अमृतसर की हेरिटेज स्ट्रीट पर SGPC की बसों में तोड़फोड़, शीशे टूटे; गोली चलने की आशंका से पुलिस जांच तेज
अमृतसर की हेरिटेज स्ट्रीट पर एसजीपीसी की बसों में देर रात तोड़फोड़ की गई। शीशे और अन्य हिस्से क्षतिग्रस्त मिले। गोली चलने की आशंका की भी जांच हो रही है।

एसजीपीसी के वाहन के टूटे शीशे।
HighLights
SGPC की बसों में हेरिटेज स्ट्रीट पर तोड़फोड़ हुई।
बसों के शीशे टूटे, गोली चलने की आशंका भी।
पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगालकर संदिग्धों की तलाश में।
जागरण संवाददाता, अमृतसर। श्री हरिमंदिर साहिब के पास हेरिटेज स्ट्रीट पर खड़ी शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी की बसों को बुधवार देर रात कुछ लोगों ने निशाना बना लिया। आरोप है कि लोगों ने बसों में तोड़फोड़ की, जिससे उनके शीशे और अन्य हिस्से क्षतिग्रस्त हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
इन बसों का इस्तेमाल संगत को विभिन्न ऐतिहासिक और धार्मिक गुरुधामों के दर्शन करवाने के लिए किया जाता है। हेरिटेज स्ट्रीट पर बसें अक्सर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए खड़ी रहती हैं। घटना के बाद क्षेत्र में काफी देर तक हलचल बनी रही।
पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में कुछ लोग बसों के आसपास घूमते और उनमें तोड़फोड़ करते दिखाई देने की बात सामने आई है। पुलिस अब इन लोगों की पहचान करने का प्रयास कर रही है।
यह भी पढ़ें- अमृतसर पहुंचे सुनील शेट्टी ने चखा खास आम पापड़, पत्नी संग बाजार में दिखा अभिनेता का देसी अंदाज; Video वायरल
शीशे टूटे, कई हिस्से क्षतिग्रस्त
घटना के बाद बसों के कई शीशे टूटे हुए मिले। कुछ अन्य हिस्सों को भी नुकसान पहुंचा है। इसी दौरान बसों पर गोली चलाए जाने की आशंका भी सामने आई है। हालांकि, पुलिस ने अभी गोली चलने की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
यह भी पढ़ें- लुधियाना के होटल पार्क प्लाजा पर बैंक की कार्रवाई, पुलिस तैनात; कमरों और लाउंज को सील करने की प्रक्रिया शुरू
सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस
पुलिस घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामले की जांच कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि बसों को किसने और किस उद्देश्य से निशाना बनाया।
घटना के बाद हेरिटेज स्ट्रीट और आसपास के क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी पुलिस सतर्क हो गई है। फिलहाल पुलिस संदिग्धों की पहचान और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच में जुटी है।
एसजीपीसी प्रधान ने की निंदा
शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (SGPC) के अध्यक्ष एडवोकेट हरजिंदर सिंह धामी ने श्री हरिमंदिर साहिब आने वाली संगत के लिए चलाई जा रही बसों में हुई तोड़फोड़ की कड़े शब्दों में निंदा की है।
उन्होंने इस घटना को दुखद और निंदनीय मानसिकता का प्रतीक बताते हुए कहा कि यह संगत की सुविधाओं में बाधा डालने का प्रयास है। एसजीपीसी अपने स्तर पर मामले की जांच कर रही है। धामी ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं न हों और श्रद्धालुओं के लिए बस सेवाएं सुचारू रूप से जारी रह सकें।
