बठिंडा में जमीन पर कब्जे और नाबालिग से मारपीट का आरोप, AAP सरपंच समेत 6 पर केस दर्ज
बठिंडा के कोठे पिपली गांव में जमीन पर कथित कब्जे और नाबालिग से मारपीट के आरोप में आम आदमी पार्टी के मौजूदा सरपंच समेत छह लोगों पर मामला दर्ज किया गया ...और पढ़ें

मारपीट मामले में AAP सरपंच समेत 6 पर केस दर्ज। सांकेतिक फोटो
HighLights
AAP सरपंच समेत छह पर जमीन कब्जाने का आरोप।
नाबालिग से मारपीट, एम्स बठिंडा में चल रहा इलाज।
पीड़ित परिवार ने मुख्यमंत्री से निष्पक्ष जांच की मांग की।
जागरण संवाददाता, बठिंडा। जिले के गांव मेहराज स्थित कोठे पिपली में जमीन पर कथित कब्जा करने और नाबालिग के साथ मारपीट व छीनाझपटी के आरोप में थाना सिटी रामपुरा पुलिस ने आम आदमी पार्टी के मौजूदा सरपंच समेत छह लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
आरोपितों में कोठे पिपली के सरपंच लक्खा सिंह उर्फ लक्खा पिपली, पंच हरबंस सिंह, ममना सिंह, हरपिंदर सिंह, सतविंदर सिंह तथा ब्लाक प्रधान गुरभजन सिंह शामिल हैं। पुलिस ने शिकायत के आधार पर विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि सभी आरोपित रामपुरा फूल के विधायक के समर्थक है।
पुलिस को दिए बयान में पीड़ित नाबालिग और उसकी मां लवजीत कौर ने आरोप लगाया कि उक्त लोगों ने मिलकर उनकी जमीन पर जबरन कब्जा करने का प्रयास किया। विरोध करने पर नाबालिग के साथ मारपीट की गई, जिससे वह घायल हो गया।
घायल किशोर का उपचार एम्स बठिंडा में चल रहा है। लवजीत कौर ने आरोप लगाया कि घटना से कुछ दिन पहले उन्होंने आरोपितों के खिलाफ वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को शिकायत भी दी थी, लेकिन समय रहते कार्रवाई नहीं हुई।
उनका कहना है कि यदि शिकायत पर पहले कार्रवाई की जाती, तो न तो उनके बेटे के साथ मारपीट होती और न ही जमीन को लेकर विवाद बढ़ता। पीड़िता ने मुख्यमंत्री भगवंत मान और पंजाब के डीजीपी से मामले में निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। साथ ही आरोपितों पर हत्या के प्रयास की धारा जोड़ने, सभी नामजद व्यक्तियों की गिरफ्तारी करने तथा परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की अपील की है।
खबरें और भी
उधर, रामपुरा फूल के डीएसपी मनोज कुमार ने बताया कि मामले में केस दर्ज कर लिया गया है। आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों द्वारा लगातार छापेमारी की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।