Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    तस्करों की गोलीबारी से दहला तरनतारन, 3 साल की बच्ची और पुलिसकर्मी घायल; पुलिस की तलाश जारी

    Updated: Sun, 02 Aug 2026 08:51 AM (IST)

    तरनतारन के मुरादपुरा में नशा तस्करों के दो गुटों के बीच गोलीबारी में तीन वर्षीय बच्ची, एक पुलिस कांस्टेबल और एक तस्कर घायल हो गए। ...और पढ़ें

    तस्करों की गोलीबारी से दहला तरनतारन (फोटो: जागरण)

    तस्करों की गोलीबारी से दहला तरनतारन (फोटो: जागरण)

    HighLights

    1. नशा तस्करों के दो गुटों में हुई भीषण गोलीबारी।

    2. तीन वर्षीय बच्ची, पुलिसकर्मी और एक तस्कर घायल।

    3. पुलिस ने आरोपितों की पहचान कर तलाश शुरू की।

    जागरण संवाददाता, तरनतारन। नशे के गढ़ के रूप में चर्चित मुरादपुरा क्षेत्र में शनिवार शाम नशा तस्करों के दो गुटों के बीच आपसी रंजिश के चलते हुई गोलीबारी में गली में खेल रही तीन वर्षीय बच्ची घायल हो गई।

    सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस का भी तस्करों से सामना हो गया। दोनों ओर से हुई फायरिंग में पंजाब पुलिस के कांस्टेबल भूपिंदर सिंह और एक नशा तस्कर भी घायल हो गए।

    पुलिस ने पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर आरोपितों की तलाश शुरू कर दी है। एसएसपी सुरेंद्र लांबा ने घटनास्थल का दौरा कर बताया कि तस्करों की पहचान कर ली गई है और उन्हें जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

    अनाज मंडी में आमने-सामने आने का समय किया था तय

    जानकारी के अनुसार, मुरादपुरा के दो प्रतिद्वंद्वी गुटों ने अनाज मंडी में आमने-सामने आने का समय तय किया था। शाम करीब साढ़े सात बजे दोनों गुट पहुंचे और उनके बीच करीब 12 से 14 राउंड गोलियां चलीं। एक गुट के सदस्य भागने लगे तो दूसरे गुट ने उनका पीछा करते हुए फायरिंग जारी रखी।

    इसी दौरान गली में खेल रही तीन वर्षीय पूजा के बाजू में गोली लग गई। सूचना पर थाना सिटी पुलिस मौके पर पहुंची तो तस्करों से आमना-सामना हो गया। मुठभेड़ के दौरान कांस्टेबल भूपिंदर सिंह और एक तस्कर घायल हो गए।

    घायल बच्ची के माता-पिता सुनीता और नंदन कुमार ने बताया कि घटना के समय गली में 10 से 12 बच्चे खेल रहे थे। उनका आरोप है कि दो दिन पहले भी क्षेत्र में तस्करों के बीच विवाद हुआ था। स्थानीय लोगों ने पुलिस से पीसीआर तैनात करने की मांग की थी, लेकिन सुरक्षा व्यवस्था नहीं बढ़ाई गई।

    सिविल अस्पताल के एसएमओ डॉ. सुरिंदर कुमार ने बताया कि बच्ची का इलाज इमरजेंसी वार्ड में चल रहा है और उसकी हालत खतरे से बाहर है। घटना की सूचना मिलते ही एसएसपी सुरेंद्र लांबा, एसपी (इन्वेस्टिगेशन) डा. रिपुतन सिंह, डीएसपी (सिटी) सुखबीर सिंह समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और क्षेत्र की नाकाबंदी करवाई।

    खबरें और भी

    23 जुलाई को भी हुई तस्करों में फायरिंग

    यह पहली घटना नहीं है। 23 जुलाई को भी अनाज मंडी में नशा तस्करों के दो गुटों के बीच हुई गोलीबारी में दो राहगीर घायल हुए थे। उस मामले में पुलिस ने शिअद से जुड़े पार्षद शाम सिंह मुरादपुरा, उनके बेटे जश्नदीप सिंह उर्फ जश्न और करण यूपी समेत अन्य के खिलाफ मामला दर्ज किया था। इससे करीब दो माह पहले भी इसी क्षेत्र में गोलीबारी हुई थी।

    आरोपितों पर सख्त कार्रवाई होगी: एसएसपी सुरेंद्र लांबा

    एसएसपी सुरेंद्र लांबा ने कहा कि क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के आधार पर आरोपितों की पहचान की जा रही है। उन्होंने कहा कि नशा तस्करों और बदमाशों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी तथा कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।