विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बरनाला में सिंगर गुलाब सिद्धू के घर फायरिंग करने वाले शूटरों की पुलिस से हुई मुठभेड़, एक की टांग पर लगी गोली

Published: Tue, 22 Sep 2026 12:14 PM (IST)Updated: Tue, 22 Sep 2026 03:50 PM (IST)

पंजाबी गायक के घर फायरिंग करने वाले आरोपियों और पुलिस के बीच मुठभेड़ हो गई। जवाबी कार्रवाई में मुख्य शूटर ...और पढ़ें

HighLights

  1. गायक गुलाब सिद्धू के घर फायरिंग मामले में चार गिरफ्तार।

  2. पुलिस मुठभेड़ में दो आरोपियों को टांग में गोली लगी।

  3. आरोपियों के विदेशी आपराधिक तत्वों से संबंध सामने आए।

हेमंत राजू, बरनाला। पंजाबी गायक गुलाब सिंह सिद्धू की गांव फरवाही स्थित रिहायश के बाहर फायरिंग करने के मामले में बरनाला पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आरोपितों को गिरफ्तार करने का दावा किया है। यह जानकारी डीआईजी पटियाला रेंज कुलदीप सिंह चाहल, एसएसपी मोहम्मद सरफराज आलाम, एसपीडी संजीव गाेयल व अन्य पुलिस कर्मचारियों ने प्रेस कान्फ्रेंस के दौरान डीसी काम्प्लेक्स बरनाला में प्रेस नोट जारी कर दी।

पुलिस के अनुसार, 12/13 सितंबर 2026 की दरमियानी रात गायक की रिहायश के मेन गेट पर मोटरसाइकिल सवारों द्वारा फायरिंग की गई थी। इस संबंध में थाना सदर बरनाला में मामला दर्ज किया गया था। मामले की जांच के लिए बरनाला पुलिस और काउंटर इंटेलिजेंस की टीमों ने संयुक्त रूप से कार्रवाई शुरू की। जांच के दौरान पुलिस टीमों ने अलग-अलग स्थानों से चार आरोपितों को गिरफ्तार किया।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपितों से एक अर्टिगा कार (पीबी-11 डीसी 6753), एक 32 बोर पिस्तौल व दो कारतूस व एक बिना नंबर की मोटरसाइकिल बरामद की गई। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपितों में गुरविंदर सिंह उर्फ शक्तिमान निवासी गागा संगरूर, गुरप्रीत सिंह उर्फ बाबा निवासी लहरागागा जिला संगरूर, रमनदीप सिंह निवासी संगरूर व गौरव शर्मा निवासी लहरा निवासी शामिल हैं।

यह भी पढ़ें- लुधियाना में कैबिनेट मंत्री संजीव अरोड़ा के घर के पास चोरी करने घुसे चोर, सुरक्षाकर्मी ने चलाई गोली, एक घायल

भागने की कोशिश में की फायरिंग

आरोपितों से पूछताछ के आधार पर पुलिस ने मामले से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच शुरू की। प्रेस नोट के अनुसार, 22 सितंबर 2026 को पुलिस और काउंटर इंटेलिजेंस की टीमें आरोपितों को ट्रेस करने के लिए कार्रवाई कर रही थीं। इस दौरान एक बिना नंबर मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया गया।

पुलिस के अनुसार, दोनों ने भागने की कोशिश की और पीछे बैठे व्यक्ति ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक व्यक्ति की टांग में गोली लगी, जबकि दूसरा मोटरसाइकिल से गिरकर घायल हो गया। दोनों को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया।

यह भी पढ़ें- अकाली दल से नष्कासित पूर्व विधायक रविंदर सिंह ब्रह्मपुरा AAP में शामिल; सीएम मान ने करवाई पार्टी ज्वाइन

आरोपी के खिलाफ पहले भी मामले दर्ज

पुलिस के अनुसार, पूछताछ में फायरिंग करने वाले मुख्य शूटर व उसके साथी की पहचान हुई। पुलिस का कहना है कि आरोपितों के संबंध विदेश में बैठे आपराधिक तत्वों से भी सामने आए हैं और वे किसी अन्य वारदात को अंजाम देने की तैयारी में थे।

इसी तहत पुलिस द्वारा दी गई जानकारी अनुसार उक्त आरोपित गुरविंदर सिंह पर पहले से विभिन्न थानों में पांच मामले दर्ज है।  पुलिस ने बताया कि आरोपितों को अदालत में पेश कर रिमांड लिया जा रहा है। पुलिस के अनुसार, रिमांड के दौरान मामले में शामिल अन्य व्यक्तियों और हथियारों के संबंध में और जानकारी सामने आने की उम्मीद है।

यह भी पढ़ें- मोगा में तेज रफ्तार कार दीवार से टकराकर उड़े परखच्चे, मासूम बच्चे समेत तीन की दर्दनाक मौत, दो गंभीर