विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अल्टीमेटम खत्म होते ही अमृतसर-फिरोजपुर में रेलवे ट्रैक पर डटे किसान, ट्रेनों के बदले रूट; यात्री परेशान

Published: Thu, 17 Sep 2026 12:44 PM (IST)Updated: Thu, 17 Sep 2026 02:35 PM (IST)

सरकार की ओर से जवाब न मिलने पर किसान मजदूर मोर्चा ने देवीदासपुरा में रेल ट्रैक पर धरना शुरू कर ...और पढ़ें

HighLights

  1. किसान मजदूर मोर्चा ने देवीदासपुरा में रेल ट्रैक पर धरना दिया।

  2. सरकार से जवाब न मिलने पर रेल रोको आंदोलन शुरू।

  3. अमृतसर में रेल यातायात प्रभावित, डीसी किसानों को मनाने पहुंचे।

जागरण संवाददाता, अमृतसर। किसान मजदूर मोर्चा ने अपनी मांगों को लेकर वीरवार को अमृतसर के गांव देवीदासपुरा और फिरोजपुर में मल्लांवाला रेलवे ट्रैक पर धरना शुरू कर दिया। मोर्चा की ओर से सरकार को दोपहर 12 बजे तक मांगों पर सकारात्मक फैसला लेने का अल्टीमेटम दिया गया था। निर्धारित समय तक सरकार की ओर से कोई जवाब नहीं मिलने के बाद किसानों ने रेल रोको आंदोलन शुरू कर दिया।

मोर्चा के सदस्य बड़ी संख्या में रात को ही देवीदासपुरा पहुंच गए थे। किसान नेताओं का कहना था कि वे अंतिम समय तक सरकार के जवाब का इंतजार कर रहे थे। उम्मीद थी कि सरकार उनकी मांगों पर विचार करते हुए कोई निर्णय लेगी, लेकिन दोपहर 12 बजे तक कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर रेल ट्रैक पर धरना शुरू करने का फैसला लिया गया। जिसके बाद ट्रेनों पर असर दिखने लगा है।

यह भी पढ़ें- श्री हरिमंदिर साहिब में पीएम मोदी की लंबी उम्र के लिए हुई अरदास, भाजपा राष्ट्रीय महासचिव ने टेका माथा

firozpur protest

फिरोजपुर में धरने पर बैठे किसान।

एक दिन पहले हुई थी अहम बैठक

इससे पहले बुधवार को किसान मजदूर मोर्चा चैप्टर पंजाब की अहम बैठक किसान मजदूर संघर्ष कमेटी के कार्यालय में हुई थी। बैठक के बाद किसान नेताओं ने स्पष्ट किया था कि यदि सरकार ने उनकी मांगों को नहीं माना तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा तथा रेल रोको आंदोलन शुरू किया जाएगा।

किसान नेताओं ने कहा कि सरकार को कई बार अपनी मांगों से अवगत करवाया जा चुका है, लेकिन अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इसी के विरोध में अब रेल ट्रैक पर धरना शुरू किया गया है।

यह भी पढ़ें- PLPA डीलिस्टेड जमीन मामलों में पंजाब सरकार लाएगी सिंगल सर्कुलर, आवेदकों को मिलेगी राहत

DC amritsar

जंडियाला गुरु में रेलवे फाटक देवीदास पूरा के समीप किसान मजदूर मोर्चा के सदस्य डीसी दलविंदर जीत सिंह के साथ बैठक करते हुए ।

ट्रेनों पर दिखने लगा असर

अमृतसर-नई दिल्ली रेलवे ट्रैक पर जंडियाला गुरु स्टेशन के पास देवीदासपुरा में किसान ट्रैक पर बैठने के बाद ट्रेनों पर इसका असर दिखा है। जिससे अमृतसर-न्यूजलपाईगुड़ी एक्सप्रेस साप्ताहिक, अमृतसर-जयनगर शहीद एक्सप्रेस, नंगल डैम एक्सप्रेस और अमृतसर-कादियां को तरन तारन रास्ते रवाना किया जाएगा।

जबकि, अमृतसर न्यू दिल्ली के बीच चलती शान-ए- पंजाब एक्सप्रेस को ब्यास से शॉर्ट टर्मिनेट कर दिया गया है। उसे ब्यास से ही वापस न्यू दिल्ली के लिए रवाना करने का फैसला लिया गया है।

किसानों की प्रमुख मांगें:

  • न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP): फसलों के लिए केरल की तर्ज पर न्यूनतम समर्थन मूल्य की गारंटी दी जाए।

  • भूमि के अधिकार: खेती करने वाले किसानों को जमीन पर स्थायी मालिकाना हक प्रदान किया जाए।

  • कर्ज मुक्ति: किसानों और मजदूरों के कर्ज पूरी तरह से माफ किए जाएं।

  • मुआवजा: बाढ़ से प्रभावित किसानों को हुए नुकसान का तुरंत मुआवजा दिया जाए।

  • भूमि अधिग्रहण पर रोक: भूमि पूलिंग नीति को वापस लिया जाए और कृषि भूमि के जबरन अधिग्रहण पर तुरंत रोक लगाई जाए।

  • बिजली और मीटर नीति: बिजली संशोधन विधेयक 2025 को वापस लिया जाए और स्मार्ट मीटर लगाने की प्रक्रिया को रोका जाए।

  • गन्ने का बकाया: गन्ने का लंबित भुगतान जल्द से जल्द जारी किया जाए।

  • भ्रष्टाचार व नशे पर कार्रवाई: नशा तस्करों और सरकारी कार्यालयों में फैले भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए।

  • रोजगार: युवाओं के लिए नए रोजगार के अवसर पैदा किए जाएं।

  • व्यापार समझौता: प्रस्तावित भारत-अमेरिका व्यापार समझौते को वापस लिया जाए।

यह भी पढ़ें- पंजाब के सरकारी स्कूलों की अब सोशल मीडिया पर भी होगी पहचान, उपलब्धियों और गतिविधियों को करना होगा शेयर