'पंजाब के हकों पर स्पष्टता के बिना BJP से गठबंधन नहीं', पुनर्सुरजीत अकाली दल ने किया साफ; सामने रखी अपनी मांग
पुनर्सुरजीत अकाली दल ने भाजपा के साथ गठबंधन के लिए पंजाब और पंथक मुद्दों पर केंद्र की स्पष्ट नीति को शर्त बताया है।
-1788089047329_m.webp)
पंजाब के हकों पर स्पष्टता के बिना BJP से गठबंधन नहीं। फोटो जागरण
HighLights
गठबंधन से पहले पंजाब के अधिकारों पर केंद्र की नीति स्पष्ट हो।
चंडीगढ़, बंदी सिंहों की रिहाई, पानी के अधिकार प्रमुख मांगें।
युवाओं के लिए शिक्षा, रोजगार के अवसर बढ़ाना पार्टी का लक्ष्य।
जागरण संवाददाता, अमृतसर। पंजाब और पंथक मुद्दों को लेकर पुनर्सुरजीत अकाली दल ने अपना रुख स्पष्ट करते हुए कहा है कि पंजाब के अधिकारों से जुड़े प्रमुख मुद्दों पर केंद्र की स्पष्ट नीति सामने आए बिना भाजपा के साथ किसी गठबंधन पर विचार नहीं किया जाएगा।
पार्टी के वरिष्ठ नेता करनैल सिंह पीर मोहम्मद ने अमृतसर में आयोजित प्रेस काफ्रेंस में कहा कि राजनीतिक समझौते से पहले पंजाब के हितों और पंथक मांगों को लेकर स्पष्टता जरूरी है। मौजूदा समय में पार्टी को भाजपा के साथ गठबंधन की कोई तत्काल आवश्यकता नहीं है।
यदि भाजपा या केंद्र सरकार अकाली दल के साथ किसी तरह का राजनीतिक समझौता करना चाहती है तो उसे पहले पंजाब और पंथक मुद्दों पर अपना स्पष्ट दृष्टिकोण सामने रखना होगा।
उन्होंने कहा कि पार्टी की प्रमुख मांगों में चंडीगढ़ पर पंजाब का अधिकार बहाल करना, अपनी सजा पूरी कर चुके बंदी सिंहों की रिहाई, रिपेरियन कानून के अनुसार पंजाब के पानी पर राज्य का अधिकार सुनिश्चित करना और पंजाबी भाषी क्षेत्रों को पंजाब में शामिल करना शामिल है। इन मुद्दों पर किसी भी तरह का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।
गठबंधन से पहले ठोस और स्पष्ट नीति सामने आनी चाहिए
पीर मोहम्मद ने कहा कि पंजाब के अधिकारों से जुड़े सवाल केवल राजनीतिक मुद्दे नहीं, बल्कि राज्य के भविष्य से संबंधित हैं। इसलिए किसी भी गठबंधन से पहले इन मामलों पर ठोस और स्पष्ट नीति सामने आनी चाहिए।
उन्होंने दावा किया कि शिरोमणि अकाली दल बादल और आम आदमी पार्टी समेत विभिन्न राजनीतिक दलों से जुड़े कार्यकर्ता, पंच-सरपंच और नेता पार्टी अध्यक्ष ज्ञानी हरप्रीत सिंह के नेतृत्व में पुनर्सुरजीत अकाली दल के साथ जुड़ रहे हैं।
पार्टी का लक्ष्य पंजाबियों को राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर एकजुट करना है। इसके लिए जात-पात और ऊंच-नीच से ऊपर उठकर दलित समुदाय सहित सभी वर्गों के पंजाबियों को एक मंच पर लाने के प्रयास किए जा रहे हैं। युवाओं को पंजाब में शिक्षा और रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध करवाने की जरूरत है।
पलायन को रोकने में मिलेगी मदद
इसके लिए प्रदेश में क्षेत्रीय विश्वविद्यालय और स्किल सेंटर स्थापित किए जाने चाहिए। इससे युवाओं को अपने राज्य में ही बेहतर भविष्य बनाने के अवसर मिलेंगे और विदेशों की ओर होने वाले पलायन को रोकने में मदद मिलेगी।
इस अवसर पर जिला जत्थेदार दिलजिंदर बीर सिंह विर्क, मधुपाल सिंह गोगा, हरजीत सिंह पुरेवाल सहित पार्टी के अन्य नेता और कार्यकर्ता मौजूद थे।
