बरनाला में तीन युवतियां 50 फीट ऊंची टंकी पर चढ़ीं, शादी का झांसा देकर दुष्कर्म का आरोप; कार्रवाई की मांग
बरनाला में तीन युवतियां न्याय की मांग को लेकर पानी की टंकी पर चढ़ गईं। उन्होंने शादी का झांसा देकर दुष्कर्म के आरोपितों पर कार्रवाई की मांग की।
HighLights
तीन युवतियां बरनाला में 50 फीट ऊंची पानी की टंकी पर चढ़ीं।
शादी का झांसा देकर दुष्कर्म और पुलिस कार्रवाई न होने का आरोप।
न्याय मिलने तक नीचे उतरने से इनकार, अधिकारी बातचीत कर रहे।
जागरण संवाददाता, बरनाला। डीसी परिसर बरनाला में बुधवार सुबह करीब आठ बजे उस समय हड़कंप मच गया, जब तीन युवतियां न्याय की मांग को लेकर पानी की करीब 50 फीट ऊंची टंकी पर चढ़ गईं। युवतियों ने अपने साथ कथित दुष्कर्म और शारीरिक दुर्व्यवहार की शिकायतों पर कार्रवाई न होने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि यदि उन्हें न्याय नहीं मिला तो वे टंकी से छलांग लगाने जैसा कदम उठा सकती हैं।
युवतियों का आरोप है कि उन्होंने करीब एक से तीन महीने पहले अलग-अलग मामलों में आरोपित युवकों के खिलाफ पुलिस को शिकायत दी थी, लेकिन अभी तक उनकी शिकायतों पर अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई। तीनों का कहना है कि आरोपितों ने उन्हें शादी का झांसा देकर लंबे समय तक शारीरिक संबंध बनाए और बाद में शादी से इनकार कर दिया।
मामले की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। युवतियों को सुरक्षित नीचे उतारने के लिए अधिकारियों ने उनसे बातचीत शुरू की। किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए बचाव दल और दमकल विभाग को भी सतर्क किया गया।
यह भी पढ़ें- पंजाब लाए गए बंबीहा गैंग के 3 गुर्गे, मलेशिया में छिपे थे; हत्या-रंगदारी और विस्फोटक मामलों में थे वांटेड

पानी की टंकी पर चढ़ी युवतियां।
तीन अलग-अलग शिकायतें दी
एक युवती ने आरोप लगाया कि सेखा फाटक निवासी युवक करीब दो वर्ष तक शादी का झांसा देकर उसके साथ दुष्कर्म करता रहा। युवती के अनुसार आरोपित अब विदेश चला गया है और उसने दो महीने पहले पुलिस को शिकायत दी थी।
दूसरी युवती ने रायकोट निवासी युवक पर करीब डेढ़ वर्ष तक शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाने का आरोप लगाया। उसका कहना है कि आरोपित शादीशुदा होने के बावजूद उसके घर रिश्ता लेकर गया था। उसने भी करीब दो महीने पहले शिकायत दी थी।
तीसरी युवती ने सहोली निवासी युवक पर कई महीनों तक शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया। उसने कहा कि आरोपित के परिवार को भी इसकी जानकारी थी और उसने करीब तीन महीने पहले पुलिस को शिकायत दी थी।
यह भी पढ़ें- पंजाब कांग्रेस में थमेगा कलह? आज एक साथ होंगे राजा वड़िंग और चरणजीत चन्नी, दिल्ली में राहुल गांधी के साथ होगी बैठक
कार्रवाई के भरोसे पर भी नहीं उतरीं
तीनों युवतियों ने आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की मांग की। पुलिस अधिकारियों ने उन्हें भरोसा दिलाया कि शिकायतों की नियमों के अनुसार जांच कर तथ्यों के आधार पर उचित कार्रवाई की जाएगी। युवतियां अपनी मांग पूरी होने तक टंकी से नीचे उतरने पर अड़ी रहीं।
