिल हैं।
विदेश में बैठे तस्करों ने नाबालिगों को बहकाया।
जागरण संवाददाता, अमृतसर। पंजाब के अमृतसर में पुलिस ने 16 पिस्टल्स के साथ 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों में दो नाबालिग हैं। सभी को पैसों का लालच देकर हैंडलर बनाया गया और उन्हें इस तस्करी के दलदल में धकेला गया। विदेश में बैठे तस्कर अब नाबालियों को बहका रहे हैं, ताकि अपने मनसूबों को अंजाम दे सकें। पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ जारी है।
डीजीपी पंजाब गौरव यादव ने जानकारी दी कि पूरी जानकारी शुरुआती जांच में सामने आई है। बरामद किए गए अत्याधुनिक हथियार सीमा पार से ड्रोन के जरिए गिराए गए थे। इन अवैध हथियारों को एक सुनियोजित और संगठित नेटवर्क के माध्यम से आपराधिक तत्वों और असामाजिक तत्वों तक पहुंचाया जाना था।
समय रहते पुलिस द्वारा की गई इस प्रभावी कार्रवाई से राज्य में एक बड़ी संभावित आपराधिक घटना को टाल दिया गया है।
यह भी पढ़ें- मुख्यमंत्री ने पंजाबवासियों को सौंपी 100 मिनी बसों का तोहफा, 9 डिपो से सेवा शुरू; रूरल नेटवर्क को मिलेगी रफ्तार

पुलिस की तरफ से रिकवर हथियार।
दो अलग-अलग थानों में मामले दर्ज
बरामदगी और गिरफ्तारी के संबंध में स्थानीय कैंटोनमेंट और गेट हकीमा पुलिस स्टेशनों में संबंधित धाराओं के तहत अलग-अलग एफआईआर दर्ज कर ली गई हैं। पकड़े गए आरोपियों में दो नाबालिग शामिल हैं, जिन्हें गिरोह के मुख्य सरगनाओं द्वारा मोहरे के रूप में इस्तेमाल किया जा रहा था। पुलिस प्रशासन इस बात की भी गहनता से जांच कर रहा है कि इन नाबालिगों को इस अवैध धंधे में किस तरह शामिल किया गया।
यह भी पढ़ें- राहुल गांधी की 'हिसाब मांगो रैली', संगरूर से होगा चुनावी आगाज; केसी वेणुगोपाल बोले- बदलाव चाहते हैं लोग
आगे-पीछे के लिंक खंगालने में जुटी पुलिस
पुलिस की विशेष टीमें अब इस पूरे नेटवर्क के पीछे छिपे अन्य मुख्य सदस्यों की पहचान करने में जुटी हैं। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, जांच का मुख्य उद्देश्य हथियारों के सप्लाई प्वाइंट और इन्हें हासिल करने वाले अंतिम खरीदारों के बीच के पूरे गठजोड़ को उजागर करना है। आरोपियों से पूछताछ के आधार पर छापेमारी जारी है और जल्द ही इस मामले में कुछ और अहम गिरफ्तारियां होने की संभावना जताई जा रही है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।