विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

श्री करतारपुर साहिब गलियारा खोलने की मांग तेज, आज भारत-पाकिस्तान सरहद पर संगत करेगी अरदास, निकलेगा नगर कीर्तन

Published: Mon, 21 Sep 2026 11:38 AM (IST)

करतारपुर साहिब गलियारा जल्द खोलने की मांग को लेकर भारत और पाकिस्तान की सिख संगत जीरो लाइन पर अरदास करेगी। पाकिस्तान से नगर कीर्तन भी पहुंचाया जाएगा।

पाकिस्तान स्थित श्री करतारपुर साहिब गुरुद्वारा।

पाकिस्तान स्थित श्री करतारपुर साहिब गुरुद्वारा।

HighLights

  1. भारत-पाक सिख संगत करतारपुर गलियारा खोलने की मांग करेगी।

  2. पाकिस्तान से गुरुद्वारा श्री करतारपुर साहिब तक नगर कीर्तन निकलेगा।

  3. जीरो लाइन पर दोनों देशों की संगत सामूहिक अरदास में शामिल होगी।

जागरण संवाददाता, अमृतसर। श्री करतारपुर साहिब गलियारा जल्द खोलने की मांग को लेकर भारत और पाकिस्तान की सिख संगत सोमवार को जीरो लाइन पर एकत्रित होकर अरदास करेगी। पाकिस्तान सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी की ओर से गुरुद्वारा श्री करतारपुर साहिब से जीरो लाइन तक नगर कीर्तन निकाला जाएगा। दोनों देशों की संगत अपने-अपने स्थान पर धार्मिक समागम में शामिल होगी।

इस दौरान रहिरास साहिब का पाठ, गुरबाणी कीर्तन और गलियारा जल्द खोलने के लिए सामूहिक अरदास की जाएगी। जानकारी के अनुसार, पाकिस्तान की ओर से नगर कीर्तन गुरुद्वारा श्री करतारपुर साहिब से जीरो लाइन तक लाया जाएगा। लहंदे पंजाब की सिख संगत की ओर से नगर कीर्तन धार्मिक श्रद्धा और भावना के साथ सजाया जा रहा है।

यह भी पढ़ें- होशियारपुर में पूर्व मंत्री के दामाद के घर लूट, परिवार को बंधक बना की मारपीट; कैश और गहने लेकर लुटेरे हुए फरार

शाम 5.30 बजे पहुंचेगी संगत

भारतीय समय के अनुसार शाम पांच बजे नगर कीर्तन के जीरो लाइन पर पहुंचने की जानकारी दी गई है। वहीं, भारत की ओर से आयोजित समागम में शाम 5:30 बजे संगत के पहुंचने की अपील की गई है। दोनों देशों की संगत अपनी-अपनी सीमा पर धार्मिक पाठ और कीर्तन में शामिल होगी।

जीरो लाइन पर पहुंचने के बाद गुरु साहिब के समक्ष अरदास की जाएगी। इसमें श्री करतारपुर साहिब गलियारा जल्द खोलने की मांग रखी जाएगी, ताकि दोनों देशों की सिख संगत पहले की तरह श्री गुरु नानक देव जी के पावन स्थान श्री दरबार साहिब, श्री करतारपुर साहिब के दर्शन कर सके।

जत्थेदार पहुंचेंगे सरहद पर

श्री अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार ज्ञानी कुलदीप सिंह गड़गज्ज भारत की ओर से डेरा बाबा नानक स्थित जीरो लाइन पर पहुंचेंगे। इस दौरान भारत और पाकिस्तान की सिख संगत अपने-अपने देशों की सीमा पर रहिरास साहिब के पाठ और शब्द कीर्तन के बाद गलियारा जल्द खोलने के लिए अरदास करेगी।

धार्मिक समागम के माध्यम से संगत की ओर से श्री करतारपुर साहिब के दर्शन दोबारा शुरू करवाने की मांग उठाई जाएगी। दोनों देशों की संगत की धार्मिक भावनाओं और आस्था को ध्यान में रखते हुए गलियारा खोलने की अपील की जा रही है।

यह भी पढ़ें- Punjab Weather 21st September: मानसून ने इस बार किया निराश, 39 प्रतिशत कम बारिश; बढ़ेगा दिन का तापमान

संगत से अधिक संख्या में पहुंचने की अपील

जत्थेदार ज्ञानी कुलदीप सिंह गड़गज्ज ने डेरा बाबा नानक और सीमा क्षेत्र की समूची सिख संगत से सोमवार शाम जीरो लाइन पर पहुंचने की अपील की है। उन्होंने भारतीय समयानुसार शाम 5:30 बजे श्री करतारपुर साहिब गलियारे के निकट पहुंचकर समागम और अरदास में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने का आह्वान किया है।

यह भी पढ़ें- नशे के खिलाफ BJP का शंखनाद! आज बठिंडा से 'नशा मुक्त पंजाब यात्रा' को हरी झंडी दिखाएंगे शिवराज सिंह चौहान