सावधान! स्टॉप लाइन या जेब्रा क्रॉसिंग पार की तो कटेगा ऑनलाइन चालान, अमृतसर में आज कैमरे रखेंगे नजर
अमृतसर में ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन पर अब ऑनलाइन चालान काटे जाएंगे। करीब 1300 सीसीटीवी कैमरों की मदद से स्टॉप ...और पढ़ें

अमृतसर के लॉरेंस रोड पर जेब्रा लाइन क्रॉस कर खड़े वाहन।
HighLights
अमृतसर में ऑनलाइन ट्रैफिक चालान प्रणाली लागू हुई।
1300 सीसीटीवी कैमरे नियमों के उल्लंघन पर नजर रखेंगे।
स्टॉप लाइन या जेब्रा क्रॉसिंग पार करने पर चालान।
जागरण संवाददाता, अमृतसर। अमृतसर में ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के लिए अब सावधान रहने का समय आ गया है। अमृतसर ट्रैफिक पुलिस ने आज से ऑनलाइन चालान प्रणाली को लागू कर दिया है। इसके तहत ट्रैफिक सिग्नलों और प्रमुख चौकों पर लगे लगभग 1300 सीसीटीवी कैमरों की मदद से नियम तोड़ने वालों पर नजर रखी जाएगी।
आज से उल्लंघन होने पर स्वचालित रूप से ऑनलाइन चालान जारी किया जाएगा। इस संबंध में अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (यातायात) अमनदीप कौर ने बताया कि इस व्यवस्था को पहले परीक्षण आधार पर शुरू किया गया था औ अब इसे पूरी तरह लागू कर दिया गया है। उन्होंने वाहन चालकों से अपील की कि वे ट्रैफिक सिग्नलों पर निर्धारित स्टॉप लाइन और जेब्रा क्रॉसिंग के पीछे ही अपने वाहन रोकें।
यातायात पुलिस के अनुसार यदि कोई वाहन चालक स्टॉप लाइन पार करता है या जेब्रा क्रॉसिंग पर वाहन खड़ा करता है तो उसका ऑनलाइन चालान स्वतः दर्ज हो जाएगा।
यह भी पढ़ें- सीमा सुरक्षा को लेकर चंडीगढ़ में उच्च स्तरीय बैठक; CISF के टॉप कमांडर्स ने बनाई रणनीति, हवाई अड्डा क्षेत्रों पर फोकस
1300 हाईटैक कैमरे रखेंगे नजर
शहर में स्थापित तकरीबन 1300 कैमरे आधुनिक कैमरे दूर से ही वाहन नंबर पढ़ने और ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन की पहचान करने में सक्षम हैं। इससे पूरी चालान प्रक्रिया बिना किसी मानवीय हस्तक्षेप के संचालित की जा सकेगी।
यातायात पुलिस का मानना है कि नई व्यवस्था लागू होने से सड़क सुरक्षा को बढ़ावा मिलेगा और वाहन चालकों में ट्रैफिक नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ेगी। साथ ही चौकों पर लगने वाले जाम और अव्यवस्था को भी काफी हद तक नियंत्रित किया जा सकेगा।
यह भी पढ़ें- 2027 से पहले AAP का शक्ति प्रदर्शन, निकाय चुनाव में दबदबा बरकरार; कांग्रेस दूसरे स्थान पर, विपक्षी दल पीछे छूटे
जानें किन 7 चौको पर शुरू हुआ ई-चालान
अधिकारियों के अनुसार शुरुआती चरण में यह प्रणाली शहर के कुछ प्रमुख चौकों पर लागू की जाएगी। इनमें नोवेल्टी चौक, क्रिस्टल चौक, न्यू रियाल्टो चौक, रेलवे स्टेशन के आसपास का क्षेत्र, भंडारी पुल और क्वींस रोड क्षेत्र शामिल हैं। इन स्थानों पर ट्रैफिक दबाव अधिक होने के कारण नियमों के उल्लंघन की घटनाएं भी ज्यादा सामने आती हैं।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि यह कदम लोगों को परेशान करने के लिए नहीं, बल्कि सुरक्षित और व्यवस्थित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए उठाया गया है। ऐसे में वाहन चालकों को सलाह दी गई है कि वे ट्रैफिक संकेतों का पालन करें और स्टॉप लाइन तथा जेब्रा क्रॉसिंग का सम्मान करें, ताकि अनावश्यक चालान से बचा जा सके।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।