कनाडा में बरनाला के युवा की मौत, दोस्त की जान बचाने के चक्कर में नहर में डूबा लवप्रीत
कनाडा के मॉन्ट्रियल में लाशीन नहर में दोस्त को बचाने के प्रयास में बरनाला के तपा निवासी लवप्रीत सिंह की डूबने से मौत हो गई। ...और पढ़ें

मृतक लवप्रीत सिंह (फाइल फोटो)
हेमंत राजू, बरनाला। कनाडा के मान्ट्रियल शहर स्थित लाशीन नहर में डूबने से पंजाब के बरनाला जिले के कस्बा तपा निवासी 26 वर्षीय युवक लवप्रीत सिंह की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि वह अपने दोस्त योगराज सिंह को डूबने से बचाने के प्रयास में स्वयं भी नहर में डूब गया।
हादसे में दोनों युवकों की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, मान्ट्रियल की लाशीन नहर के किनारे दोनों दोस्त मौजूद थे। इसी दौरान योगराज सिंह का पैर फिसल गया और वह नहर में गिर गया। दोस्त को बचाने के लिए लवप्रीत सिंह भी तुरंत नहर में कूद पड़ा, लेकिन तेज बहाव के कारण वह भी डूब गया।
कनाडा प्रशासन ने कई घंटे की मशक्कत के बाद दोनों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया, जहां डाक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतक लवप्रीत सिंह बरनाला जिले के तपा के घुन्नस रोड निवासी तथा पूर्व सीआरपीएफ जवान बलवीर सिंह का इकलौता बेटा था।
वह करीब ढाई वर्ष पहले वर्क परमिट पर कनाडा गया था और मान्ट्रियल में एक कंपनी में ट्राला चालक के रूप में कार्यरत था। स्वजनों ने बताया कि बेटे को विदेश भेजने के लिए परिवार ने करीब 29 लाख रुपये खर्च किए।
खबरें और भी
इसके लिए बलवीर सिंह ने अपनी अधिकांश कृषि भूमि भी बेच दी थी। परिवार को बेटे से बड़े सपने थे, लेकिन इस हादसे ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया। लवप्रीत ने करीब दस दिन पहले ही अपने परिवार से अंतिम बार बातचीत की थी।
मृतक के परिवार में माता-पिता और एक बहन हैं। बेटे की मौत के बाद घर में मातम पसरा हुआ है। परिजनों ने केंद्र सरकार, पंजाब सरकार, कनाडा सरकार, विदेशों में रह रहे एनआरआई तथा समाजसेवियों से अपील की है कि लवप्रीत सिंह का पार्थिव शरीर पंजाब लाने में सहायता की जाए, ताकि उसका अंतिम संस्कार धार्मिक रीति-रिवाजों के अनुसार अपने पैतृक स्थान पर किया जा सके।
पूर्व सीआरपीएफ जवान पिता बलवीर सिंह ने कहा कि बेटे के विदेश जाने के लिए उन्होंने अपनी जमीन तक बेच दी थी। अब परिवार आर्थिक और मानसिक दोनों तरह की कठिन परिस्थितियों से गुजर रहा है और उन्हें सहयोग की आवश्यकता है।
इस दौरान शिरोमणि अकाली दल (अमृतसर) के जिला अध्यक्ष दर्शन सिंह मंडेर ने शोक संतप्त परिवार से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की और पार्थिव शरीर भारत लाने के लिए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
उन्होंने कहा कि यदि पंजाब में युवाओं के लिए पर्याप्त रोजगार के अवसर उपलब्ध हों तो उन्हें मजबूरी में विदेश नहीं जाना पड़े। हादसे में जान गंवाने वाले दूसरे युवक की पहचान योगराज सिंह, निवासी गांव बुताला, नौरंगपुर, जिला अमृतसर के रूप में हुई है।